30 दिस॰ 2020

अलविदा 2020! तय कीजिएगा कि आप किस ओर खड़े थे ! #2020

अलविदा 2020! तय कीजिएगा कि आप किस ओर खड़े थे !

-मनोहर चमोली ‘मनु’

आज साल 2020 का अंतिम दिन है। याद करने का दस्तूर है। मौका भी है। वैसे, 2020 को मात्र दोष देना...! सिवाय कोसना! यह मक़सद क़तई नहीं है।
दिन, महीने, साल तो हम इंसानों ने तथ्यों, आँकड़ों और उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए गढ़े हैं। देखा जाए तो सूरज अपनी जगह है। कायनात के तमाम हिस्से अपने रूप, गुण, धर्म के हिसाब से बदस्तूर काम करते चले आ रहे हैं। करोड़ों साल से इस धरती के बाशिंदे अपनी आदतों के अनुसार व्यवहार कर रहे हैं। सिवाय, हम मनुष्यों के। हम मनुष्य ही यह भूल गए हैं कि यह धरती हमारी नहीं है। हम इस धरती में मात्र मेहमान हैं। लेकिन हमने इस धरती में मेहमान का धर्म छोड़कर भूस्वामी का रूप अखि़्तयार कर लिया है।
बहरहाल, प्राकृतिक घटनाएं पहले भी घटती थीं और आगे भी घटती रहेंगी। उन घटनाओं का असर हम पर ज़्यादा हो रहा है। कारण? हमने अनाधिकार फैलाव किया है। बेहिसाब सुख-सुविधाओं को बटोरा है। मौज़-मस्ती और आनंद के लिए प्राकृतिक नियमों को तोड़ते हुए नायाब तरीके ईज़ाद किए हैं। यही कारण है कि प्रकृति का नियमित व्यवहार हमारी दिनचर्या को उलटता हुआ प्रतीत होता है।
कौन नहीं जानता! समय तो अपनी चाल से चलता है। पिछले साल भी और आने वाले सालों-साल भी। समय यूँ ही चलेगा। हाँ, तो स्थितियां-परिस्थितियां हमें किसी साल को अच्छा और खराब बताने के लिए बाध्य कर देती हैं।
इतिहास के आइने में हर साल कई अच्छी-बुरी घटनाएं जुड़ती हैं। 2020 की शुरुआत से ही पूरी दुनिया चीन में कोरोना वायरस के कहर को देख-सुन-पढ़ रही थी। किसी ने यह जनवरी 2020 में नहीं सोचा था कि पूरा साल हम भी इस कोरोना से खौफ खाते रहेंगे। इस साल अचानक और अकारण हम इंसानों ने अपने परिवार के कई प्रिय सदस्य कोरोना की वजह से हमेशा-हमेशा के लिए खो दिए हैं। इस कारण भी साल 2020 याद रहेगा।
हालांकि, 2020 के आने से डेढ़ माह पूर्व ही पिताजी का जाना सालता रहा। 2020 के 365 दिन के हर पल पिताजी बहुत याद आए। वे होते तो इस महामारी के बरक्स अपने जीवन में आए अकाल,भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के किस्से बताते। जनता कर्फ्यू के साथ से जो सिलसिला शुरू हुआ, वह कोविड 2019 की याद से अभी तक मन-मस्तिष्क में बर्फ़ की तरह जम-सा गया है। इस लिहाज़ से भी 2020 खूब याद रहेगा।
फिर भी, 2020 को मात्र बुरा कैसे कहा जा सकता है? बल्कि इस साल ने तो हमें नए सिरे से जि़ंदगी को जीने का सलीका समझाया। मानव व्यवहार और मूल्य तक बदल गए! इस साल ने सामाजिक और मानवीय मूल्यों को नए ढंग से परिभाषित किया। याद करें तो, लाखों लोगों ने लगभग सात से आठ महीना घर पर रहकर जीवन जिया। अपनी आजीविका को बचाए और बनाए रखा। लाखों लोग फर्श पर आ गए। लेकिन, उन लाखों लोगों ने जीना नहीं छोड़ा। जीने की आस का पारा लुढ़कने नहीं दिया। अपने बूते पर ही सही, लेकिन दो जून की रोटी जुटाने के लिए खूब संघर्ष किया। लाखों परिवारों ने कम खर्च में गुजारा किया। हजारों कमाऊओं ने अपनों को गुजारा-भत्ता लायक मदद भी की। हजारों मकान मालिक ऐसे हैं, जिन्होंने किरायेदारों से किराया नहीं लिया। कई सम्पन्न लोगों ने अपने अधीनस्थों को गुजारा लायक वेतन देना नहीं त्यागा। हजारों-हजार लोगों ने चंदा इकट्ठा किया और आस-पास रह रहे दूर-दराज़ के मज़दूर परिवारों को एक नहीं, दो नहीं, तीन-चार माह तक का राशन उपलब्ध कराया। कई परिवारों ने पड़ोस में रहने वाले अजनबी-से परिवारों को पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराया। इस लिहाज से भी कैसे 2020 को मात्र बुरा कहा जा सकता है?
हम भारत के लोगों के लिए स्थापित सार्वजनिक उपक्रम खूब मददगार साबित हुए। सरकारी कार्मिकों का उत्साह प्रणम्य रहा। पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, राजस्व, स्वास्थ्य, नगरपालिका विभाग आदि के कार्मिकों ने जान पर खेलकर अपने दायित्वों को निभाया। निजी चालकों और वाहन स्वामियों ने बढि़या रुपया कमाया। लेकिन, जब हम और आप घरों में बन्द थे, तब उनकी गाडि़यांे का चक्का थमा नहीं। उन्होंने पूरे देश के लिए चक्का थाम कर रखा। आवश्यक वस्तुओं के निर्माताओं ने दिन-रात काम किया। औद्योगिक संस्थानों में ज़रूरी उत्पादन जारी रखा। फसलें निबार्ध रूप से खेतों में पकी और किसानों ने दिन-रात एक कर ज़रूरी खाद्य पदार्थ बाज़ार को उपलब्ध कराए। क्या इस सकारात्मकता के लिए 2020 को याद नहीं किया जाना चाहिए?
लाखों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने बूते पर घर से ही शिक्षण कार्य किया। अभी तक कर रहे हैं। भले ही निजी कंपनियों को अरबों रुपए का मुनाफा शिक्षकों की वजह से हुआ है। लेकिन, शिक्षकों ने किसी के आगे हाथ नहीं फैलाए। हर महीने हजारों रुपए का इंटरनेट प्लान अपने मोबाइल में नियमित संचालित किया। अपने छात्रों के मोबाइल में डेटा तक स्थानांतरित किया। क्या इस रूप में साल 2020 खास न रहा?
2020 में घर-घर में एक अलग दुनिया कायम हो गई। एक-एक घर के ज़रूरी रिश्तों की महक को महसूस किया गया। अपने जिए जा चुके अब तक के जीवन में पहली बार हर रिश्ते को, हर सदस्य ने नजदीक से देखा-भाला और उसकी परवाह की। हर सदस्य ने अपनी भूमिका को नए तरीके से पहचाना। परिवार में अपनी भूमिका को, धर्म को, दायित्व को, महत्व को जिया। क्या यह कम है?
हाँ ! यह भी सही है कि 2020 में हमारे कई अपनों ने अपनों को कोरोना के साथ जीते और मरते हुए देखा। तब उनके अपनों ने कैसे दूर रहकर तमाशा देखा! यह भी कैसे भूला जा सकता है? उम्मीदों में नाउम्मीदें भी मिलीं हैं। लेकिन यह भी सच है कि नाउम्मीदों में उम्मीद के बीज भी खिले हैं! है न? करोड़ों लोगों ने कोरोना की साथ साक्षात् युद्ध किया। उससे खुद को उबारा और स्वस्थ भी हुए। हजारों चिकित्सकों ने अपने मरीजों के स्वस्थ होने पर उत्सव मनाया। पुलिसकर्मियों ने कई मनुष्यों की सांता क्लॉज बनकर परवाह की। क्या इस तौर पर 2020 खास न रहा?
2020 में ऐसे होटेल मालिक भी थे, जो अपनी बेहिसाब पूंजी के लिए जाने जाते हैं। उनकी लगातार पूंजी को बढ़ाने वाले सारथियों को ये होटेल मालिक चाहते तो अपनी भव्यता की छाँव उपलब्ध करा सकते थे। उन्हें मनुष्यार्थ अपनी समृद्धता की कुछ बूंदे उपलब्ध करा सकते थे। तीन वक्त का पचास फीसदी भोजन तो आसानी से उपलब्ध करा सकते थे। लेकिन, उन्होंने अपने ही सारथियों को घर भेज दिया।
हालांकि हमारे ही चुने गए कई नुमाइन्दे भी थे, जो चुनाव लड़ते समय अपनी बेलौस सम्पत्ति का ब्यौरा देते हैं। वे चाहते तो अपनी विधानसभा या संसदीय सीट के हर मतदाताओं को कम से कम प्रतिमाह 2000 रुपया की धनराशि बतौर सहयोगार्थ दे सकते थे। लेकिन, वे कोरोना के खौफ से स्वयं घर में घुस गए। उनकी जेब ढीली होना तो दूर मानवता के पक्ष में मुख से दो बोल भी न फूटे।
हालांकि, ऐसे पूंजीपति, कॉरपोरेट के अरबपति भी थे जिनकी आय 2020 में बीस से तीय गुना बढ़ गई, बताई जा रही है। वे दुनिया के अरबपतियों में शामिल हो गए। वे चाहते तो हर संक्रमित व्यक्ति के इलाज का पूरा खर्च आसानी से उठा सकते थे। लेकिन, उन्होंने ऐसा नहीं किया। ऐसे कई उदाहरण हैं, जिनकी वजह से भी 2020 याद किया जाएगा। और हाँ ! व्यवस्था के पैरोकारों को भी तो याद किया जाना चाहिए। डंगरों की भांति लगभग चालीस लाख मजदूर कोरोना काल में इधर से उधर कराए गए। उन्होंने सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा की। असंख्य मजदूर चलते-चलते काल के गाल में समा गए। उनके लिए अस्थाई सराय और लंगर लगाया जा सकता था। लेकिन व्यवस्था के पैरोकारों ने लाठियां भंजवाई। शांति से जा रहे मजदूरों को अधिकाधिक परेशान किया।
थाली, ताली और दिया जले। आमदनी हुई। करोड़ों दिए एक रात के लिए जले। तेल और बाती पर लाखों खर्च हुए। लेकिन कई गरीबों के चूल्हे रात को नहीं जले। अरबों रुपए के पटाखे भी खूब छोड़े गए। लेकिन पड़ोस में छाए मातम में शरीक न होने के मामले भी सामने आए। शंख, मोमबत्ती खूब बिकी। लेकिन कुम्हार के घड़े नहीं बिके। जुमलों की खूब बारिश हुई। लेकिन रोगियों को बिस्तर का अकाल रह जगह रहा। यह साल 2020 इन बातों के लिए भी तो याद किया जाएगा। उस पर यह तुर्रा कि हर चीज में खोट देखने का नजरिया कुछ लोगों पर हावी रहा है। 2020 इस रूप में भी याद किया जाएगा कि कैसे हम कई बार जुमलों के मकड़जाल में फंसे। कैसे हमारे खुले दिमाग को साल 2020 में बंद कर दिया गया। कैसे इंसान को धर्म, जाति, मज़हब और क्षेत्र के नाम पर लामबद्ध किया गया। कैसे बुनियादी समस्याओं, मुद्दों और समस्याओं से ध्यान हटाया जाता है। कैसे छद्म राष्ट्रवाद, भक्ति और असुरक्षा के नाम पर उपयोग और उपभोग किया जा सकता है! कैसे वैज्ञानिक नज़रिए को हाशिए पर धकेला जाता है और संस्कृति के नाम पर कुरीतियों को बनाए रखा जाता है।
2020 में प्रकृति ने भी हमें बिना कहे कई संदेश देने की कोशिश की है। इंसान जब घर में रहा तो उसके कई मूल जीव-जन्तु सड़कों में विचरने लगे। प्राकृतिक स्रोत स्वच्छ हो गए। आसमान धुल गया। हिमालय युवा हो गया। इस साल ने हमें यह भी सिखाया कि इस दुनिया में जीवन देने वाले माता-पिता से बढ़कर खुद का जीवन बड़ा है। कोरोना संक्रमित शव का अंतिम दर्शन बीस गज दूरी से ही किया जाना है। अपनी जान सुरक्षित रखने के लिए सालों के रिश्तों और सामाजिक मान्यताओं को ताक पर रखा जा सकता है। 2020 ने हमें यह भी सिखाया।
2020 ने पोंगा-पंडितों-मुल्लाओं-ग्रन्थियों-पादरियों की धार्मिक मान्यताओं को स्थगित भी करवाया। ये वही हैं, जो यह कहते नहीं अघाते थे कि सांस लो न लो, पर पहले ईश्वर, अल्लाह, जीसस और वाहे गुरु बोलो। उनके नाम पर फलां-फलां अनुष्ठान, उपक्रम और प्रयोजन बेहद-बेहद ज़रूरी हैं। तो भला इन कूड़मगजो की कथनी-करनी का अंतर स्पष्ट हो जाने के लिए यह साल क्यों न याद किया जाएगा?
प्रकृति महान है और वही शक्तिशाली है। किसानों को हम कितना कम समझते हैं? हम यह तो याद रख पाए कि अहा! धरती कितना देती है! पर यह भूल गए कि हमारे मुख का निवाला बनाते तक की यात्रा में किसान कमर और पेट एक कर देता है। हम उसके साथ खड़े रहे, यह क्या कम है?
एक बार हम हाथ धोने और साबुन के अधिकाधिक इस्तेमाल की आदत को दैनन्दिनी का हिस्सा बना पाए। भाईचारा, सेवा, दया, करुणा को नजदीक से देखा गया। नई पीढ़ी में यह मानवीय मूल्य जमा रहेंगे। यह उम्मीद तो 2020 से बनती ही है।
सारी दुनिया जैसे थम-सी गई थी। लेकिन मनुष्य की जिजीविषा को सलाम है कि जैसे-तैसे आधी-अधूरी तैयारी ही सही, लेकिन इंसान ने आशा और उम्मीद का दामन नहीं छोड़ा और पूरा साल बिता दिया। कमोबेश हर परिवार ने कोशिश की कि जीवन के पथ पर इंसान की यात्रा चल पड़े। बनावटी घुलना-मिलना रोक पाए। जब ज़्यादा ज़रूरी हो तभी भीड़ का हिस्सा बना जाए। कैसी भी हो, कितनी भी बड़ी बाधाएं हों, डटे रहो। यह साल 2020 ने ही तो सिखाया। अलविदा 2020 ! प्रणाम 2020 !
॰॰॰
-मनोहर चमोली ‘मनु’,गुरु भवन, निकट डिप्टी धारा,पौड़ी 246001 उत्तराखण्ड
सम्पर्क: 7579111144
चित्र में ये शामिल हो सकता है: अंदर




राधा की क्यारी: वर्तमान समय की बाल कहानियाँ

राधा की क्यारी: वर्तमान समय की बाल कहानियाँ

-मनोहर चमोली ‘मनु’


*युवा साहित्यकार सिराज अहमद की बाल कहानियों का पहला संग्रह ‘राधा की क्यारी’ अकादमिक बुक्स इंडिया से प्रकाशित हुआ है। यह किताब साल 2021 के संस्करण हेतु मुद्रित है। प्रत्येक कहानी में एक श्याम-श्वेत रंग का चित्र है। डिमाई आकार की इस पुस्तक में प्रत्येक चित्र पूरे पेज पर आच्छादित है। दिलीप कार्टूनिस्ट से कहानी के आधार पर चित्र बनाने का सफल प्रयास किया है। उन्होंने भरपूर कोशिश की है कि चित्र कहानी के केन्द्रीय भाव को तो प्रदर्शित करे ही साथ में कहानी को विस्तार दे। यह बड़ी बात है। सिराज की इन कहानियों के शीर्षक अनूठी खुशी, अम्मी नाराज़ नहीं हैं, असलम का पठानी सूट, आलसी सक्कू, इत्ते सारे नोट....., क़ासिम का खिलौना, किसने बजाई घंटी?, कौए का बदला, ख़ास दोस्त की चिट्ठी, गमले कहाँ गए?, चिट्ठी गुम, चितकबरा कुत्ता, चिन्नी और नंदू, जै़नब का खत, बन गई बात, बहुत अच्छी कोशिश, महकता हुआ गुलाब, मुझे आपका साथ चाहिए, राधा की क्यारी, रूपल रूठी है, लौट आई खुशी, वह नीला फूल, वह मुस्कुरा उठा, सना बन गई जादूगर, स्केको हैं। कह सकते हैं कि मात्र शीर्षक से कहानियों का अंतस नहीं पता चलता लेकिन हम कहानियों में झांक ज़रूर सकते हैं। ‘अम्मी नाराज़ नहीं है’ कहानी में बालमन का स्वभाव और खोजी प्रवृत्ति सहजता से शामिल हुई है। कहानी से- ‘दादा के प्यार से पूछने पर सबा ने रोते हुए उन्हें बताया कि उसके एक दोस्त ने उसे बताया था कि टेप रिकॉर्डर के अंदर बड़ा-सा चुबंक होता है.....। ‘‘लेकिन बेटा, आपको पूछना तो चाहिए था न?’’ दादा उसके आँसू पोछते हुए फिर बोले। सबा कुछ न बोला बस उनसे लिपट गया।’ कहानी बच्चों के अनुभवों से आगे बढ़ती है और स्वयं गलती का अहसास मानते हुए खुद से संकल्प के साथ खत्म होती है। जबकि सबा को लगता है कि अम्मी को उनके अब्बा द्वारा दिया गया तोहफा उसने उसके भीतर के चुम्बक के लिए तोड़ दिया। कहानी का अंत ऐसा नहीं होता। ये ओर बात है कि अम्मी रोए जा रही थीं कि उनके अब्बा की आखि़री निशानी आज उनके सामने बिखरी पड़ी थी। हम बड़े भी न बच्चों की सादगी और साफ़गोई को बचपना मान लेते हैं। ऐसा हम कई बार करते हैं। बच्चे सही और सच भी बोल रहे हैं तो भी हम बड़ों को लगता है कि वे गलत हैं और झूठ बोल रहे हैं। संग्रह में एक कहानी ऐसी ही है। ‘इत्ते सारे नोट......’ में असग़र ईद की नमाज के लिए अपने अब्बा के साथ जा रहा होता है। सड़क पर बिखरे सौ-सौ के दस-बारह नोट उठाता है तो अब्बू मना करते हैं। असगर बताता है कि वे नोट उसके पतलून से ही गिरे हैं। बाद में सही बात का पता चलता है तो असगर की अम्मी पूछती है,‘‘आपको अपनी और असग़र की पतलून में फकऱ् नहीं लगा। ‘‘अरे अगर पता चल जाता तो रखता ही क्यों?’’ कहकर अब्बा हँसे तो उनके साथ-साथ असग़र भी मुस्कुरा दिया। ‘स्केको’ बालसुलभ कहानी है। बहुत ही छोटे बच्चों की दुनिया की कहानी। यह कहानी बताती है कि हर बच्चे की अपनी समझ होती है। वह अपने अनुभवों से इस संसार को देखता-समझता है। बड़ों से देख-समझ कर वे आगे बढ़ते हैं और अपनी समझदारी विकसित करते रहते हैं। इस पूरी प्रक्रिया में कई बार हास्यास्पद,चुटीली और गुदगुदाने वाले प्रसंग भी सायास जुड़ जाते हैं। लकी रट लगाए रहता है कि उसे स्केको चाहिए। अब स्केको दिया तब जाए न, जब बड़ों को ये पता चले कि आखिर लकी माँग क्या रहा है! घर के सारे छोटे-बड़े बहलाने-फुसलाने की सारी कोशिश कर चुके होते हैं। कई और मनपसंद चीज़ें आ गईं। लेकिन, लकी की जि़द छूटी नहीं। आखिर में दादा लकी को गोद में लेकर बाहर घुमाने ले जाते हैं। एक गुब्बारे वाले के किसी गुब्बारे को देखकर लकी कहता है,‘‘वो रहा स्केको!मुझे स्केको चाहिए।’’ अंत में शन्नो पूरे मामले को खोलती है। स्केयर क्रो यानि बिजूका से वह लकी का


स्केको जो हो गया था। अधिकतर कहानियाँ आधुनिक समय-परिवेश की हैं। भाषा बेहद सरल और सहज है। कहीं

भी साहित्य की अतिरंजनाओं के दर्शन नहीं होती। लेखक भाषा की विद्वता के मोह से मुक्त हैं। कहानियों के पात्र गंगा-जमुनी संस्कृति का परिचय देते हैं। कॉलोनी, सामान्य परिवार, मुहल्ला संस्कृति, बुजुर्ग, गाँव, पशु जगत कहानियों में शामिल हुआ है। सीख,नसीहतें,संदेश और उपदेशादि से दूर कहानियाँ सोचने-विचारने के लिए पाठक को विचलित करती हैं। यह बड़ी बात है। कई कहानियाँ बड़ों को अपने बालपन में झांकने का अवसर देती हैं। तो अप्रत्यक्ष तौर पर हमें इस बात के लिए भी बाध्य करती हैं कि हम बड़े बड़े तो हो गए हैं लेकिन बच्चों को समझने-जानने के लिए अभी और बाल मनोविज्ञान की आवश्यकता है। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि कहानी संग्रह पाठकों को बाँधने में सफल है। बाल खिलंदड़पन और मन को गुदगुदाने वाले बेहद आम प्रसंग भी मजेदार कहानी का भाग होते है। यह बात इस संग्रह को पढ़ते समय पुष्ट होती है। किताब की भूमिका मशहूर साहित्यकार डॉ॰ मोहम्मद अरशद खान ने लिखी है। वे लिखते हैं कि सिराज अहमद बालमन की मासूमियत के रचनाकार हैं। यकीनन। इस बात से पूरी सहमति है। किसी भी पाठक का यह ख़्याल सायास ही इन पच्चीस कहानियों को पढ़ते समय हो जाएगा। ऐसा विश्वास है। अरशद खान लिखते हैं,‘‘सिराज की कहानियों के विषय बिल्कुल आस-पास से उठाए गए होते हैं, किंतु पूरे नएपन और ताजगी के साथ। छोटी-छोटी घटनाएँ, जो एक बच्चे के दैनिक जीवन में घट सकती हैं, उन्हें सिराज बेहद मनोरंजक अंदाज में शब्दबद्ध करते हैं। उनकी अधिकतर कहानियाँ 1500 शब्दों के भीतर हैं, जो बच्चों के लिए बेहद अनुकूल हैं।‘‘ अलबत्ता कवर पेज और बेहतरीन हो सकता था। भीतर का काग़ज़ उम्दा है पर कवर पेज भारी होता तो किताब को कहीं भी रखने पर वह गोलाकार नहीं बनता। रुपए दो सौ पन्द्रह में पच्चीस कहानियाँ पढ़कर पाठक को आनन्द की अनुभूति होगी और वह सहज बाल पाठकों को भी पढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। यह संभावना इस संग्रह में दिखाई देती है। पुस्तक : राधा की क्यारी (बाल कहानियाँ) लेखक : सिराज अहमद पेज संख्या : 128 मूल्य : 215 रुपए आकार : डिमाई प्रकाशक : अकादमिक बुक्स इंडिया,दिल्ली उपलब्ध : अमेज़ान और फ्ल्पिकॉर्ट वेबसाइट :
www.academicbooksindia.com ॰॰॰ मनोहर चमोली ‘मनु’ सम्पर्क: 7579111144 गुरु भवन,निकट डिप्टी धारा, पौड़ी 246001 उत्तराखण्ड