20 मार्च 2019

फुर्रररररररररररर ! #MainBhiChowkidar

फुर्रररररररररररर ! 

-मनोहर चमोली ‘मनु’

ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर, दस पल का मौन सन्नाटा। फिर, फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा।


रात के ग्यारह बजे से सुबह चार बजे तक बदस्तूर एक-सी आवाज़ कानों में पड़ती। ऐसा लगता कि इन आवाज़ों के साथ घड़ी भी साथ देती होगी। जो कहती होगी-‘‘एक दो तीन।’’ और आवाज़ पुकारती-‘‘फुर्रररररररररररर !’’ फिर घड़ी पुकारती होगी,‘‘एक दो तीन।’’ आवाज़ कहती,‘‘ ठक-ठक-ठक-ठक-ठक !’’

फिर घड़ी कहती होगी,‘‘एक दो तीन। दस सेकण्ड तक मौन।’’ दस सेकण्ड तक चुप्पी छा जाती। फिर फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा। फिर, फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा।

दीवाली से होली तक यह आवाज़ जैसे कानों में घुल-सी गई थीं। ऐसा लगता था कि ये आवाज़ें हमारे घर की परिक्रमा कर रही हों। पर ऐसा नहीं था। होली के बाद फिर रातें छोटी होने लगतीं तो आवाज़ कानों में धीमी सुनाई देती। हाँ, यह तो तय था कि आवाज़ें रोज़ जागती रहती थीं। होली के बाद गुड फ्राॅइडे आ जाता। पर आवाज़ की तासीर एक सी रहती। अनवरत्। उसी लय के साथ।

मैं सोचता,‘‘कहीं टेप रिकाॅर्डर तो नहीं बज रहा? बार-बार एक ही कैसेट तो नहीं चल रही?’’ पाँचों वक़्त की नमाज़ अपने समय पर जुटती। रमज़ान के दिनों में शाम की अजान और सुबह की अजान कानों में रस घोलती। हाँ, बरसात के मौसम में ये आवाजे़ं हर रात ठीक से बातचीत नहीं कर पाती थीं। जिस रोज़ बारिश न होती तो ये आवाजें मानों अचानक उग आतीं। फिर कानों में आवाज़ आने लगती- फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा। फिर, फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा।

पन्द्रह अगस्त की सुबह चार बजे से पहले उठना होता था। प्रभात फेरी का इंतजार चार-पाँच दिनों से जो रहता था। दो दिन पहले से रियाज़ करते थे कि ऐन पन्द्रह अगस्त को नींद से न उठे तो गए काम से!

फिर ये आवाज़ें खूब काम आतीं- फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा। फिर, फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा।

रक्षा बन्धन आता और जन्माष्टमी। कृष्ण के रात वाले बारह बजे के बाद जब सोने जाते तो फिर यह आवाज़ थोड़ा और जागने के लिए बाध्य करती-फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा। फिर, फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा।

पूरे साल नहीं। कई सालों तक यह आवाज़ नींद आने से पहले और नींद आने के बाद भी जैसे साथ-साथ सोती हों । बस मुलाकात नहीं होती थी। होती भी कैसे? जब हम जागते तो यह आवाज़ शायद सोने चली जाती। जब हम सोने जाते तो यह आवाज़ें जागतीं। खेलती थीं। कूदती थीं। हम भला चाहकर भी इन आवाज़ों के साथ कैसे खेल पाते? रात को तो क्या शाम के आते ही हम भीतर होते। हम क्या होते हमें भीतर कर दिया जाता था। रात को बाहर जाने की अनुमति नहीं थी, तो नहीं थी।

घर के बड़े कहते,‘‘बाहर नहीं। बाहर बाघ है। रीक है। भूत है! साँप है।’’
हम सोचते कि उन आवाज़ों के लिए बाहर कोई डर क्यों नहीं है? फिर दशहरा आता। दीवाली आती। क्रिसमस आता। मैं सोचता,‘‘सेंटा क्लाॅज से तो ये आवाज़ें ज़रूर मिलती होंगी। काश ! हम सेंटा क्लाॅज होते।’’

हमारा होना हम कहाँ तय करते हैं? यह तो कोई ओर तय करता है। मैं अक्सर सोचता था। जब सोचता था। अब हम सोचते भी कहाँ हैं?

मैं सोचता था-‘‘हवा कब बहेगी? कितना बहेगी? यह कौन तय करता होगा? घर में क्या पकेगा? यह कौन तय करता है? छुट्टियां हमारे लिए पड़ती थीं और होमवर्क कोई ओर तय करता था। परीक्षा हम देते हैं परीक्षाफल कोई ओर तय करता है। क्यो?

सेंटाक्लाॅज का इंतजार मैंने भी किया। ख़ूब किया। कई साल किया। आपने किया? इस सेंटाक्लाॅज का इंतज़ार करते-करते आँखों के रस्ते ये आवाज़ें फिर सुनाई देती-

फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा। फिर, फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा।

फिर एक दिन नया साल आता। हम भी नए साल में कुछ नई योजनाएं बनाते। जो दस-बीस दिन के बाद ग़ायब हो जातीं। लेकिन ये आवाज़ें कभी ग़ायब नहीं हुई। छब्बीस जनवरी का दिन था। हम घर लौट रहे थे। अचानक मुझे आवाज सुनाई दी-फुर्रररररररररररर !

मैं चौका। यह फुर्रररररररररररर की आवाज़ एक आदमी के हाथ में थी। नहीं-नहीं। हाथ में पकड़ी हुई किसी चीज़ की थी। नहीं-नहीं। वो चीज़ नहीं सीटी थी। वह सीटी एक आदमी के होंठो पर थी। सीटी कहाँ थी ?
वो तो किसी फूँक से पैदा हुई आवाज़ थी।


ठिगना-सा आदमी दुबली-पतली काया। लाल मेंहदी में रंगी दाढ़ी। सिर पर हरा कपड़ा बाँधे। आँखों में गोल चश्मा जो किसी चिकट डोर से बँधा है। हाथ में मोटा बाँस का लट्ठ लिए गमबूट पहने हुए लियाकत चचा थे। आज वह बाज़ार से नई सीटी लाए थे। उसी को बजाते हुए जा रहे थे। अलबत्ता लाठी से ठक-ठक-ठक-ठक-ठक की आवाज़ नहीं बना रहे थे।

गुरदीप साथ में था। उसने कहा,‘‘लियाकत चचा की सीटी चोरी हो गई। पता नहीं किसी ने मजाक में छिपा दी हो शायद। देख, नई सीटी कितनी बड़ी है। पीतल की है। चैन भी पीतल की है। गले में टाँग लेंगे तो न गुम होगी न चोरी चली जाएगी।’’

मैं सन्न था। मैं मुड़कर उन्हें एकटक देखता रहा। उनके कांधे झुके हुए थे। पीठ पर कुर्ता चिपका हुआ था। बाँए हाथ पर पकड़ी हुई लाठी को जैसे वह खींच रहे थें। ऐसा लग रहा था कि पैरों को जूते आगे की ओर खींच रहे हों।

तो ये हैं लियाकत चचा? मरियल से। मैं तो सोचता था कि कोई हट्टा-कट्टा विशालकाय पहलवान होगा। जो सालों से काॅलोनी में चौकीदार है। छप्पन नहीं साठ इंच का सीना लिए घूमता होगा ! ये हैं लियाकत चचा ! यह रात पसरते कानों में आवाज़ गूँजाने वाले ! यह वही शरीर है जिसका बाँया हाथ बेजान लाठी से भी आवाज़ निकलवा लेता है !

'ठक-ठक-ठक-ठक-ठक !'


मेरी आँखें फटी की फटी रह गई! रात का अँधेरा याद आ गया। जाड़ों की सर्द रातें सामने छा गईं। हिमालय की ओर से सनसनाती हुई बदन को छूने वाली हवा को महसूस किया तो कँपकँपी छूटने लगी। बरसात के दिनों में अक्सर कपड़ों के साथ बदन भी तर हो जाता था। तर-बतर शरीर के बाल ठंड में तन कर खड़े हो जाते थे। यह याद आते ही शरीर सिहर गया। हाँ , मन और मस्तिष्क लियाकत चचा के लिए आदर और श्रृद्धा से भर ज़रूर गया था।

तभी सोच लिया था। बड़ा होकर कुछ भी बन जाऊँगा पर चौकीदार नहीं बनूँगा। तब मुझे लगा था कि सबसे कठिन है चौकीदार बनना। और आज? आज की कलुषित राजनीति ने जैसे सब कुछ आसान कर दिया हो। सोच रहा हूँ। हम कितना गिर चुके हैं। हमारे लिए कर्म और कर्म की पहचान हँसी-ठट्ठा हो गई है। हम बग़ैर सोचे-समझे किसी का भी मज़ाक उड़ाने लग गए हैं। हम वो बनने का स्वाँग रचने लगे हैं जो हम बन नहीं सकते। जो हम कभी हो नहीं सकते।

आज पीछे मुड़कर देखता हूँ तो लियाकत चचा याद आते हैं। वे रात के अँधेरे में कहाँ नज़र आते थे? लेकिन उनकी लाठी की ठक-ठक-ठक-ठक-ठक और नपी-तुली घड़ी बाद सीटी की आवाज़ तो नज़र आती थी। नज़र क्या आती थी। सुनने वालों की धड़कन में रच-बस गई थीं। उन्होंने सालों सीटी और लाठी को सहेजकर रखा होगा। सीटी की आवाज़ के लिए न जाने लाखों-करोड़ों बार लंबी साँस भीतर की ओर खींची होगी। मुझे तो यह भी इल्म नहीं कि साँस खींचते वक़्त फेफड़े सिकुड़ते हैं या फैलते हैं? चचा ने लाठी की ठक-ठक-ठक-ठक-ठक तो धरती की पीठ पर करोड़ों बार धौल के तौर पर दी होगी।

याद करता हूँ तो पाता हूँ कि उनके रहते चोरी-चकारी की एक भी घटना तो छोड़िए बात तक कानों में नहीं पड़ी। लियाकत चचा की कद-काठी देखकर मुझे चोरों पर भी तरस आ गया था। मैं अक्सर सोचता था कि लियाकत चचा जैसे चोरों का क्या बिगाड़ लेंगे। चोर तो बहुत ही डरपोक होते हैं। फिर मन में बैठ गया था कि चोर डरपोक ही होते हैं तभी तो रात के अँधेरे में चोरी-चकारी करते हैं।

रात, लियाकत चचा, सीटी और लाठी का याराना सालों-साल रहा होगा। मरते दम तक रहा होगा। चचा ख़्याल रखने वाले थे। सीटी का और लाठी का ही नहीं, पूरी काॅलोनी का भी। 

उनके लिए ये चार पँक्तियाँ याद आ रही हैं-

'प्रीत करे तो ऐसी करे 
कि जैसे करे कपास 
जीते जीतो संग रहे 
मरे ना छोड़े साथ.'


मैं चालीस वसंत कब का देख चुका हूँ। मैं जीवन की लगभग सात हजार तीन सौ रातें सौ चुका हूँ। मुझे याद नहीं आ रहा कि इन रातों में एक भी रात मेरे हिस्से आई होगी जिस रात मैं जागा हूँगा। तो मैं कैसे चौकीदार हो सकता हूँ?
॰॰॰

-मनोहर चमोली ‘मनु’

19 मार्च 2019

‘‘ओ ! फ़सली चौकीदार ! ’’

‘‘ओ ! फ़सली चौकीदार ! ’’

-मनोहर चमोली ‘मनु’


मैंने पलटकर देखा। लगभग बीस कदम की दूरी पर एक अनजान आदमी खड़ा था। वह व्यंग्यात्मक भाव लिए मुस्करा रहा था। मैंने कदम बढ़ा दिए।
‘‘ओ ! फ़सली चौकीदार ! ठहरो !’’

पता नहीं, मुझे क्यों लगा कि वह मुझे ही पुकार रहा है। मैंने फिर पलटकर देखा। उसने 'हाँ ' में ठुड्डी हिलाकर तसदीक कर दी। यही कि वह मुझसे ही मुख़ातिब हो रहा है। उसने रुकने का इशारा करते हुए जल्दी-जल्दी डग भरे और मेरे निकट आ पहुँचा।

पहली बार ! पहली बार, मैंने देखा कि कैसे कोई दो कदमों की चाल एक कदम में पूरा कर सकता है। मैं उसे पहचान नहीं पा रहा था। वह बोला,‘‘हम पहली बार मिल रहे हैं। पर फेसबुक में रोज़ मिलते हैं। आप फ़सली है और मैं असली।’’

‘‘मतलब ?’’ मैंने पूछा।


वह बोला,‘‘मतलब ये कि मैं चौकीदार हूँ। डबल चौकीदार।’’

मैं समझ गया। डबल इंजन की सरकार की तरह यह भी वही है। मैं सोच ही रहा था कि वह फिर बोला,‘‘मैं न भक्त हूँ , न अंधभक्त। मैं बुद्धिजीवी भी नहीं हूँ। डबल मतलब, रात को एटीएम मशीन के दरवज्जे पर बैठता हूँ। चौकीदारी करता हूँ। रात के दस बजे से सुबह छःह बजे तक। फिर दिन में दो बजे से रात के दस बजे तक एक फैक्ट्री के गेट पर चौकीदारी करता हूँ।’’

मैं मन ही मन घंटे गिन रहा था कि वह बोल पड़ा,‘‘सोलह घंटे की चौकीदारी करता हूँ। और आप?’’ मैं बिफ़र पड़ा,‘‘तुम कौन हो? मैं क्यों बताऊँ?’’

वह बोला,‘‘तो फेसबुक में क्यों बताया?’’
‘‘क्या?’’
‘‘यही कि मैं भी ‘चौकीदार‘ हूँ।’’
‘‘मेरी मर्जी।’’
‘‘तो क्या मैं यह लिख सकता हूँ मैं भी प्रधानमंत्री?’’

मैं उलझना नहीं चाहता था। मुझे लगा कि वह मुझे अपमानित कर रहा है। लोग हम दोनों को देख रहे थे। मैं जाने लगा।

‘‘अरे-अरे! आप तो बुरा मान गए। फेसबुक में आपकी चौधराहट पढ़कर मज़ा आता है। सोचा,असल ज़िंदगी में भी आपकी रसूखदारी देख लूँ। ’’

मैं किंकर्तव्यविमूढ़ था। वह सामान्य हो गया। बोला,‘‘चौकीदार हूँ। चौकीदारी मेरा पेशा है। पूरी निष्ठा के साथ अपना काम करता हूँ। किसी तरह से डबल ड्यूटी कर बारह हजार पाता हूँ। पत्नी स्वेटर बुनती है। स्वेटर बेच-बेचकर वह भी पाँच-छःह हजार कमा लेती है। पर आप लोगों ने हम मेहनतकशों का मजाक बना दिया है। जिसे देखो कहता फिर रहा है - 'मैं भी चौकीदार-मैं भी चौकीदार।' फ़र्ज़ी साले। आए दिन भ्रष्टाचार करते हैं। रिश्वत देते हैं और लेते भी हैं। भिखारी ही नहीं , कुत्तों तक को आए दिन दुत्कारते फिरते हैं। ठेली-रेहड़ी वालों की चने-मुंगफली आते-जाते मुट्ठी भर लेते हैं। एक ढेला खर्च नहीं करते। और कहते फिर रहे हैं कि मैं भी चौकीदार ! थू है!’’
अब मुझे गुस्सा आ गया। वह समझ गया। बोला-‘‘भाई जी, नाराज़ मत हों। आप सही आदमी हो। पर ज़रा भटके हुए हो। अब देखो न , गुमराह लोग ही तो चोरी-चकारी करते हैं। और हम चौकीदार उन पर ही तो नज़र रखते हैं। है कि नहीं? आप तो पहरेदारी और चौकीदारी में फ़र्क़ महसूसते हैं। आस्था, पोंगापंथी, भक्ति,राष्ट्रभक्ति और अंधभक्ति समझते होंगे। तो आपसे कह रहा हूँ। वरना जैसा माहौल है तो दिन को दिन कहना भी गुनाह है। आप समझ रहे हैं न मैं क्या कह रहा हूँ?"
मैं सोच रहा था कि ये पढ़ा-लिखा भी होगा? वह बोला,‘‘भाई जी। वक़्त-वक़्त की बात है। एम.एस.सी. हूँ। आधा बी.एड. हूँ। आधा मतलब कि परीक्षा के पहले दिन ही झगड़ा हो गया। पूरे कमरे में नकल करा रहे थे। सौ-सौ रुपए इकट्ठा कर रहे थे। बस छोड़ आया। एक स्कूल में पढ़ाया कई साल। लेकिन वहाँ भेड़-बकरियों की तरह बच्चों को पीटते मुझसे देखा नहीं गया। झड़प हो गई। छोड़ आया।’’
‘‘यह तो लढ़ाकू है।’’ मैं सोच रहा था कि वह बोला,‘‘लोगों में धैर्य नहीं है। सच्ची बात कड़वी लगती है। लोग सुनना ही नहीं चाहते। लड़ पड़ते हैं। हाथ छोड़ने लगते हैं। भले ही मैं चौकीदार हूँ। लेकिन एक चींटी पे भी मैंने कभी हाथ नहीं उठाया। हाहाहा।’’
रणी लाला की दुकान पास में ही थी। मैंने कहा,‘‘आओ। चाय पीते हैं।’’

वह साथ हो लिया। हम चाय का इन्तज़ार करने लगे। मैं उसकी ओर देख रहा था। वह बोला,‘‘क्या हम चौकीदारों की स्थिति कभी ऐसी आएगी कि हम भी आयकर रिटर्न भर सकें? हम चौकीदार भी मनी बैक पाॅलिसियाँ खरीद सकें? हमारा भी मन होता है कि हम भी माॅल में जाकर खरीददारी कर सकें। हमारा भी मन होता है कि एक चौपहिया गाड़ी हमारी हो। बताइए। सोलह घंटे चाकरी करने के बाद भी हमारी जेब बीस तारीख को ढीली हो जाती है। कितनी अजीब बात है ! सुरक्षा करने की जिम्मेदारी हमारी और हमारी साख देखिए। बैंक तो क्या ? दोस्त भी हमें कर्ज़ देने से साफ मना कर देते हैं।’’

मैं कुछ पूछता पर वह था कि लगातार बोले जा रहा था। जैसे कोई पहली बार उसे सुन रहा हो। वह बोला,‘‘ मैं हूँ चौकीदार कहने मात्र से आप लोग हमारे नहीं हो सकते। हमारे जैसे भी नहीं हो सकते। क्या आपको पता है कि हम कैसी-कैसी चौकीदार करते हैं? बाजारों की चौकीदारी करते हैं। मुहल्लों की चौकीदारी का जिम्मा हमारा होता है। स्टूल पर बैठे रहना चौकीदारी नहीं है। सो जाना चौकीदारी नहीं है। जागना भर चौकीदारी नहीं है। कुछ गलत दिखता है या होता है या होने की संभावना होती है उसकी ख़बर करनी होती है। सबसे पहली ग़ाज़ हम पर ही गिरती है। पता भी है आपको? महीने के सारे दिन हमारी तैनाती रहती है। 8 घण्टे तो कहीं 10 घण्टे तो कहीं 12 घण्टे की तैनाती होती है। एक ड्यूटी के 200 से 300 रुपए मिलते हैं। हम जानते भी नहीं कि छुट्टी क्या होती है। याद भी नहीं कि आखिरी छुट्टी कब ली थी। जब भी ली तो दोगुने रुपए कटते हैं। आप लोग खुद को चौकीदार कहते हो तो सोचते हो कि हम गर्व महसूस कर रहे हैं? गलतफ़हमी है आपको। हम तब गर्व महसूस करेंगे जब हमारी पीड़ाए समझेंगे आप लोग। हम चौकीदार बेरोजगार हैं तभी चौकीदारी कर रहे हैं। आप समझ लें जिस दिन रोजगार मिल जाएगा ये काम छोड़ देंगे। चौकीदारी में मेहनत का मोल नहीं है।’’
‘‘पैसा तो मिल रहा है। फिर ऐसा क्यों कहते हो?’’
‘‘इसलिए कि यह ज़िम्मेदारी का काम है। नौकरी नहीं। यदि कुछ घटता है तो हम पर बन आती है। रिस्क तो हमारा है। जान भी हमारी है। पगार भी हमारी कटेगी। मजबूरी का नाम चौकीदारी है भाई जी। अभी तो ख़ून गरम है। कल पचास का हो जाऊँगा। दुःख है। बीमारी है। कोई फण्ड नहीं। छुट्टी ली तो, हमेशा की छुट्टी हो जाती है। रात की ड्यूटी करते हैं। चोरों का डर। बिच्छूओं का डर, मच्छरों का डर। साँप का डर। कुत्तों का डर। अरे इंसानों से बेहतर दोस्त तो हमारे अवारा कुत्ते हो जाते हैं। हम तो होली-दीवाली-ईद और क्रिसमस इन सड़कछाप कुत्तों के साथ मनाते हैं। कैसी दुनिया बना रहे हैं भाईजी हम? आप भी चाय दुकान पे पिला रहे हो। घर पर नहीं बुलाओगे। क्यों? हर तीन में दो परिवार के लोग सोचते हैं कि हम घरों के भेद चोरों को बताते हैं। सो ,वे हमसे दूरी बना कर रखते हैं। चौकीदार को चोर समझने वाली भावना से हमें ठेस लगती है।’’
चाय आ गई। मैंने दस रुपए की सेळ मँगाई। हम चाय पीने लगे।

वह बोला,‘‘कोई अपने को कुछ भी कहे। हमें क्या फ़र्क पड़ता है। पर चोर खुद को चौकीदार कहे तो हैरानी होती है। लेकिन मैं यह नहीं कह रहा कि चोर चोरी का काम छोड़कर ईमानदार नहीं हो सकता। हो सकता है। वह चौकीदार बन सकता है। पर चैकीदारी का ढोंग करना हमारे पेशे का मजाक बनाना है। बस ! यह कहना चाहता हूँ।’’


मैं चुपचाप उसे सुन रहा था। मैं उसकी थाह ले रहा था और वह मेरी थाह ले रहा था।

वह बोला,‘‘ यह मुल्क़ केवल नेताओं का नहीं है। पूंजीपतियों का नहीं है। मेरा और आपका भी है। राष्ट्र की सेवा एक मोची भी कर रहा है। जो आपके और मेरे बूट पर पूरी निष्ठा के साथ बीस रुपए की पाॅलिश करता है। आपके और मेरे पैर के जूतों को हथेली में ओढ़ लेता है। अपनी आँखों के नज़दीक ले जाकर करीने से ब्रुश फेरता है। जूते के तले में सड़क में गिरा गू-मूत सूँघता है। वे स्वच्छक जो हर सुबह की शुरूआत गली-मुहल्लों में हमारे द्वारा फैलाई गंदगी साफ करते हैं। बिना नागा। क्या वे देश की प्रगति के लिए मेहनत नहीं कर रहे? ये लोग भारतीय जनता की गाढ़ी कमाई से हवा में नहीं उड़ रहे हैं। जमीन पे हैं, ज़मीनी बात कर रहे हैं। आप तो जानते ही होंगे कि हम हर साल भ्रष्ट देशों की सूची में लगातार ऊपर चढ़ रहे हैं। हर साल अपराध का ग्राफ ऊपर और ऊपर चढ़ रहा है। ऐसे में आम आदमी होने का ढोंग रचना गलत है। आम आदमी की पीड़ा समझने के लिए आम आदमी के बीच रहना होगा। उन्हें भी इंसान समझना होगा।’’

मैं रुपए देने लगा। वह बोला,‘‘अरे ध्यान से, तीस रुपए रणी लाला को दिए और तीन सौ नीचे गिरा दिए।’’ दो सौ रुपए और पचास-पचास के दो नए नोट मोबाइल के साथ चिपके हुए थे। जेब से बाहर निकालते हुए वह जमीन पर लोटने लगे।

‘‘चौकीदार का मतलब चौकसी है। चौक पर खड़ा आदमी चौकीदार है। उसे बिठाने का इंतजाम नहीं कर सकते तो उसके खड़े होने का अपमान तो मत कीजिए। हम कह रहे हैं कि दुनिया हमारी शक्ति का लोहा मान रही है। पर मुझे कोई यह बताए कि 1,20,000 बच्चे ग़ायब हैं। उन्हें कौन ले गया? उन्हें कौन खोजेगा? हर साल भारत में ही 20,000 से अधिक बच्चे मिसिंग हो जाते हैं। कैसी चौकसी है भाई जी?"

अब वो सवाल करने लगा। बोला,‘‘ क्या एक माँ चौकीदार नहीं। पर फेसबुक में किसी महिला ने क्यों नहीं लिखा कि मैं भी चौकीदार ! क्यों? क्योंकि असल जीवन में चौकीदार वह है जो स्टूल पर बैठा हुआ मिलता है। मरियल हाथ में मरियल डण्डा लिए होता है। हाई टैक के जमाने में वह सिक्योरिटी वाला हो गया है। चौकीदार शब्द में जेण्डर की बू आती है। नहीं? किसान कहते ही आदमी किसान का चित्र क्यों बनता है? हल जोतता किसान ही क्यों चित्रों में दिखाया जाता है? कोई किसानी क्यों नहीं दिखाई जाती? पंडित की पंडिताईन तो खूब बोलते हो। चौकीदार की चौकीदारिन क्यों नहीं कहते? ये जो twitter में नाम के आगे चौकीदार जोड़ रहे हैं उनमें महिलाएं भी हैं क्या? कोई चौकीदार भी twitter पर है क्या? होंगे , क्यों न होंगे। पर उन्हें फोलो भी करते हो क्या?"

मैं कहने वाला था कि ज़रा ज़ल्दी में हूँ। पर वो ही बोल पड़ा,‘‘धन्यवाद चाय के लिए। फिर मिलते हैं कभी। ड्यूटी का टाइम हो रहा है। मैं जब स्टूल पर बैठूंगा तभी 8 घण्टे ड्यूटी पर खड़ा चौकीदार घर जाएगा। मैं दस सेकण्ड भी लेट पहूँचा तो भाई का दिल बैठ जाएगा। सो, ड्यूटी के साथ नो लफ़्फ़ाजी। सीधी बात, नो बक़वास ! होली की मुबारकें।’’ उसने जय हिंद वाला सैल्यूट दिया और लम्बे-लम्बे डग भरता हुआ आगे बढ़ गया।

जिन-जिन दोस्तों ने फेसबुक पर ही सही, लिखा है- मैं भी चौकीदार। #MainBhiChowkidar #mainbhichowkidar उनके व्यक्तित्व को असल ज़िंदगी में खगाला जाए तो पता चल जाएगा कि वह असली हैं या नकली? या मेरी तरह फ़सली? आज सुबह कुछ दोस्तों की वाॅल खगाली। फिर उनके निजी जीवन को याद किया। उन पर लिखने का ख़ाका बनाने लगा तो मन संबंधों में खटास हो जाने की आशंका से भर गया।
फिर याद आए मुंशी प्रेमचन्द। पंच परमेश्वर की खाला याद आ गई। जो कहती है-‘‘बेटा ! क्या बिगाड़ के डर से ईमान की बात न कहोगे?

पुनश्च: मैं उसकी बातों में तल्लीन तो था पर क्या मुझे इतना तल्लीन होना चाहिए था कि उसका नाम भी न पूछ सकूँ?
॰॰॰
-मनोहर चमोली ‘मनु’

Photo-Google source


17 मार्च 2019

जो हम कभी हो नहीं सकते

जो हम कभी हो नहीं सकते

-मनोहर चमोली ‘मनु’

....फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर, दस पल का मौन सन्नाटा। फिर, फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा।
रात के ग्यारह बजे से सुबह चार बजे तक बदस्तूर एक-सी आवाज़ कानों में पड़ती। ऐसा लगता कि इन आवाज़ों के साथ घड़ी भी साथ देती होगी। जो कहती होगी-‘‘एक दो तीन।’’ और आवाज़ पुकारती-‘‘फुर्रररररररररररर !’’ फिर घड़ी पुकारती होगी,‘‘एक दो तीन।’’ आवाज़ कहती,‘‘ ठक-ठक-ठक-ठक-ठक !’’

फिर घड़ी कहती होगी,‘‘एक दो तीन। दस सेकण्ड तक मौन।’’ दस सेकण्ड तक चुप्पी छा जाती। फिर फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा। फिर, फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा।
दीवाली से होली तक यह आवाज़ जैसे कानों में घुल-सी गई थीं। ऐसा लगता था कि ये आवाज़ें हमारे घर की परिक्रमा कर रही हों। पर ऐसा नहीं था। होली के बाद फिर रातें छोटी होने लगतीं तो आवाज़ कानों में धीमी सुनाई देती। हाँ, यह तो तय था कि आवाज़ें रोज़ जागती रहती थीं। होली के बाद गुड फ्राॅइडे आ जाता। पर आवाज़ की तासीर एक सी रहती। अनवरत्। उसी लय के साथ।
मैं सोचता,‘‘कहीं टेप रिकाॅर्डर तो नहीं बज रहा? बार-बार एक ही कैसेट तो नहीं चल रही?’’ पाँचों वक़्त की नमाज़ अपने समय पर जुटती। रमज़ान के दिनों में शाम की अजान और सुबह की अजान कानों में रस घोलती। हाँ, बरसात के मौसम में ये आवाजे़ं हर रात ठीक से बातचीत नहीं कर पाती थीं। जिस रोज़ बारिश न होती तो ये आवाजें मानों अचानक उग आतीं। फिर कानों में आवाज़ आने लगती- फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा। फिर, फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा।
पन्द्रह अगस्त की सुबह चार बजे से पहले उठना होता था। प्रभात फेरी का इंतजार चार-पाँच दिनों से जो रहता था। दो दिन पहले से रियाज़ करते थे कि ऐन पन्द्रह अगस्त को नींद से न उठे तो गए काम से!
फिर ये आवाज़ें खूब काम आतीं- फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा। फिर, फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा।
रक्षा बन्धन आता और जन्माष्टमी। कृष्ण के रात वाले बारह बजे के बाद जब सोने जाते तो फिर यह आवाज़ थोड़ा और जागने के लिए बाध्य करती-फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा। फिर, फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा।
पूरे साल नहीं। कई सालों तक यह आवाज़ नींद आने से पहले और नींद आने के बाद भी जैसे साथ-साथ सोती हों । बस मुलाकात नहीं होती थी। होती भी कैसे? जब हम जागते तो यह आवाज़ शायद सोने चली जाती। जब हम सोने जाते तो यह आवाज़ें जागतीं। खेलती थीं। कूदती थीं। हम भला चाहकर भी इन आवाज़ों के साथ कैसे खेल पाते? रात को तो क्या शाम के आते ही हम भीतर होते। हम क्या होते हमें भीतर कर दिया जाता था। रात को बाहर जाने की अनुमति नहीं थी, तो नहीं थी।
घर के बड़े कहते,‘‘बाहर नहीं। बाहर बाघ है। रीक है। भूत है! साँप है।’’
हम सोचते कि उन आवाज़ों के लिए बाहर कोई डर क्यों नहीं है? फिर दशहरा आता। दीवाली आती। क्रिसमस आता। मैं सोचता,‘‘सेंटा क्लाॅज से तो ये आवाज़ें ज़रूर मिलती होंगी। काश ! हम सेंटा क्लाॅज होते।’’
हमारा होना हम कहाँ तय करते हैं? यह तो कोई ओर तय करता है। मैं अक्सर सोचता था। जब सोचता था। अब हम सोचते भी कहाँ हैं?
मैं सोचता था-‘‘हवा कब बहेगी? कितना बहेगी? यह कौन तय करता होगा? घर में क्या पकेगा? यह कौन तय करता है? छुट्टियां हमारे लिए पड़ती थीं और होमवर्क कोई ओर तय करता था। परीक्षा हम देते हैं परीक्षाफल कोई ओर तय करता है। क्यो?
सेंटाक्लाॅज का इंतजार मैंने भी किया। ख़ूब किया। कई साल किया। आपने किया? इस सेंटाक्लाॅज का इंतज़ार करते-करते आँखों के रस्ते ये आवाज़ें फिर सुनाई देती-
फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा। फिर, फुर्रररररररररररर ! ठक-ठक-ठक-ठक-ठक ! फिर दस पल का मौन सन्नाटा।
फिर एक दिन नया साल आता। हम भी नए साल में कुछ नई योजनाएं बनाते। जो दस-बीस दिन के बाद ग़ायब हो जातीं। लेकिन ये आवाज़ें कभी ग़ायब नहीं हुई। छब्बीस जनवरी का दिन था। हम घर लौट रहे थे। अचानक मुझे आवाज सुनाई दी-फुर्रररररररररररर !
मैं चौका। यह फुर्रररररररररररर की आवाज़ एक आदमी के हाथ में थी। नहीं-नहीं। हाथ में पकड़ी हुई किसी चीज़ की थी। नहीं-नहीं। वो चीज़ नहीं सीटी थी। वह सीटी एक आदमी के होंठो पर थी। सीटी कहाँ थी ?
वो तो किसी फूँक से पैदा हुई आवाज़ थी।

ठिगना-सा आदमी दुबली-पतली काया। लाल मेंहदी में रंगी दाढ़ी। सिर पर हरा कपड़ा बाँधे। आँखों में गोल चश्मा जो किसी चिकट डोर से बँधा है। हाथ में मोटा बाँस का लट्ठ लिए गमबूट पहने हुए लियाकत चचा थे। आज वह बाज़ार से नई सीटी लाए थे। उसी को बजाते हुए जा रहे थे। अलबत्ता लाठी से ठक-ठक-ठक-ठक-ठक की आवाज़ नहीं बना रहे थे।
गुरदीप साथ में था। उसने कहा,‘‘लियाकत चचा की सीटी चोरी हो गई। पता नहीं किसी ने मजाक में छिपा दी हो शायद। देख, नई सीटी कितनी बड़ी है। पीतल की है। चैन भी पीतल की है। गले में टाँग लेंगे तो न गुम होगी न चोरी चली जाएगी।’’
मैं सन्न था। मैं मुड़कर उन्हें एकटक देखता रहा। उनके कांधे झुके हुए थे। पीठ पर कुर्ता चिपका हुआ था। बाँए हाथ पर पकड़ी हुई लाठी को जैसे वह खींच रहे थें। ऐसा लग रहा था कि पैरों को जूते आगे की ओर खींच रहे हों।
तो ये हैं लियाकत चचा? मरियल से। मैं तो सोचता था कि कोई हट्टा-कट्टा विशालकाय पहलवान होगा। जो सालों से काॅलोनी में चौकीदार है। छप्पन नहीं साठ इंच का सीना लिए घूमता होगा ! ये हैं लियाकत चचा ! यह रात पसरते कानों में आवाज़ गूँजाने वाले ! यह वही शरीर है जिसका बाँया हाथ बेजान लाठी से भी आवाज़ निकलवा लेता है !
'ठक-ठक-ठक-ठक-ठक !'

मेरी आँखें फटी की फटी रह गई! रात का अँधेरा याद आ गया। जाड़ों की सर्द रातें सामने छा गईं। हिमालय की ओर से सनसनाती हुई बदन को छूने वाली हवा को महसूस किया तो कँपकँपी छूटने लगी। बरसात के दिनों में अक्सर कपड़ों के साथ बदन भी तर हो जाता था। तर-बतर शरीर के बाल ठंड में तन कर खड़े हो जाते थे। यह याद आते ही शरीर सिहर गया। हाँ , मन और मस्तिष्क लियाकत चचा के लिए आदर और श्रृद्धा से भर ज़रूर गया था।
तभी सोच लिया था। बड़ा होकर कुछ भी बन जाऊँगा पर चौकीदार नहीं बनूँगा। तब मुझे लगा था कि सबसे कठिन है चौकीदार बनना। और आज? आज की कलुषित राजनीति ने जैसे सब कुछ आसान कर दिया हो। सोच रहा हूँ। हम कितना गिर चुके हैं। हमारे लिए कर्म और कर्म की पहचान हँसी-ठट्ठा हो गई है। हम बग़ैर सोचे-समझे किसी का भी मज़ाक उड़ाने लग गए हैं। हम वो बनने का स्वाँग रचने लगे हैं जो हम बन नहीं सकते। जो हम कभी हो नहीं सकते।
मैं चालीस वसंत कब का देख चुका हूँ। मैं जीवन की लगभग सात हजार तीन सौ रातें सौ चुका हूँ। मुझे याद नहीं आ रहा कि इन रातों में एक भी रात मेरे हिस्से आई होगी जिस रात मैं जागा हूँगा। तो मैं कैसे चौकीदार हो सकता हूँ?
॰॰॰

-मनोहर चमोली ‘मनु’

13 मार्च 2019

manohar chamoli manu मनोहर चमोली मनु: ‘कहानियों में बचपन’ children story manohar chamoli...

manohar chamoli manu मनोहर चमोली मनु: ‘कहानियों में बचपन’ children story manohar chamoli...: ---‘कहानियों में बचपन’ __________________दोस्तों। सादर, नमस्ते ! कई मित्र मुझसे मेरी कहानियों की किताब मांगते हैं। कई बार मेल से भी मांग...

लिंक है- http://alwidaa.blogspot.in

‘कहानियों में बचपन’ children story manohar chamoli manu

---‘कहानियों में बचपन’
__________________दोस्तों। सादर, नमस्ते !
कई मित्र मुझसे मेरी कहानियों की किताब मांगते हैं। कई बार मेल से भी मांगते हैं। हर संभव कोशिश भी करता हूँ। असल किताब की प्रतियाँ दो-एक ही बची हैं। 

वैसे... अब तो ebook's का युग आ चुका है। इसका मतलब यह नहीं कि किताबें छपना बंद हो जाएंगी...! किताब हाथ में पकड़कर पन्ना-दर-पलटना उलटना अपने आप में पढ़ने का आनंद बढ़ाता है। फिर भी, जो मित्र ईबुक्स पढ़ते हैं उनके लिए मेरी एक किताब ‘कहानियों में बचपन’ है। मात्र 51 रुपए की है। हाँ ,बारह कहानियाँ हैं। यानि आपको एक कहानी के लिए 5 रुपए भी खर्च नहीं करने हैं।
इससे बड़ी बात कि यदि कहानियां आनंद नहीं दे सकीं तो, समीक्षा भी वहीं कर सकेंगे। धारदार,असरदार और सुधार हेतु सुझाव का मैं क़ायल होऊँगा। तो, उम्मीद है कि अपना हाथ अपन के सिर पर रखिएगा।
मैं उम्मीद कर रहा हूँ कि हमेशा की तरह मेरी टीप पर आप लाइक या कमेंट से इतर कहानियों को पढ़ने की पहल भी करेंगे। यह उम्मीद बनी रहनी चाहिए और बची भी।
प्रकाशन की तिथि : 30-03-2018
Rs- 51 रुपए
manohar chamoli 7579111144
लिंक यह है_
https://www.amazon.in/%E0%A4%95%E0%A4%B9%E0%A…/…/ref=sr_1_1…

जनवरी 2019, नंदन, 'किस्सा गुनगुनी धूप का' -मनोहर चमोली ‘मनु’

'किस्सा गुनगुनी धूप का'

-मनोहर चमोली ‘मनु’

बात उन दिनों की है जब धूप को बुलाना पड़ता था। जो बुलाता, धूप वहीं चली आती। इस भाग-दौड़ में वह थक जाती। मौका मिलता तो वह सो जाती। इस बीच कोई पुकारता तो वह हड़बड़ाकर उठती और दौड़कर पहुंच जाती।

एक दिन की बात। बिल्ली ने धूप को पुकारा। बार-बार पुकारा। धूप भागती हुई आ गई। बिल्ली ने डांटा-‘‘हमें सर्दी बहुत लगती है। देखो, मेरे बच्चे कैसे कांप रहे हैं!’’ कुछ देर बाद फिर धूप को गुबरैले की आवाज सुनाई दी। धूप हांफती हुए पहुंची। गुबरैले ने आंख दिखाई-‘‘देखो। गोबर कच्चा है। इसे कौन सूखाएगा? खाद में ही मेरा भोजन है।’’

धूप गोबर को सूखाने लगी। ‘अब ज़रा सुस्ता लेती हूं।‘ धूप ने सोचा। लेकि यह क्या! तभी मगरमच्छ चिल्लाया। धूप मगरमच्छ के पास जा पहुंची। मगरमच्छ ने अपना जबड़ा खोल लिया। कहा-‘‘इन दिनों पानी बर्फ बन गया है। मेरी पूंछ तक कांप रही है। मेरे पास रहो।’’ मगरमच्छ गुनगुनी धूप में आनंद लेने लगा।

अब गिलहरी की चीख धूप को सुनाई दी। धूप पहुंची तो वह बोली-‘‘डाल से गिर गई हूँ। सीधे नदी में जा गिरी। देखो, पूरा भीग गई हूं। ठंड से जान निकली जा रही है।’’ धूप पेड़ पर जा बैठी। अभी वह दम ही ले रही थी कि कुत्ता भौंकने लगा। धूप दौड़ी। दौड़ते हुए कुत्ते के पास जा पहुंची। कुत्ता गुस्से में बोला-‘‘मैं रखवाली करता हूं। अब मुझे भी तो आराम चाहिए। धूप शरीर पर पड़े तो चैन आए।’’

बेचारी धूप का धीरज जवाब दे गया। रोज-रोज की भाग-दौड़ से वह परेशान हो गई थी। उसने आंखें बंद कर ली। धूप के आंख बंद करने से चारों ओर अंधेरा छा गया। धूप रोने लगी। जोर-जोर से रोने लगी। इतना रोई कि उसके आंसू झरने लगे। आंसू थे कि रुकने का नाम ही नहीं ले रहे थे। आंसू बारिश में बदल गए। झमाझम बारिश होने लगी। सब भीगने लगे। भीगते-भीगते कुत्ते के पास जा पहुंचे। कुत्ते ने कहा-‘‘धूप अभी तो यहीं थी। मेरे पास ही थी।’’ बिल्ली ने लंबी सांस ली। कहा-‘‘मेरे पास से ही तो वह यहां आई थी। एक अकेली धूप।’’

गुबरैला बोला-‘‘बेचारी धूप।’’ मगरमच्छ ने जम्हाई ली-‘‘बेचारी धूप। कहां-कहां तो जाएगी।’’ कुत्ता सोचते हुए बोला-‘‘अब क्या करें? धूप के बिना हमारा काम भी तो नहीं चलता।’’ गिलहरी उदास हो गई-‘‘हमें हमेशा अपना ही ध्यान रहा। हमने कभी धूप के बारे में नहीं सोचा।’’ आज तक किसी ने अंधेरा न देखा था। सब कांप रहे थे।
इतना अंधेरा! ये अंधेरा धूप के जाने की वजह से हुआ है। अब क्या होगा? सब यही सोच रहे थे। सब एक दूसरे के नजदीक आ गए थे। सब डरे हुए थे। अंधेरा छंटने लगा। सब चैंक पड़े। बिल्ली हैरान थी-‘‘ये क्या हुआ?’’ गुबरैला लट्टू की तरह घूमते हुए बोला-‘‘अचानक उजाला हो गया !’’ मगरमच्छ मिट्टी में लोट गया-‘‘वो भी चारों दिशाओं में!’’ कुत्ते ने दुम हिलाई-‘‘अहा! गुनगुनी धूप!’’

धूप चहकी। बोली-‘‘मैं सूरज के पास गई थी। सूरज ने मेरा आना और जाना तय कर दिया है। अब मैं धरती के आधे हिस्से पर एक साथ आऊंगी। वह हिस्सा दिन कहलाएगा। धरती के बाकी हिस्से पर अंधेरा रहेगा। वह हिस्सा रात कहलाएगा।’’

सब इधर-उधर देखने लगे। धूप हर तरफ फैल चुकी थी। सभी को जल्दी ही दिन और रात का फासला समझ में आ गया। कुछ ही दिनों में सब ने धूप के आने और जाने के हिसाब से खुद को ढाल लिया।
॰॰॰
-मनोहर चमोली ‘मनु’

2 जुल॰ 2018

‘पुस्तक संस्कृति‘ का बाल साहित्य विशेषांक
-मनोहर चमोली ‘मनु’
एन॰बी॰टी॰ द्वारा साहित्य और संस्कृति की दुमाही पत्रिका ‘पुस्तक संस्कृति’ का प्रकाशन प्रारंभ हुए तीन वर्ष हो चुके हैं। पत्रिका का बाल साहित्य विशेषांक प्रकाशित हो गया है। चैसंठ पृष्ठों का यह अंक कई मायनों में अतुलनीय बन पड़ा है।

अमूमन बाल साहित्य के नाम पर अधिकतर पत्रिकाएं या तो रस्म अदायगी की भेंट चढ़ जाती हैं या फिर उसमें अधिकतर पृष्ठ कविता-कहानी को समर्पित हो जाते हैं। पुस्तक संस्कृति ने सही अर्थों में समग्रता के साथ साहित्य में बाल-मन की थाह को सम्मान देकर विपुल स्थान दिया है।

संपादकीय के साथ, पाठकों की प्रतिक्रियाएं हैं। क्षमा शर्मा का आलेख आज के परिदृश्य में बच्चे और लेखक शामिल हुआ है। अमृतलाल नागर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केन्द्रित आलेख ‘अनूठे बाल साहित्यकार और कुशल वाचक: अमृतलाल नागर डाॅ॰नागेश पाण्डेय ‘संजय ने लिखा है। प्रकाश मनु की कहानी एक स्कूल मोरों वाला अंक में प्रकाशित है। डाॅ॰ जसविंदर कौर बिन्द्रा का आलेख बच्चे: साहित्य और कला क्षेत्र पत्रिका में है। पवन चैहान का लेख ‘हिमाचली बच्चों के खेल‘ को पर्याप्त स्थान मिला है। प्रमोद दीक्षित ‘मलय’ का आलेख भाषा की कक्षा में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अवसर भी प्रकाशित हुआ है।

विज्ञानपरक लेख ‘विज्ञान, गतिविधि और बाल साहित्य‘ डाॅ॰मनीष मोहन गोरे का है। रेनू सैनी की कहानी ‘जूतों का साथ‘ को भी शामिल किया गया है। डाॅ॰शुकन्तला कालरा ने विमर्शपरक लेख लिखा है। यह विमर्श के कई आयाम खोलता है। ‘भूत-प्रेत और परीकथाओं की प्रासंगिकता‘ लेख का नाम है। देवेंद्र कुमार की कहानी ‘कोई तो मदद करो‘ अंक में सम्मिलित है। पत्रिका में एक और विशेष लेख है। ‘बच्चों की पुस्तकों का अनुवाद-समस्या व चुनौती‘ को सुमन वाजपेयी ने लिखा है। शशि पाधा का लेख ‘वीर स्थली का सिंह नाद‘ भी पत्रिका में उपस्थित है।

दिविक रमेश की कविता ‘नानू को समझाओ’ अंक में शामिल है। परमेंद्र सिंह की कविता ‘स्कूल जाता बच्चा’ और हमारे बच्चे भी हैं। श्याम सुशील की कविता ‘हवा में कविता‘ और बजते-बजते बजी बाँसुरी भी प्रकाशित हुई है। तेरह पेजों में कई विशेष पुस्तकों की शानदार समीक्षाएं प्रकाशित हुई हैं। दो पृष्ठों में उन पुस्तकों की जानकारी हैं जो पुस्तक संस्कृति को लेखकों ने भेजी हैं। साहित्यिक गतिविधियों की ख़बरों को दो पेजों में स्थान मिला है।

आइए, पत्रिका में शामिल विचारों को कुछ बानगी पढ़ते हैं-

प्रधान संपादक के हवाले से संपादकीय में प्रो॰बलदेव भाई शर्मा कहते हैं-

‘हम कितने ही धनाढ्य हों पानी को बरबाद नहीं करना चाहिए, क्योंकि प्रकृति के संसाधन सबके लिए हैं, उनके लिए भी जो साधनहीन हैं। प्रकृति की परवाह नहीं करोगे,अपने धन के अहंकार में उसे मात्र उपभोग की वस्तु समझोगे तो वह मानवजाति को ही नष्ट कर देगी।‘

क्षमा शर्मा लिखती हैं-

‘काॅरपोरेट तकनीक, पश्चिम और हमारे यहाँ के कुछ अमानवीय मूल्यों ने भी बच्चों के जीवन मंत्र को मात्र मनी,मोबाइल और माॅल्स तक ही सीमित कर दिया है। बच्चे को बहलाना है तो उसे पैसे दे दो, उसके सवालों से दो-चार नहीं होना है तो उसे मोबाइल या टेबलेट पकड़ा दो और घुमाने ले जाना हो तो माॅल्स में ले जाओ। यहीं कारण है कि बच्चे आज तमाम तरह के रिश्तों से ही नहीं, अपने आसपास की प्रकृति से भी कट गए हैं।’

डाॅ॰नागेश पाण्डेय ‘संजय’ अपने लेख में लिखते हैं-

‘अमृतलाल नागर के कथानायक बच्चे किसी परी के आगे लालायित भाव से खड़े नहीं दिखते बल्कि वक्त जरूरत वे परी की भी सहायता करते देखे जाते हैं। यही बाल साहित्य का प्रगतिशील पक्ष है जिसकी धमक उनके साहित्य में उस जमाने में जब परतंत्रता की बेड़ियों ने कहीं न कहीं हमारे मन और हमारी सोच को भी कैद कर रखा था। यह कम बड़ी बात नहीं है कि नागर जी उस जमाने में कितने बड़े स्वप्नों के दृष्टा और सृष्टा थे। जही हाँ, बच्चों में लीक से हटकर कुछ नए सपनों को जगाने के सृष्टा।‘

प्रकाश मनु की कहानी एक स्कूल मोरों वाला का एक अंश आप भी पढ़िएगा-

‘तान्या का बनाया चित्र सबको पसंद आया। उसने एक मोर को गले में बस्ता टाँगकर स्कूल जाते हुए दिखाया। पर इससे भी अच्छा चित्र एक नन्हे बच्चे कर्ण ने बनाया था। उसमें सारे मोर मिलकर एक उदास बच्चे को खुश करने की कोशिश कर रहे थे। बीच में बच्चा था और आसपास गोला बनाकर नाचते हुए ढेर सारे मोर।‘

बच्चे: साहित्य और कला क्षेत्र में डाॅ॰ जसविंदर कौर बिन्द्रा लिखती हैं-

‘वैसे भी बचपन कासमय दिन-ब-दिन घटने लगा है। कभी बच्चे छह या सात वर्ष की आयु में स्कूल में दाखिल किए जाते थे। फिर यह घट कर पाँच या चार तक पहुँची,परंतु अब तो दो-ढाई वर्ष के बच्चों को ही स्कूल भेजा जाने लगा है। उस पर भी सितम यह कि सभी माँ-बाप चाहते हैं कि उनका बच्चा हर विषय और गतिविधि में अव्वल रहे। हम स्वयं अपने बच्चों का बचपन छीनने के कसूरवार हैं।‘

हिमाचली बच्चों के खेल के बहाने पवन चैहान लिखते हैं-

‘इन सारे खेलों का अपना-अपना महत्व है। ये खेल जहाँ मनोरंजन का खजाना हैं, वहीं गणित व विज्ञान आदि के साथ कई सकारात्मक सामाजिक पक्षों से भी बच्चों को रु-ब-रु करवाते हैं। मेरा मानना इतना ही है कि कुछ समय के लिए अभिभावक अपने बच्चों को उपरोक्त खेलों में अवश्य शामिल करवाएँ ताकि बच्चा सही मायने में एक अंदरुनी खुशी के साथ,अपने बचपन की थाह पा सके।‘

भाषा की कक्षा में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अवसर में प्रमोद दीक्षित ‘मलय’ लिखते हैं-

‘बच्चों ने गाय पर निबंध लिखा था। उनके लेखन में वर्तनी की बहुत अशुद्धियां थीं लेकिन भाषा उनकी अपनी थी जिसमें उनके परिवेश की बोली के शब्द घुले-मिले थे। भाव और उनका प्रवाह सहज था। मौलिक चिंतन तो था ही कल्पना को व्यक्त होने का भरपूर अवसर मिला था। हर निबंध में उनकी अपनी छाप थी।‘

डाॅ॰मनीष मोहन गोरे अपने लेख विज्ञान,गतिविधि और बाल साहित्य में लिखते हैं-

‘जहाँ तक वैज्ञानिक दृष्टिकोण की बात है, यह सोचने, समझने और निर्णय करने का एक तर्कसंगत नजरिया होता है। कोई भी वैज्ञानिक एक नियत विधि या परिपाटी से होकर प्रमाणित निष्कर्ष पर पहुँचता है। हम अपने दैनिक जीवन में बिना वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रयोग किए अनेक कार्य करते हैं जो असंगत और नुकसानदायक होते हैं।‘ वे इनके कई उदाहरण देते हैं-‘प्लास्टिक के कप में गर्म चाया या कोई अन्य पेय पदार्थ पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है और कमरे की दुर्गंध को दूर करने के लिए प्रयोग किए जाने वाले रूम फ्रेश्नर और माॅस्किटों रिपेलेंट कैंसरकारण्क होते हैं। धूप से आकर हम तुरंत ठंडा पानी पी लेते हैं। इससे शरीर का तापमान का संतुलन बिगड़ जाता है। सब्जी और फल धोकर तुरंत उन्हें प्रयोग कर लेते हैं, जबकि उन्हें पकाने या खाने से पहले घंटा,आधा-घंटा पानी में रख देने से, उनके कीटनाशक रसायन पानी में घुल जाते हैं। ऐसी तमाम मामूली मगर जरूरी बातों की जानकारी और उसमें अपनी सूझ-बूझ लगाने से हमारा जीवन स्वस्थ और पर्यावरण सुरक्षित रहता है।‘

रेनू सैनी की कहानी जूतों का साथ का एक अंश पढ़िएगा-

‘‘माँ मैं इन जूतों को हमेशा अपने साथ रखूँगा, क्योंकि मेरी सफलता में इन जूतों ने प्रमुख भूमिका निभाई है।’’

डाॅ॰ शकुन्तला कालरा का लेख भूत-प्रेत और परीकथाओं की प्रासंगिकता विशेष लेख बन पड़ा है। आप एक अंश पढ़िएगा-

‘इस प्रकार आधुनिक रचनाकारों की दृष्टि में बच्चों के लिए वहीं साहित्य ही श्रेयस्कर है जो बालजीवन से जुड़ा है, जिसमें बच्चों की अपनी दुनिया है। जहाँ उनके रंगीन सपने हैं, उनकी भाव-भंगिमाएँ हैं। उनके आँसू-मुस्कान हैं। सुख-दुख के चित्र हैं। किसी वायवी जीवन को बाल साहित्य का आधार नहीं बनाया जा सकता । परीकथाओं का सुख-दुखात्मक भावजगत् हमारे जीवन से कहीं भी सादृश्य नहीं रखता। यहां यथार्थ जगत नहीं वरन् अतिरंजित कल्पना-जगत होता है जिसका कोई आधार नहीं होता। वह जीवन के प्रति रूमानियत से भरा होता है। इसी करण जब बच्चे का समाना ठोस यथार्थ से होता है तो वह पलायन करने लगता है।‘
बहुत ही महत्वपूर्ण लेख है। पठनीय है और मननीय भी है।

देवेंद्र कुमार की कहानी कोई तो मदद करो का एक अंश आप भी पढ़िएगा-

‘मैं थोड़ी दूर पर एक स्टोर में काम करता था। आज मुझे बुखार था, इसलिए देर से दुकान पहुँचा तो मालिक ने काम से निकाल दिया। मैंने बुखार होने की बात कही पर उसने एक न सुनी। मुझे पगार का बकाया भी नहीं दिया। मैं यहाँ आकर पटरी पर लेट गया। तभी ये बाबा आ गए। मेरे लिए दवा लाए, खाने को दिया। फिर ये अम्मा आकर मेरा सर दबाने लगी।’

बच्चों की पुस्तकों का अनुवााद: समस्या व चुनौती सुमन वाजपेयी ने लिखा है। एक अंश आप भी पढ़िएगा-

‘बच्चों के लिए अनुवाद करते समय उसकी सोच,समझ और विकास के स्तर को नजरअंदाज कर देता है। उसकी दुनिया का हिस्सा न बन पाना ही अनुवाद की सरलता व सरसता के लिए सबसे बड़ी बाधा है। जैसे बच्चों के लिए लिखते समय लेखक के लिए उसके धरातल पर आकर उसकी दुनिया,मन व अपेक्षाओं को महसूस करना अनिवार्य होता है,वैसे ही अनुवाद करते समय भी इन बातों का ध्यान रखना आवश्यक है।‘

यहाँ बानगीस्वरूप कुछ ही रचना-सामग्री के अंश दिए जा रहे हैं। कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि बाल साहित्य विशेषांक संग्रहणीय बन पड़ा है।

पत्रिका: पुस्तक संस्कृति,दुमाही

मूल्य: 35 रुपए अंक

वार्षिक सदस्यता: 225 रुपए

प्रधान संपादक: प्रो॰ बलदेव भाई शर्मा

संपादक: पंकज चतुर्वेदी

प्रकाशक: राष्ट्रीय पुस्तक न्यास,भारत, नई दिल्ली

मेल: editorpustaksanskriti@gmail.com

सम्पर्क: 011-26707758,26707876
----

प्रस्तुति: मनोहर चमोली ‘मनु’
7579111144

20 फ़र॰ 2018

उठो लाल अब आँखें खोलो -अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी

आज के सन्दर्भ में ऐसी कविताएँ नहीं लिखी जानी चाहिए !

अच्छा हुआ कम से कम भाषा की पाठ्य पुस्तकों में अब ये नहीं हैं !

उठो लाल अब आँखें खोलो
पानी लायी हूँ मुँह धो लो।
बीती रात कमल-दल फूले
उनके ऊपर भौंरे झूले

चिड़ियाँ चहक उठीं पेड़ों पर
बहने लगी हवा अति सुन्दर
नभ में न्यारी लाली छायी
धरती ने प्यारी छवि पायी

भोर हुआ सूरज उग आया
जल में पड़ी सुनहरी छाया
ऐसा सुन्दर समय न खोओ
मेरे प्यारे अब मत सोओ।

-अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी

इस कविता पर बात करने से पहले मैं बताता चलूं कि पोस्ट लिखते समय मैंने मात्र दो पँक्तियाँ लिखी थीं-‘आज के सन्दर्भ में ऐसी कविताएं नहीं लिखी जानी चाहिए! अच्छा हुआ कम से कम भाषा की पाठ्य पुस्तकों में अब ये नहीं है।‘

मेरा इतना कहने भर से दोस्तों ने अपनी राय देनी शुरू कर दी। मक़सद भी यही था। मैं बार-बार यही कहता हूं कि असहमति से हमें बिदकना नहीं चाहिए। हमें यह भी जानना चाहिए कि आज जो रचना नई है कल पुरानी हो जाएगी। अधिक पुरानी इतिहास हो जाएंगी। कुछ ऐसी हो जाएंगी जिनके बारे में चर्चा न ही हो, वही बेहतर। सबसे पहले आपका आभार कि आपने कम से कम इस कविता पर ध्यान देने का मन तो बनाया। टिप्पणियां की। आप के विचार इस ओर एक पहल की तरह है। कई दोस्त तो दूर खड़े होकर जायज़ा लेते हैं। कुछ विचार शून्य हैं। वह चिन्तन ही नहीं करना चाहते। 

इस आलेख का मक़सद यही है कि हम हर पुरानी चीज़ को केवल गौरव, संस्कृति और जीवन से जोड़ कर नहीं देख सकते। मसलन सती प्रथा, बाल विवाह, विधवाओं के साथ हमारा व्यवहार, हमारी लोक मान्यताएं पुरानी मान्यताओं में रहा है। तो क्या हम उन्हें अपने गौरव से जोड़ सकते हैं? बहुपति विवाह जैसी मान्यताएं भी हमारे लोकजीवन का हिस्सा रही हैं। तो क्या हम आज अपनी बेटियों को ऐसे विवाह की ओर धकेलना चाहेंगे? 

बहरहाल..... मैं जानना चाहता था कि बतौर भाषा की किताब में ऐसी कविताओं के प्रति आम धारणा क्या है। बदस्तूर आ रही टिप्पणियों ने मेरा हौसला बढ़ाया और मैं इस पर विस्तार से लिख रहा हूं। उम्मीद करता हूं कि आप सहमत हों न हों। लेकिन धैर्य से, गंभीरता से, इसे पूर्व की भांति अवश्य पढ़ेंगे। 

हम वाक़िफ़ हैं कि बेहतर और गंभीर पाठक कौन होते हैं। अभिभावक, लेखक और अध्यापक कौन होते हैं? ज़ाहिर है मेरी तरह आप भी मानते ही होंगे कि इन सभी के लिए आवश्यक है कि वह नया सीखने और समझने के लिए तत्पर हों। वह जान चुकी और मान चुकी मान्यताओं, धारणाओं को अंतिम सत्य न मानें। वह हर बार खुद में अवलोकन करते रहने की क्षमता को ज़िन्दा रखते हों। वह निरंतर प्रयोग करते रहते हों। विश्लेषण करते हों। पुरानी मान्यताओं, समझ और धारणाओं की गठरी लिए न फिरते हों। 

बेहतर और गंभीर वही हैं जो नए ज्ञान और सृजन के निर्माण में पुरानी बातों, मान्यताओं और धारणाओं से खुद को अद्यतन करते रहें। हम सभी को इस ओर सोचना होगा कि क्या हम ऐसा करते हैं? इसे एक उदाहरण से और समझा जा सकता है। आजकल स्मार्ट फोन और एण्ड्रायड फोन सभी के पास हैं। हमें अक्सर अपने फोन को अपडेट करने की जरूरत क्यों पड़ती है? फोन में पुरानी फाईलों को हमें क्यों हटाना पड़ता है? जवाब हम जानते हैं।

हमें समझना होगा और खुद में पुरानों को नकारने का साहस बटोरना होगा। नकारने से पहले नकारे जाने के निष्कर्षों के आयामों की पड़ताल करनी होगी। हमारे भीतर बुजुर्गों की बातें, पुराने आदर्श व्यक्तित्वों के तौर तरीके गहरे घुसे हुए हैं। उनमें अगाध विश्वास रखे रहना और आंख मूंदकर यकीन करते रहना भी हमारे भीतर जमा हुआ है। उनका कद और प्रसिद्धि इतनी विशाल है कि बेहतर और गंभीर विचारक भी नए विचारों को प्रस्तुत करने का साहस नहीं बटोर पाते। क्या ऐसा करते रहना सही है? 

फिर इस कविता के आलोक में बात आगे बढ़ाते हैं। मैंने ये नहीं कहा कि अयोध्यासिंह उपाध्याय जी ने ये कविता रचकर गलती कर दी। मैंने यह भी नहीं कहा कि इस कविता को साहित्य से खारिज कर दिया जाना चाहिए। हाँ, ये या ऐसी कविताएं यदि आज भी स्कूली पाठ्य पुस्तकों में हैं, वह भी भाषा की पुस्तक में तो ये या ऐसी कविताएं अब नहीं होनी चाहिए। किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए। 

क्यों न हों? धैर्य से पढ़ने का विनम्र निवेदन तो करना ही चाहूंगा। 

यह कविता लगभग अस्सी-नब्बे साल पहले लिखी गई बताई जाती है। हरिऔध जी का देहावसान आजाद भारत के अस्तित्व में आने से पहले हो चुका था। तो तय है कि उस दौर में उपजी कविता, कविता के सन्दर्भ, देशकाल, परिस्थितियां, वातावरण ऐसा ही रहा होगा। लेकिन आज न तो ऐसी स्थितियां हैं न ही परिस्थितियां हैं। न घर में, न समाज में और स्कूल में तो कतई नहीं है। 

‘लाल’ की भी परवरिश हो कहना अलग बात है और लाल की ही परवरिश की बात करना में अंतर है। आज केवल लाल ही लाडला है, ऐसा आज नहीं है। लाली की भी परवरिश होती है। आज के सन्दर्भ का कोई भी स्कूल मात्र लालों के सन्दर्भ में नहीं चल रहा और न ही चलना चाहिए। यदि चल रहा है यानि जहां लालों को वर्चस्व का सिद्वान्त ही पढ़ाया जा रहा है तो ये प्राकृतिक नियम के विरुद्ध है। हमारी संवैधानिक व्यवस्था के भी विरुद्ध है। यहां यह कहने का आशय कदापि नहीं है कि आप हर कविता को लिंग भेद की दृष्टि से ही देंखें। कोई कविता ऐसी क्यों न हो जिसमें बालक ही बच्चों का प्रतिनिधित्व करता ध्वनित हो। संभव है। यह भी संभव है कि कोई कविता केवल बालिका की ओर से पूरे बच्चों का प्रतिनिधित्व करने वाला स्वर दे रही हो। इस पर फिर कभी बात जरूर करूंगा। 

आज तो यह आधी दुनिया को हाशिए पर रखने वाली कविता मानी जाएगी, यदि आज का कवि ऐसी रचना लिखेगा। पाठ्य पुस्तक में तो इसे रखना बेहद संकीर्ण माना जाएगा। मुझे हैरानी होती है कि आज पचास से साठ की उम्र पार कर चुके कई शिक्षक भी इस कविता को स्कूली किताब के हिस्से के तौर पर गर्व महसूस कर रहे हैं। मुझे हैरानी होती है कि भाषाई कौशल में मौलिक अभिव्यक्ति और स्वतंत्र चिंतन से इतर वे रटने को आज भी शैक्षिक सिद्वान्त का सूत्र मान रहे हैं। सहज है, सरल है तो बढ़िया है। इस कविता से कौन से भाषाई कौशल का विकास होगा? इस पर विचार शून्यता ही दिखाई देती है।  

मैं फिर से अपने लिखे दूसरे वाक्य पर आता हूँ। मैंने इस कविता को पाठ्य पुस्तक में न शामिल होने की बात की है। मैंने कविता, कविता के शिल्प और कवि के कर्म को चुनौती नहीं दी है। इस कविता को साहित्य से खा़रिज नहीं किया है। मैंने तो बस इतनी सी बात कही है कि यह पाठ्य पुस्तकों में न हो। पहले थी और आज कम से कम सार्वजनिक विद्यालयों की पाठ्य पुस्तकों में ऐसी कविताएं नहीं ही हैं। क्यों नहीं हैं? इस पर आप भी विचार कीजिए।

याद कीजिए कि कुछ साल पहले ही मुंशी प्रेमचन्द जी की एक कहानी में मात्र एक शब्द ‘.......‘ आया था, जिसकी वजह से एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तक से वह पाठ हटा दिया गया था। एक और उदाहरण देता हूं। बहुत पुरानी बात नहीं है एक कार्टून बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर जी पर था और वह पाठ्यपुस्तक में था, उसे भी रेखांकित होने पर हटाना पड़ा। आप कह सकते हैं कि यह राजनीतिक मसले रहे होंगे। जी नहीं, ये राजनीतिक नहीं, सामाजिक मसले और संवैधानिक मसले हैं। जिन वजहों से संज्ञान लिया जाता है उस पर गहन अध्ययन के बाद आपत्तिजनक पाठ सामग्री को हटाना पड़ता है। 

याद दिलाता चलूं कि स्कूल को एक सार्वजनिक और सामाजिक संस्था माना जाता है। मैं अपने घर में निजता के अधिकार का प्रयोग कर सकता हूं। लेकिन स्कूल किसी भी दशा में समस्त बच्चों को सामाजिक, लैंगिक, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास के आधार पर भेदभाव नहीं कर सकता। स्कूल में एक-एक बच्चे की गरिमा सुनिश्चित की जाती है। बंधुता और समानता से कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। कोई पाठ भी नहीं। बड़ी से बड़ी महान रचना भी नहीं। बड़े से बड़ा महान लेखक हो तो हो। यदि उनकी रचना का एक शब्द भी संवैधानिक मूल्यों से इतर ध्वनि दे रहा है तो उम्दा रचना को बाहर का रास्ता देखना ही पड़ता है।  
 
जानकार जानते हैं कि रटना सीखना नहीं होता। कल्पना और अनुमान हमारी अभिव्यक्ति को उड़ान देते हैं। लेकिन आज बेसिर-पैर की कल्पना बेतुकी मानी जाती है। केवल लय, तुक और ताल को वाहवाही का आधार मानना ठीक नहीं है। भाषा का कोई भी पाठ भाषाई कौशल के विकास के लिए तैयार होता हैं, नैतिक शिक्षा देने के लिए नहीं तैयार होता। प्रवचन देने के लिए भी नहीं होता। भाषा के पाठ किसी संगीत की किताब के अध्याय नहीं हो सकते। कम से कम बुनियादी कक्षाओं में तो कतई नहीं। 
आप कह सकते हैं कि इसमें आपत्ति क्या है? तो यह कहना है कि कक्षाओं में लाल ही नहीं पढ़ते लालियां भी पढ़ती हैं। यह बालिका भाव को नहीं बाल भाव को पोषित करती है। राजा बेटा सरीखा भाव पहली ही पंक्ति देती है। साहित्य कितना भी प्रभावपूर्ण है लेकिन वह पाठ्य पुस्तक का भी हिस्सा बने, जरूरी नहीं। 

हमारी पाठ्य पुस्तक सबके लिए है। हमारे देश में पड़ोसी मुल्क के बच्चे भी यदि पढ़ रहे हैं तो उनकी भावनाओं को आहत करने का भी हमें अधिकार नहीं है। संवेदना सबसे बड़ी बात है। संवेदनाएं और भावनाओं के ऊपर सरलता का लेप नहीं चढ़ाया जा सकता। ये सरलता, गेयता, तुक, ताल आज स्वीकार्य नहीं है। सीख और संदेश तो कतई नहीं। 

भाषा की पुस्तक का मक़सद इतिहास पढ़ाना नहीं है। भाषा की पुस्तक नैतिक शिक्षा देने के लिए नहीं है। आप लाख चिल्लाते रहिए कि नैतिक शिक्षा जरूरी है। क्या खाक जरूरी है? आप और हम आम जीवन में कितने नैतिक हैं? लाल और सफेद कपड़े में हर घर में अपने-अपने धर्म ग्रन्थों को पीढ़ियों से रखते आ रहे हैं। हम कितने मानवीय बने हैं? हमारे भीतर कितनी नैतिकता भरी पड़ी है? यह सब जग-जाहिर है। यह हर वर्ग, धर्म, जाति, संप्रदाय और वय वर्ग को समान प्रतिनिधित्व देने वाला मसला है। 

यह कविता बालक-बालिका दोनों को समान प्रतिनिधित्व नहीं देती। इसे पुष्ट करने के लिए मैं आपका ध्यान दो प्रतीक चिह्नों की ओर दिलाना चाहता हूं। आपने जरूर वह दो प्रतीक चिह्न देखें होंगे। नहीं देखें? जरूर देखिएगा। सर्वशिक्षा अभियान का यह प्रतीक चिह्न है। सब पढ़ें, सब बढ़ें। पेंसिल पर बैठे दो बच्चे। एक बालक और एक बालिका। देखकर या यादकर बताइएगा कि मैं क्या कहना चाह रहा हूं।
 
दूसरा प्रतीक चिह्न मध्याह्न भोजन का है। उसे देखकर भी बताइएगा कि वह कैसी ध्वनि दे रहा है। पाठ्यपुस्तकों के पाठों की ध्वनि खासकर तब, जब भाषा के पाठ हों, किसी भी दशा में अबंधुता बढ़ाने वाले नहीं होने चाहिए। चित्र से भी नहीं और संकेत मात्र से भी नहीं। शीर्षक से भी नहीं और कथ्य से भी नहीं। भाव से तो कदापि नहीं। हमें भाषा के व्यापक मक़सदों को भी फिर से स्मरण करना होगा। हम भाषा के पाठों को सही-गलत ठहराते समय इतिहास, संस्कृति, परम्परा और धर्म पर बात करने लग जाते हैं। पाठ्यपुस्तक का कोई भी पाठ किसी धर्म विशेष का संवाहक नहीं हो सकता। कोई भी पाठ किसी धर्म पुस्तक का झरोखा नहीं हो सकता।  किसी वय वर्ग को और लिंग को विशेष प्यार-दुलार और लाड़ ध्वनित करता पाठ होना ही नहीं चाहिए। 

इससे बड़ा मजाक क्या हो सकता है कि हम चालीस साल पहले कक्षा पहली में थे। तब हम इस कविता को देखते थे। इसके चित्र को निहारा करते थे। महीनों हमें ये कविता रटाई जाती थी। तब हमारे स्कूल के आस-पास इस किताब के अलावा कोई और किताब नहीं हुआ करती थी। एक अकेली किताब। इसके अलावा दूसरी किताब तो क्या, एक चित्रात्मक पेज भी दूसरा नहीं हुआ करता था। हम चित्रात्मकता के लिए दीवार पोस्टर, चुनावी पोस्टर, माचिस की डिबिया और ज़्यादा शहरी हुए तो सिनेमा के पोस्टरों को निहारा करते थे? याद आया? घर में आता पारले जी का बिस्कुट और निरमा डिटर्जेन्ट का चित्र। रथ वनस्पिति का चित्र या जैट माचिस। याद आया? 

और आज? आज तो तमाम एप्स हैं। कस्बों-देहातों में अख़बार हैं। व्हाट्स एप है। गूगल है। अब? इस कविता से रटने के स्तर पर छोड़कर, नैतिकता की दुहाई देकर, लय, छंद तुक, ताल को छोड़कर क्या हासिल होने वाला है? इसका चित्र? गौर से देखिए!  

आज के सन्दर्भ में यह कहना कि यह कविता सुबह उठने की वकालत करती है। यह और भी हास्यास्पद ही है। हम सब जानते हैं कि आज के सन्दर्भ में दिन-रात का अंतर ही पाट दिया गया है। कुछ शहर तो कभी सोते ही नहीं। ‘पूरी नींद लेने के बाद ही उठना चाहिए।‘ यह कविता जल्दी सोने की बात करती तो बात समझ में आती। आज तो मेधावी छात्र क्या और शिफ्ट में काम पर जाने वाले कार्मिक क्या? देर रात तक जगते हैं और जल्दी नहीं उठते। पूरी नींद लेते हैं। जिस कक्षा के स्तर पर यह कविता पढ़ाई जाती रही है वहां सुबह उठना चाहिए, ध्वनित होता रहा है। ये ‘चाहिए‘ शब्द मात्र ‘सीख-सन्देश‘ और ‘उपदेश‘ से भरा मात्र है। ‘चाहिए‘, ‘ये मत करो‘, ‘वो मत करो‘ की ध्वनि उपदेशात्मक है। उपदेश किसी को नहीं भाते। आज के बच्चों को तो कतई नहीं। 

मुझे तो उन पैरोकारों पर हंसी आती है जो ऐसी कविताओं को पाठ्यपुस्तकों में आज शामिल करने की वकालत कर रहे हैं। अपनी खोखली, अतार्किक जड़ताओं का ही प्रतिफल है कि वे जानते ही नहीं कि भाषा के व्यापक और असली मक़सद हैं क्या। हास्यास्पद बात तो यह है कि मैं भली ही शिक्षा जगत के नामचीन संस्थानों में काबिज हो गया हूं। ऐसे संस्थानों में रहा हूं जो अध्यापकों का अभिमुखीकरण करते हैं। पहले तो मेरा अभिमुखीकरण होना जरूरी है। मैं पाठ्य पुस्तक लेखन, संपादन से जुड़ा हूं। खुद को बाल साहित्यकार मानता हूं। पुरस्कार-सम्मान का पिपासु हूं। खुद को श्रेष्ठतर अध्यापक मानता हूं। संबंधों के जरिए वहां तक तो पहुंच गया लेकिन खुद की जड़ताओं को दूर नहीं कर पाया। मैं चेतना के स्तर पर इतना विचार शून्य हूं कि इशारों में दूसरे अहसास कराते तो हैं लेकिन मैं समझना ही कहां चाहता हूं? 

बहरहाल मुझे देखिए कि एक कविता है छह साल की छोकरी, भर कर लाई टोकरी। ये कोई कविता है? बच्चे क्या सीखेंगे? हमारे यहां तो छोकरी वो होती है जिसके मां-बाप नहीं होते। जब मुझे बताया जाता है कि अब यह कविता तो आगामी अप्रैल से कक्षा एक में पूरे उत्तराखण्ड के बच्चे पढ़ने वाले हैं। मैं हैरान हो जाता हूं। तब छोकरी शब्द पर बात हुई। शब्दों के विस्तार पर बात होती है। आंचलिकता और शब्दों की सार्थकता पर बात हुई तो मैं बगले झांकने लगता हूं। 

दृष्टि भी गहरी हो और दृष्टिकोण भी। यह कैसे होगा? जब हम नये से नया पढ़ेंगे। पुराना भी पढ़ेंगे। देशकाल और परिस्थितियों का विश्लेषण करेंगे। बच्चों का मनोविज्ञान जानेंगे। ‘आदेशात्मक‘ और ‘नसीहतों’ से इतर सहयोगात्मक रचना सामग्री पर गौर करेंगे। 

इस कविता में बच्चों की ध्वनि है ही नहीं। पूरी बात मां के मुख से कही जा रही है वह भी सीख और नसीहत भरी। आज पूरी दुनिया में इस तरह के साहित्य को नकारा जा रहा है जो बड़ों की ओर से बच्चों को सीख के तौर पर दिया जा रहा है। ठूंसा जा रहा है। बच्चों को किसी भी युग में सुबह उठना अच्छा नहीं लगता। कभी नहीं। हमें भी नहीं लगता। पूरी कविता बड़ों की नज़र से दुनिया दिखाने वाली है। बड़ों की राय कि व्यर्थ में न समय गंवाओं। दूसरी तरफ आप कहते फिरते हैं कि पूरी जिन्दगी में हसीन क्षण तो बचपन के थे। तो बचपन को जीने दो न? 

वे अच्छी तरह से जानते होंगे जो पाठ्य पुस्तक लेखन-निर्माण प्रक्रिया से जुड़े हैं। बुनियादी कक्षाओं में कविता लय, ताल, छंद में ही हो ये आज जरूरी नहीं है। इससे ज़्यादा ज़रूरी है कि वहां उनकी अस्मिताओं की रक्षा हो रही हो। वहां उनकी दुनिया की सकारात्मक चीज़ें शामिल हो रही हों। चित्र और कथ्य कल्पना को और विस्तार देते हों। वह भी बगैर किसी पंथ, लिंग और धर्म को तरजीह देकर या किसी को हतोत्साहित कर या किसी को दरकिनार कर। 

पाठवार ग्रिड निर्माण के अनुभव भी बताते हैं कि बुनियादी कक्षा में कविताओं का चयन करते समय बहुत जरूरी बातें जो ध्यान में रखनी होती है उसमें चित्र, शब्द और चित्र के सह-संबंध खास हैं। शब्द पहचाने और पढ़ने की शुरुआत के अवसर देने वाली कविता हों। बचकानी और बेतुकी नहीं। कुछ खास स्थापित करने वाली नहीं। ‘तुम बुरे हो।‘ ‘तुम्हारी ये आदतें अच्छी नहीं हैं।‘ ‘तुम्हें ये नहीं करना चाहिए।‘ ‘सच बोलना चाहिए।‘ ‘जीवों पर दया करो।‘ इनसे कभी काम नहीं चला और न चलेगा। इससे पहले संवेदना के स्तर पर और आनंद के जरिए उनकी अहमियत वाले पाठ चाहिए। अभिव्यक्ति और चिंतन को सक्षम बनाने वाले भाव चाहिए। यह सकारात्मक पाठों से आएंगे। ये सही है और ये गलत है, इस शैली को थोपने वाली रचनाएं नहीं चलेंगी। 

‘सुबह उठना चाहिए।‘ वाली नसीहतों को मान्यता देने वाले और उस पर अडिग रहने वाले आज भी बच्चों को हरा आसमान नहीं बनाने देते हैं। बच्चों को पत्तियों में हरा रंग ही भरने को बाध्य करते हैं। बच्चे जब कला की ओर उन्मुख हो रहे होते हैं तो यह कहने से नहीं चूकते अभिभावक कि यह काम खाली समय में करा करो। छुट्टी के दिन किया करो। अभी और विषय पढ़ो। 

यह चुके हुए अभिभावक हैं। चुके हुए साहित्यकार हैं और अध्यापक के तौर पर हो गए अध्यापक हैं बन गए अध्यापक नहीं हैं। ये सब यह नहीं जानते कि बच्चे की कल्पना का संसार अनूठा है। सृजनात्मकता एक ऐसी उड़ान है जिसकी डोर जितनी ढीली छोड़ेंगे उतनी ही वह और ऊपर जाएगी। 

हमारा आग्रह आज भी कविता के शरीर पर ही जाता है। कविता की कला यानि उसकी बनावट जिसमें छंद, अलंकार, गेयता, तुक आदि है। कविता की आत्मा पर कम ही ध्यान जाता है। आत्मा क्या है? आत्मा उसका भाव है। वह कैसा विचार दे रही है। क्या स्थापित करती है। रस और संवेग क्या महसूस कराती है। इस पर वे चर्चा करते हैं जो आधुनिक भाव-बोध में लिखी जा रही कविताओं से ही अनभिज्ञ हैं।   

आइए थोड़ा ओर पढ़ लीजिएगा-

ऽ अयोध्या सिंह उपाध्याय का स्वर्णिम लेखन 1910 से 1930 के मध्य माना जाता है। संभवतः यह रचना इसी मध्य लिखी गई होगी। इस कविता की उम्र लगभग 90 साल की हो गई होगी। उस दौर का बालपन और आज का बालपन एक-सा नहीं रह गया है।

ऽ उस दौर में साक्षरता दर 10 प्रतिशत भी नहीं थी। आज हमारी साक्षरता दर 75 फीसदी है। 

ऽ उस दौर में हम अंग्रेजों के गुलाम थे। तब बाल परवरिश के उद्देश्य कुछ और थे। आज हम स्वाधीन भारत का हिस्सा हैं। सूचना तकनीक का युग है। आज शिक्षा के उद्देश्यों में व्यापक फेलाव हुआ है। 

ऽ आबादी के लिहाज़ से भी परिवार संयुक्त परिवार थे। बढ़ती आबादी पर ठोस निगाह नहीं थी। 

ऽ तब वंशवाद प्रचलित था। महिलाओं और बालिकाओं की स्थिति भिन्न थी। पुत्र मोह और बालक ही परिवार और समाज की रीढ़ था। आज ऐसा नहीं है। 

ऽ आज बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ पर इसलिए भी जोर है कि पिछले सौ सालों में हमने पुत्र मोह को इतना बढ़ा दिया, इतना बढ़ा दिया कि बालिकाओं की अस्मिता और अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है। इस लिहाज से भी यह कविता और कविता का चित्र बालिकाओं के अस्तित्व को एक सिरे से खारिज करता है। जो आज के दौर में कदापि भी स्वीकार्य नहीं है। 

ऽ पानी लाई हूँ मुँह धो लो का भाव सीधा यह जा रहा है कि हे बच्चे तुम इतने प्यारे हो कि मुंह धोने के लिए मां पानी बिस्तर पर लाती है। स्वावलम्बी तो नहीं परावलम्बी बनाने का भाव स्थापित हो रहा है। 

ऽ बच्चों पर बड़ों की चिंताएं थोपी जा रही हैं। बच्चों की अपनी ध्वनि नहीं है। बच्चे सुबह को लेकर क्या सोचते हैं? यह कहीं नहीं है। शिक्षाविद् वायगोत्स्की लिखते हैं-‘भाषा उस शीशे की खिड़की की तरह है जिससे हम बाहर की दुनिया को देखते हैं। जब हम बाहर की दुनिया को देख रहे होते हैं तो हमारा ध्यान शीशे पर नहीं होता है। जब हमारा ध्यान शीशे पर जाता है तब हम समझ पाते हैं कि बाहर का संसार जैसा हमें दिख रहा होता है, उसमें उस शीशे का भी कुछ योगदान है।‘ आप कह सकते हैं कि फिर कैसी कविताएं हों। तो कुछ बानगी देना अपना दायित्व समझता हूं। 

राम सिंहासन सहाय मधुर की एक कविता है झूला। आप इसे जरूर पढ़िएगा। देखिएगा कि बच्चों की दुनिया, उन्हीं के मुख से कैसी ध्वनि देती है।

अम्मा आज लगा दे झूला,
इस झूले पर मैं झूलूँगा।
इस पर चढ़कर,ऊपर बढ़कर,
आसमान को मैं छू लूँगा।

झूला झूल रही है डाली, 
झूल रहा है पत्ता-पत्ता।
इस झूले पर बड़ा मज़ा है,
चल दिल्ली ले चल कलकत्ता

झूल रही नीचे की धरती,
उड़ चल, उड़ चल
बरस रहा है रिमझिम, रिमझिम
उड़कर मैं लूटूँ दल-बादल।

आप कह सकते हैं इसमें भी तो बालक मात्र की ध्वनि आ रही है। लेकिन इसके चित्र देखें तो इस बालक को एक बालिका झूला रही है। वहीं दूसरी डाल पर एक बालिका भी झूल रही है। इस पूरी कविता में एक बालक है और दो बालिकाएं हैं। मज़ेदार बात यह है कि जिस बालक की बारी झूलने की है वह वय वर्ग में थोड़ा बड़ा लग रहा है और उसे झूलाने वाली छोटी बालिका। तीनों बच्चे खिलखिलाकर हँस रहे हैं। पूरा आनन्द, पूरा मज़ा। कोई सीख नहीं, कोई संदेश नहीं। कोई चाहिए-वाहिए नहीं। 

एक कविता का और ज़िक्र करना चाहूंगा। यह कविता सुरेन्द्र विक्रम जी की है। आप भी पढ़िएगा और आनंद लीजिएगा। इन दो कविताओं की विस्तारित ध्वनि पर विस्तार से फिर कभी लिखूंगा। फिलहाल कविता का आनंद लीजिएगा।

मन करता है सूरज बनकर
आसमान में दौड़ लगाऊँ।

मन करता है चंदा बनकर
सब तारों पर अकड़ दिखाऊँ।

मन करता है बाबा बनकर
घर में सब पर धौंस जमाऊँ।

मन करता है पापा बनकर
मैं भी अपनी मूँछ बढ़ाऊँ।

मन करता है तितली बनकर
दूर-दूर उड़ता जाऊँ।

मन करता है कोयल बनकर
मीठे-मीठे बोल सुनाऊँ।

मन करता है चिड़िया बनकर
चीं-चीं चूँ-चूँ शोर मचाऊँ।

मन करता है चर्खी लेकर
पीली-पीली पतंग उड़ाऊँ। 

अगले किसी आलेख में एक कविता कैसे हमारे खास कौशलों का विकास करती है, उस पर चर्चा करना चाहूंगा। सुनने, बोलने, पढ़ने और लिखने के साथ-साथ विचारों को सुनना और उन्हें सुनकर समझना की ताकत भी कविता में होती है। पाठक पढ़कर भाषाई विस्तार में खुद को समृद्ध करने का काम भी अनायास कविता के माध्यम से कर पाते हैं। भाषा शिक्षण के उद्देश्यों पर विस्तार से फिर किसी आलेख में चर्चा की जाएगी। 
उम्मीद है कि तमाम असहमतियों के बावजूद आप इस ओर विचार करेंगे। यकीनन आपकी टिप्पणियों ने मुझे और गहराई में जाने का अवसर दिया। बस मैं आपसे एक निवेदन करना चाहूंगा कि अपने आग्रह बना के रखिए। लेकिन अपने-अपने प्रदेशों में सार्वजनिक विद्यालयों की भाषा की पाठ्य पुस्तकें ज़रूर देखिएगा। विशेषकर कक्षा एक,दो,तीन,चार और पांच की अवश्य देखिएगा। कुकरमुत्तों की तरह उग आए निजी स्कूलों की बात मैं नहीं कर रहा। इसके साथ एनसीईआरटी की पाठ्य पुस्तकें भी ज़रूर देखिएगा। एक बात ओर आपने जब से मोबाइल की दुनिया में कदम रखा है, तब से कितने मोबाइल और सिम बदल दिए हैं? 
कम से कम मैं नई पीढ़ी को ऐसी कविताएं पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करूंगा जो उन्हें आज्ञाकारी होने से इतर स्वतंत्र समझ के अनुभव करने के बाद निर्णय लेने का नज़रिया दे सके। उन्हें दब्बू न बनाए। उन्हें सहमत होने से अधिक असहमत होने की ओर ले जाए। शांत प्रवृत्ति से इतर उन्हें बेचैन होने का आदत डाल पाए। सहज, सरल और शांत कविता से अधिक मैं ऐसी कविताएं पढ़ना और पढ़ाना पसंद करूंगा जो उनमें आलोचनात्मक क्षमता पैदा कर सके। अंत में ये धरती, ये आसमान, ये बादल ये हवा कहां शांत हुई जाती है जो हमारे नौनिहाल शांत बनें।

फिलहाल इतना ही।

॰॰॰ 

-मनोहर चमोली ‘मनु’

सम्पर्क: 9412158688