13 फ़र॰ 2013

तलवार नहीं ढाल चाहिए, कथा-मनोहर चमोली ‘मनु’.BALHANS.Feb,1st 2013

तलवार नहीं ढाल चाहिए

कथा-मनोहर चमोली ‘मनु’    

बहुत पुरानी बात है। राजा विजय प्र्र्ताप का जन्मदिन था। समूचा राज्य उनका जन्मदिन मना रहा था। सुबह से ही राजा को षुभकामना देने वालों का तांता लगा हुआ था। धनी और सम्पन्न राजा को कुछ न कुछ उपहार दे रहे थे। षाम होने को थी। अब दरबारी भी राजा को जन्मदिन की बधाई देने लगे।
महारानी ने राजा के कान में कुछ कहा। राजा ने हामी भरते हुए दरबारियों से कहा-‘‘मैं आज बहुत प्रसन्न हूं। जो चाहे मांग लो।’’
फिर क्या था। किसी ने स्वर्ण तो किसी ने रजत मुद्राएं मांग ली। किसी ने मोतियों की माला मांगी तो किसी ने तीर मांग लिया। मंत्री ने तलवार मांगी तो राजा ने अपनी प्रिय तलवारों में से एक उसे दे दी। मंत्री के बाद तो कई दरबारियों ने भी तलवार मांगनी षुरू कर दी। राजा ने सबकी मांग पूरी कर दी।
दरबार में महतो भी था। वह राजा का सेवक था। वह चुपचाप कोने में खड़ा था।
राजा ने कहा-‘‘महतो। तुम भी कुछ मांग लो।’’
महतो ने धीरे से कहा-‘‘महाराज। मुझे तो ढाल ही दीजिएगा।’’
यह सुनकर दरबारी हंस पड़े। सेनापति ने चुटकी लेते हुए कहा-‘‘ लगता है महतो को तलवार उठाने से डर लगता है।’’ हर कोई सेनापति की हां में हां मिलाने लगा।
राजा बोले-‘‘कहो महतो। कुछ और मांग लेते। ये तुच्छ सी ढाल क्यों चाहते हो?’’
महतो ने सिर झुकाते हुए कहा-‘‘महाराज। मेरी आयु भी आपको मिल जाए। लेकिन मैं सोचता हूं कि ये तलवार हमेषा मारने-काटने का ही काम करती है। वहीं ढाल बचाने का काम करती है। वैसे भी बड़े कह गए हैं कि मारने वाले से बचाने वाला भला। तो भला मैं तलवार लेकर क्या करूंगा!’’
राजा समझ गए। मुस्कराते हुए दरबारियों से बोले-‘‘ महतो ठीक कहता है। आप सब तो तलवार उठाकर दुष्मनों से लड़ेंगे। किंतु अवांछित प्रहार से मेरी रक्षा करने वाला भी तो कोई होना चाहिए।’’
 
यह सुनकर दरबारियों के सर झुक गये।
वहीं महारानी ने महतो को अपने गले का हीरों का हार महतो को उपहार में दे दिया। 000

शर्म कैसी -मनोहर चमोली ‘मनु’.Champak.feb 1st 2013

शर्म कैसी

-मनोहर चमोली ‘मनु’ 

मोतीवन में आग लग गई। मलकू लोमड़ और सोलू गधा जान बचाकर चंपकवन में आ गए। शेर सिंह ने सारा किस्सा सुनते हुए कहा-‘‘तुम दोनों चंपकवन में रह सकते हो। तुम्हारे चालचलन को देखते हुए ही तुम्हारे यहां रहने की अवधि बढ़ाई जाएगी। अन्यथा तुम्हें चंपकवन छोड़ना होगा।’’ मलकू लोमड़ और सोलू गधा ने हाथ जोड़े और दरबार से बाहर चले गए।
‘‘यार मलकू। हमें चंपकवन में रहने की इजाजत तो मिल गई। लेकिन हम यहां करेंगे क्या? खाएंगे क्या?’’ सोलू गधा बोला। मलकू लोमड़ ने गरदन झटकते हुए जवाब दिया-‘‘अरे बेवकूफ! जब रहने का बंदोबस्त हो गया है तो खाने का भी हो जाएगा। मैं तो चला नदी में नहाने के लिए। पहले नहाधोकर आराम करुंगा। फिर खाने-पीने की सोचूंगा।’’ यह कहकर मलकू लोमड़ नदी की ओर चला गया।
सोलू गधा चंपकवन की बस्ती में जा पहंुचा। जंबो हाथी सब्जी काट रहा था। सोलू गधा बोला-‘‘मैं आपकी मदद करूं? मैं भी सब्जी काट सकता हूं।’’ यह कहकर वह जंबो हाथी की मदद करने लगा। दोनों ने मिलकर ढेर सारी सब्जी काट दी। जंबो हाथी ने कहा-‘‘लगता है परदेशी हो? अब खाना खाकर ही जाना।’’ दोनों ने मिलकर खाना बनाया और मिलबांटकर खाया। सोलू ने कुछ देर आराम किया फिर वह आगे बढ़ गया।
सोलू ने देखा कि हैरी घोड़ा पीठ पर ईंट लादकर ले जा रहा है। वह हैरी से बोला-‘‘मैं भी ईंट ले जा सकता हूं।’’ सोलू गधा भी अपनी पीठ पर ईंट लादकर ले जाने लगा। डैरी भालू का मकान बन रहा था। दोनों शाम तक पीठ पर ईंट लादकर डैरी भालू के मकान की ओर पहुंचाते रहे। डैरी भालू ने दोनों को कुछ रुपए देते हुए कहा-‘‘ये लो तुम्हारी मजदूरी। आज का काम खत्म। हाथ-मुंह धो लो। फिर खाना खाकर चले जाना। कल जरूर आना। और हां, कल तुम दोनों सुबह, दोपहर और रात का भोजन मेरे साथ ही करोगे।’’ हैरी और सोलू ने डैरी भालू के घर पर स्वादिष्ट भोजन किया। हैरी घोड़ा सोलू को अपने घर ले गया। हैरी ने सोलू से कहा-‘‘तुम मुझे अच्छे लगे। जब तक चाहो मेरे घर रह सकते हो। मैं भी अकेला हूं। एक से भले दो।’’
वहीं मलकू लोमड़ नदी में नहाने घुसा तो सैकी मगरमच्छ ने उसकी टांग पकड़ते हुए कहा-‘‘मुझसे पूछे बिना नदी में कैसे घुस आया। फिर कभी यहां दिखाई दिया तो, समझ लेना।’’ जख्मी मलकू लगड़ाता हुआ नदी से बाहर निकला। रास्ते में उसे एक नारियल दिखाई दिया। उसने नारियल हवा में उछाल दिया। नारियल मधुमक्खी के छत्ते से जा टकराया। गुस्साई मधुमक्खियों ने मलकू लोमड़ को काट खाया। रोता-बिलखता मलकू किसी तरह जान बचाकर एक गुफा में जा छिपा। गुफा में लैपी तेंदुआ आराम कर रहा था। उसने मलकू लोमड़ को जमीन पर पटक दिया। बचता-बचाता मलकू इधर-ऊधर चक्कर काटता रहा।
 मलकू लोमड़ बचा-खुचा और सड़ा-गला मांस खाकर किसी तरह अपने दिन काट रहा था। वह किसी से न तो बात करता न ही किसी से मेलजोल बढ़ाने की कोशिश करता।
एक दिन मलकू लोमड़ चंपकवन के चैराहे पर टहल रहा था। उसने सोलू गधा को एक ढाबे में खाना पकाते हुए देखा। वह हैरानी से बोला-‘‘अरे। सोलू। तुम यहां खाना पका रहे हो? तुम्हें शर्म नहीं आती?’’
सोलू ने मलकू लोमड़ का स्वागत करते हुए कहा-‘‘मुझे खाना खाने में शर्म नहीं आती तो खाना पकाने में कैसी शर्म। क्या तुम्हें खाना अच्छा नहीं लगता? खाना ही तो पका रहा हूं। चोरी तो नहीं कर रहा! मैं इस ढाबे में काम करता हूं। मेरा मालिक मुझे रोटी और कपड़ा देता है।’’ फिर सोलू ने मलकू लोमड़ को ढाबे में भोजन करवाया। छुट्टी लेकर मलकू लोमड़ को हैरी घोड़े से भी मिलवाया। लेकिन मलकू लोमड़ फिर भी अपनी आदत से बाज नहीं आया। वह यहां-वहां खाली भटकता रहा।
दिन गुजरते गए। फिर एक दिन उसे शहर कोतवाल चीता सिंह मिला। चीता सिंह ने मलकू लोमड़ से कहा-‘‘मलकू। तुम्हारे मोतीवन की आग अब बुझ चुकी है। 24 घंटे के अंदर तुम्हें चंपकवन छोड़ देना है। नहीं तो जेल में सड़ने के लिए तैयार रहना। समझे तुम।’’ मलकू हाथ जोड़ते हुए बोला-‘‘जी ठीक है। मैं अपने दोस्त सोलू को अभी खबर कर देता हूं।’’
‘‘उसकी कोई जरूरत नहीं है। सोलू गधा जब तक चाहेगा, चंपकवन में रह सकता है। वह मेहनती है। ईमानदार है। उसे देख-देख कर चंपकवन के कई निठल्ले काम-काज करने लगे हैं। अब तुम यहां से फूटोगे या मैं तुम्हें बाहर तक खदेड़ने का इंतजाम करूं?’’ कोतवाल चीतासिंह ने मलकू लोमड़ से कहा।
आलसी मलकू दुम दबाता हुआ चंपकवन छोड़कर चला गया। 000

12 फ़र॰ 2013

हर दिन है अनमोल  

-मनोहर चमोली ‘मनु’

‘‘अरे चूंचूं ! उठो। देखो। सूरज सिर पर चढ़ आया है। साल भर ऐसे ही सोते रहोगे तो इम्तिहान में क्या खाक पास होओगे। चलो उठो।’’
‘‘क्या दादा जी! सोने दो न। आज तो वैसे भी संडे है।’’
‘‘अच्छा बच्चू। संडे हो या मंडे। दिनचर्या ऐसी होनी चाहिए कि हमें कभी पछताना न पड़े। चलो उठो। नहीं तो मैं तुम्हारे सिर पर एक बाल्टी पानी डाल दूंगा।’’ पानी का नाम सुनते ही चूंचूं चूहा एक झटके में उठ गया। चूंचूं आंख मलता हुआ मुंहहाथ धोकर दादा जी के सामने खड़ा था।
‘‘अब चलो। थोड़ा घूमकर आते हैं। ताजी हवा खाओगे तो दिमाग भी तरो-ताजा हो जाएगा। तब तक तुम्हारे लिए तुम्हारी मम्मी गरमा-गरम नाश्ता बना देगी।’’ चूंचूं के दादा जी ने चूंचूं से कहा। चूंचूं को न चाहते हुए भी दादाजी के साथ घूमने जाना पड़ा। टहलते हुए वे दोनों एक पार्क पर जाकर बैठ गए।
‘‘अच्छा चूंचूं। तुम अभी से परीक्षा की तैयारी क्यों नहीं करते?’’ चूंचूं के दादा जी ने पूछा।
‘‘दादा जी। परीक्षा तो दो महीने बाद होगी। अभी से क्या तैयारी करनी।’’ चूंचूं ने खीजते हुए कहा।
चूंचूं के दादा जी मुस्कराते हुए बोले-‘‘चूंचूं। जरा एक काम करना। सामने वो गुलाब का फूल है न। जरा उसकी चार पंखुड़िया तोड़कर ला सकते हो।’’
चूंचूं चूहा बोला-‘‘क्या दादा जी। आप भी न। ये भी कोई मुश्किल काम है। ये लो। मैं ये गया और ये आया।’’ चूंचूं दौड़कर गया और गुलाब के एक फूल से पंखुड़िया तोड़ कर ले आया।
‘‘ये लो दादाजी। आपने चार पंखुड़ियां मंगाई थी न। मैं आठ ले आया।’’ चूंचूं चूहा अपनी पूंछ हिलाते हुए बोला।
‘‘शाबास। अब एक काम और करो। इन पंखुड़ियों को फिर से उसी फूल में वैसे ही लगा दो, जैसे यह कभी तोड़ी ही नहीं गई हो।’’ दादाजी ने वे पंखुड़िया वापिस करते हुए चूंचूं चूहे से कहा।
चूंचूं ने कहा-‘‘लेकिन दादा जी। ये पंखुड़िया फूल से अलग होकर अब दोबारा उससे जोड़ी नहीं जा सकती।’’
दादाजी ने तपाक से जवाब दिया-‘‘बिल्कुल ठीक। ठीक उसी प्रकार आज का संडे दोबारा वापिस नहीं आ सकता। उसी प्रकार एकएक दिन बीतता चला जाता है। सप्ताह,महीना और फिर दूसरा महीना। फिर पूरा एक साल। यदि तुम हर रोज पढ़ाई पर ध्यान दोगे। अपना सबक रोजा़ना समझ कर पढ़ते रहोगे, तो तुम्हें इम्तिहान के दिन कोई परेशानी नहीं होगी। समझे कुछ।’’
चूंचूं चूहा सिर हिलाता हुआ बोला-‘‘समझ गया दादाजी। आपने सही कहा। अब मैं रोज सुबह जल्दी उठूंगा। रोज पढ़ाई करुंगा। अब घर चलें? नाश्ता बन गया होगा न। ’’
दादा जी ने चूंचूं को गले से लगा लिया।
-मनोहर चमोली ‘मनु’
-कहानी
मेरी उलझन
-मनोहर चमोली ‘मनु’ 
‘‘बड्डन भाई नमस्ते।’’ राखी नेे भाई को फोन किया। बलदेव सबसे बड़ा था। बचपन में उसे प्यार से बड्डन कहते थे। मनोज मंझला था, तो प्यार-दुलार में उसे मुंज्जे कहा जाने लगा। छोटेलाल भाईयों में छोटा था, तो वो छुट्टन हो गया। राखी, राखी ही रही। उसका प्यार का नाम नहीं रखा गया। आखिर वो तीन भाईयों के पीछे जो हुई थी। तब तक शायद घर के बड़े-बूढ़ों का प्यार बंट चुका था।
बड्डन ने राखी की बात का जवाब देते हुए कहा-‘‘नमस्ते-नमस्ते। और....क्या हो रहा है राखी?’’
‘‘बस कुछ नहीं। सब ठीक है। वो...मां तीन दिनों से फोन नहीं उठा रही। तुम्हारी बात हुई?‘‘ राखी ने पूछा।
‘‘अब क्या हुआ उन्हें? सात-आठ दिन पहले तो मेरी बात हुई थी।’‘ बड्डन की झुंझलाती हुई आवाज राखी ने सुनी।
‘‘सात-आठ दिन और आज-कल में फर्क होता है भाई। मां की तबियत ठीक कहां रहती है। जानते तो हो। अब मां फोन नहीं उठा रही है तो मैंने सोचा कि तुम्हें शायद कुछ पता हो। चलो कोई बात नहीं। मैं मुंज्जे को पूछती हूं। नमस्ते भाई।’’
यह कहकर राखी ने फोन रख दिया। राखी की उलझन बढ़ने लगी। अब राखी ने मुंज्जे को फोन किया। मुुंज्जे ने फोन पर पूछा-‘‘हाॅ राखी बोल। कैसी है?’’
‘‘मैं तो ठीक हूं। मां से बात हुई?’’ राखी ने मुंज्जे से पूछा।
मुंज्जे ने याद करते हुए जवाब दिया-‘‘कई दिन हो गए। क्यूं क्या हुआ?’’
‘‘मां तीन दिनों से फोन नहीं उठा रही है। मुझे तो घबराहट हो रही है।’’ राखी ने मन की बात कह दी।
‘‘अरे! तो क्यों परेशान हो रही हो। वहाॅ मौसम गड़बड़ होगा।’’ मुंज्जे ने आसानी से कह दिया।
‘‘नहीं मुंज्जे। मौसम की बात नहीं है। मौसम तो आते-जाते रहते हैं। मुझे तो कुछ गड़बड़ लग रही है। कहीं मां...। मुझे लगता है वो परेशान है। या......’’ राखी ने इतना ही कहा था कि उसके कानों में मुंज्जें की झल्लाहट जोर से आ पड़ी। ‘‘या-वा को छोड़ो। आस-पड़ोस में फोन कर लो।’’
राखी ने भी तत्काल जवाब दिया-‘‘नहीं भाई। माॅ चिढ़ती है न। कहती है कि यहाॅ-वहाॅ फोन मत किया करो।’’ फिर उदासी से और गहरी सांस छोड़ते हुए राखी ने कहा-‘‘अरे। भाई। लोगों को हमारी बात मां तक पहुचाने में दिक्कत जो होती है। जानते तो हो कि गांव में हमारा घर आबादी से थोड़ा दूर है।’’
मुंज्जे को जैसे बात करने में परेशानी हो रही थी। बोला-‘‘अच्छी तरह जानता हूं । तो। क्या करना है? मेरे पास तो छुट्टी भी नहीं है। बड्डन भाई को फोन करती न। शायद उसे पता हो।’’
राखी ने जोर देकर कहा-‘‘पहले उन्हें ही किया था। चलो कोई बात नहीं।’’
फोन पर दोनों चुप हो गए। मुंज्जे को लगा कि कुछ गलत कह गया है वो। कहने लगा-‘‘छुट्टन को फोन किया......? या मैं करूं?’’ राखी ने बात को संभालना चाहा हो जैसे-‘‘नहीं रहने दो। वो यूं ही परेशान हो जाएगा। चलो ठीक है। मैं ही छुट्टन से पूछ लेती हूं। देखती हूं। उसे क्या खोज-खबर है मां की।’’ यह कहकर राखी ने फोन रख दिया।
अब राखी ने छुट्टन का नंबर मिलाया। छुट्टन ने छूटते ही कहा-‘‘ अरे। राखी। मैं जरा पार्टी में हूं यार। बाद में बात कर लें? चल छोड़। मैं थोड़ी देर में काॅल बैक करता हूं। वैसे सब ठीक तो है न?’’ राखी की आवाज गले में रुक गई हो जैसे। उसे लगा कि कहीं उसने किसी ओर का नंबर तो नहीं मिला दिया। खुद को फोन पर संभालते हुए बोली-‘‘सब ठीक है। काॅल बैक करने की तो तू बात मत कर। रहने दे तू। तेरी काॅल बैक आज तक तो कभी नहीं आयी। आज क्या आएगी। सुन तो...तेरी माॅ से बात हुई इन दिनों?’’
उधर जैसे छुट्टन कहीं भीड़ में हो या उसे कहीं जाने की जल्दी हो रही हो। राखी ने मानो मां के बारे में नहीं किसी दूर के पड़ोसी के बारे में पूछ लिया हो। वह लापरवाही से बोला-‘‘नहीं यार। चल ठीक है। मैं करता हूं न तेरे को फोन थोड़ी देर में। ठीक है। तब बात करते हैं।’’ राखी हैलो-हैलो करती रही। उधर छुट्टन की आवाज फोन के स्पीकर पर आनी बंद हो गई। राखी ने अपने मोबाइल को ऐसे घूरा, जैसे मोबाइल में कोई तकनीकी खराबी आ गई हो। राखी जानती थी कि फोन कटा नहीं था, काटा गया था। वह धीरे से कुर्सी पर बैठ गई। मां की पुरानी तसवीर पर जमी धूल को देखने लगी।
धूल केवल चीजों पर नहीं जमती। हमारे रिश्तों में भी जम जाती है। ऐसी धूल जिसे जमता हुआ हम देख रहे होते हैं। लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाते कि उस धूल को हटा सकें। राखी की उलझन बढ़ती ही जा रही थी। उसने खुद से कहा-‘‘बचपन मंे हम ऐसे तो नहीं थे। चारों भाई-बहिन एक-दूसरे का कितना ख्याल रखते थे। चेहरा देखकर और आवाज की लय सुनकर जान लेते थे कि कोई क्यों परेशान है। किसी की चुप्पी को भांपकर जान लेते थे कि किसके मन में क्या चल रहा है। कौन क्या सोच रहा है। घर के सभी बड़ों की आदतों, रुचियों की हमें सटीक जानकारी रहती थी। लेकिन अब ऐसा क्या हो गया है। हम इतने बड़े कैसे और क्यों हो गये हैं? आज क्यों एक-दूसरे की चिंता को भांप नहीं पा रहे हैं? या भांप कर भी उस चिंता में साझेदारी नहीं निभा रहे हैं।’’ राखी ने कुर्सी छोड़ी और टहलने लगी। उसने फिर मां को फोन मिलाया। घंटी लगातार जा रही थी। उसे घंटी का स्वर बनावटी सा लगा।
कई बार हम किसी अपने को याद करते हैं। मोबाइल पर उस अपने का सुरक्षित नाम देखकर बात करना चाहते हैं। फिर नंबर डाॅयल करते हैं तो एक अजीब-सी अनुभूति होती है। कानों पर बजने वाली काॅलर ट्यून हमें बेहद अपनी सी लगती है। ये अपनापन... उसी अपने के फोन के आने पर महसूस नहीं होता, जितना उसे फोन करने से खुद को महसूस होता है। राखी बार-बार मां को फोन मिला रही थी। कान पर सुनाई दे रही मोबाइल टोन... राखी को डरा रही थी। राखी को लग रहा था, जैसे घंटी बार-बार घनघनाते हुए कुछ और ही सुनाना चाहती है। जिसे उसके तीनों भाई सुनना नहीं चाह रहे थे।
राखी ने अपने छोटे बच्चे को सहेली के यहां छोड़ा। पति को मनाया कि मां से शायद ये अंतिम मुलाकात हो। कुछ रुपए और मां की जरूरत का सामान जुटाया। मां की जरूरत का सामान जुटाने में उसे अच्छा-सा लगा। एक ऐसा भाव जो अपने बच्चों के लिए प्यारी चीजे़ं खरीदते समय भी कभी नहीं आया। इन सब झंझावतों में दस दिन और गुजर गए। पौ फटने से पहले ही राखी बस अड्डे पहंुच गई। पहाड़ी गीत उसके कान में बजने लगे। उसे अच्छा लगा। जैसे अपने इलाके में पहुंच गई हो। अचानक उसकी नजर टार्च और पारंपरिक लालटेन पर गयी। दुकानदार बोला-‘‘अब तो टार्च और लाॅलटेन का जमाना नहीं रहा बहन जी। मोबाइल में ही टार्च के बराबर रोशनी होती है। चार्जर वाली टार्च ने तो लालटेन और चिमनी वाले लैंप बाजार से बाहर कर दिये हैं। ये लालटेन भी मेरे पास बरसों से पड़ी है। मैं बिका हुआ सामान वापिस नहीं लूंगा।
राखी ने थोड़ी देर सोचा, फिर कहा-‘‘भैया। दे दो। जब तक बड़े-बूड़ें जिंदा हैं, उनके जमाने की चीजांे में ही उन्हें अपनापन नजर आता है। नई तकनीक के चीज़ें कब धोखा दे दें, कुछ पता नहीं। पर ये पुरानी चीज़ें कभी धोखा नहीं देतीं।’’ दुकानदार ने हां में सिर हिलाया। बस चालक ने हार्न बजाया। राखी बस में बैठ गई। देर शाम तक ही मैं मां के पास पहुंचुंगी। राखी ने सोचा।
पहाड़ी रास्तों में चलने वाली बसें भी पहाड़ी हो जाती हैं। कंडक्टर क्या और चालक क्या। सवारियों से घुल-मिल जाते हैं। पहाड़ के बाजार दो-चार दुकानों वाले भी होते हैं। इन छोटे-छोटे स्टेशनों पर सवारी के कहने से पहले ही बस खुद-ब-खुद थम जाती है। इक्का-दुक्का सवारियां या तो उतरती हैं या चढ़ती हैं। शहर से गांव में पहुंचने वाले बाजारी सामान से बस लदी होती है। कौन सा सामान किसका है, किस दुकान के पास उतारना है। कंडक्टर के साथ-साथ सवारियां भी जानती हैं। एक ही रूट पर चलने वाली बसों में बैठने वाली सवारियां भी रूटीन की ही होती हैं। राखी की तरह ऐसी सवारियां कम ही होती हैं जो सालों बाद बस पर बैठ रहे होते हैं।
राखी ने महसूस किया कि सवारियों से लबालब भरी बस को कोई जल्दी नहीं है। कोई भागम-भाग नहीं। सब साप्ताहिक चक्कर लगाते ही हैं। गांव से नाता नहीं टूटा है। आना-जाना लगा रहता है। साठ से सत्तर फीसदी सवारियां एक-दूसरे को जानती हैं। राजी-खुशी पूछ रही हैं। शहर में तो ऐसा नहीं होता। आॅटो हो या बस या रेल। सवारियां एक दूसरे से कहां बतियाते हैं। इस बस में तो पल भर में सवारियां एक-दूसरे से परिचित हो जा रही हैं। बातों-यादों का सिलसिला चल निकला है। कंडक्टर सहित चालक भी उनकी बातों में आनंद ले रहे हैं।
राखी ने देखा कि गांव-दर-गांव पानी आ गया है। बिजली है। कोर बैंकिंग सेवा देने वाले बैंक खुल गए हैं। छिटपुट दुकानें ही सही, लेकिन शहर की दुकानों में दिखने और बिकने वाला सामान यहां भी बिक रहा है। मोबाइल टाॅवरों से पहाड़ रंगे हुए हैं। बस में हर पांच-सात मिनट में कोई न कोई मोबाइल घनघना रहा है। वो भी कई बार मां का नंबर मिला चुकी है। कानों में घुल चुकी रिंग टोन सुनकर वह उदास हो रही है। राखी सोच रही है कि काश! उसकी मां भी फोन कर उसे पूछती कि बता कहां तक पहुंची है अब। जैसे दूसरी सवारियों के परिजन बार-बार फोन कर के पूछ रहे थे। फिर उसे याद आया कि मां को मोबाइल चार्ज करना भी कहां आता है। नंबर मिलाना भी नहीं। वो तो गांव का कोई उस तरफ आ जाता होगा तो मान-मनुहार कर अपना मोबाइल दिखवा लेती होगी। कई बार तो छाती से चिपका हुआ मोबाइल स्विच आॅफ हो जाता है मां का। कई बार बैटरी लो हो जाती है। राखी यह सब सोच कर मुसकराई, फिर परेशान भी हो गई।
राखी ने इस बार तय कर लिया था कि वो मां को मोबाइल के कई फंक्शन सीखाएगी। दो-तीन दिन रहकर उसकी जरूरत का और सामान खरीदकर घर भर देगी। अपनी सारी उलझनें दूर करके ही वापिस लौटेगी। क्या पता अब कब आना होगा। बस। मां की सेहत ठीक होनी चाहिए। वो कहीं बीमार न हो। उसका मन बार-बार कह रहा था कि सब कुछ ठीक नहीं है। मां को तकलीफ है। अब मां कान भी कम सुनती है। आंख भी कम देखती है। बस लगभग पांच बजे के आस-पास गांव की सड़क के किनारे पर रुकी। राखी ने अपने तीनों नग उतारे। बस आगे निकल गई। धार से नीचे राखी का मायका दिखाई दे रहा था। गांव से दूर उसका बचपन का घर धुंधलाता हुआ दिखायी दिया। जैसे उसे चिढ़ा रहा हो। राखी और उसके भाईयों का बचपन उसी घर में तो बीता था। उसे याद था कि जब वो पिछली बार आई थी तो आसमानी रंग की पुताई कर के गई थी। लेकिन उसे घर का रंग-रोगन गहरे हरे रंग का दिखाई दे रहा था। तभी तो पेड़-पौधों के बीच गौर से देखने पर ही उसे अपना घर दिखायी दिया। अचानक उसे बड्डन, मुंज्जे और छुट्टन की याद हो आयी। कल जब उसने तीनों को फोन कर के बताया कि वो गांव जा रही है। तो तीनों उसे नसीहत देने लगे। ये करना, वो मत करना। ये ले जाना। ठीक से जाना। बस का पता कर लेना। आदि-आदि।
राखी सोचने लगी। कैसे तीनों भाई ये बताना नहीं भूले कि वो मां के एकाउंट में हर महीने एक-एक हजार रुपया डालते हैं। जो नियमित कंप्यूटराइज्ड मां के एकाउंट में चले जाते हैं। छुट्टन ने तो यहां तक कह दिया कि वो इस महीने तक के हिसाब से बत्तीस हजार रुपये भेज चुका है। क्या मां को रुपए भेजना और उसे याद रखना अच्छा है? क्या मां को वक्त-जरूरत पर अपने बच्चों का संग-साथ नहीं चाहिए? क्या कोई मां सिर्फ रुपयों से जीवन काट सकती है? क्या हमारा जीवन इतना अहम् हो गया है कि जिसने हमें जीवन दिया, हम उसके लिए समय न निकाल सकें? राखी इन सवालों का जवाब खुद से पूछती हुई आगे बढ़ रही थी।
जाड़े के दिनों में दिन छोटे हो जाते हैं। रात जल्दी अपने पैर पसार लेती है। दिन की धूप अच्छी लगती है और रात को जल्दी से बिस्तर में घुस जाना भाता है। कई बार रात को नींद उचट गई तो जागते हुए भी बिस्तर छोड़ने का मन नहीं करता। हवा तेज बहने लगी थी। राखी का शरीर कांपने लगा था। उसे पता ही नहीं चला कि वो ठीक अपने घर के दरवाजे के सामने खड़ी है। दरवाजे पर सांकल चढ़ी थी और सांकल पर ताला जड़ा था। राखी खलिहान पर ही पसर गई थी। पैरों में करंट सा दौड़ रहा था। अंधेरा होने को था और मां का कुछ पता नहीं। आस-पास कोई घर भी तो नहीं। वो गांव के रास्ते से नहीं आयी। धार-धार होकर आयी थी। अन्यथा गांव में तो पता चल ही जाता कि मां है कहां। उसने आस-पास नजर दौड़ाई। एक बण्ठा और केतली बाहर थी। लोटा जल से आधा भरा था। पुरानी चप्प्लें, मां की पुरानी साड़ी तार पर बंधी थी।
राखी को यह समझने में देर तो नहीं लगी कि मां सुबह तो यहीं थी। आंगन पर रखे झाडू को देखकर राखी ने अनुमान लगा लिया कि उस झाडू से सुबह साफ-सफाई की गई है। इसका मतलब मां बिस्तर पर तो नहीं है। पर ये भी संभव है कि बहुत बीमार हो और किसी के घर पर लेटी हो और घर की सफाई किसी बच्चे से करवाई हो। तभी खलिहान की ओर आते रास्ते में एक साया सा मंडराया। अब लगभग अंधेरा हो ही चला था। साये को देखकर राखी ने पूछा-‘‘मां?’’
‘‘हां मेरे बच्चे। मैं ही हूं।’’ राखी की मां ने ही कहा। मां दौड़कर आयी और राखी से लिपट पड़ी। राखी को लगा जैसे धूप में सूखाए रजाई-गद्धों की गरमाहट मां की देह से आ रही हो। दोनों फूट-फूट कर रोने लगे। किस बात पर। ये दोनों नहीं जानते थे। जी भर कर रो लेनेे पर अब सिसकियों की बारी थी। सिसकियों के बाद आसंूओं को पोंछने की। फिर नाक में भर आये पानी से चिपकती हुई हवा को संभालने की। मां ने कहा-‘‘चल बेटा। पहले रोशनी करती हूं। कितने सालों बाद आयी मां की याद? है न? तूने कितने फोन किये रे मुझे। सब पता है मुझे। कितनी बार मन किया कि फोन उठा लूं। पर नहीं उठाया। मैं जानती थी, तभी तू आएगी। नहीं तो तेरा शहर और शहर की गृहस्थी कहां छोड़ते तूझे। बस तेरा ही मन करता है मुझसे बात करने को। और कोई नहीं रहा मेरा क्या? वो क्या कहते हैं इसे? मिसस काॅल न?’’ यह कहकर हंसने लगी। फिर बोली-‘‘जल्दी से हाथ-मुंह धो ले। वो पीछे एक गागर और रखी है। घाम से उसमें गरम-गरम सा होगा पानी।’’ यह कहकर उसने जल्दी से चाबी निकाली और दरवाजा खोलने लगी।
राखी ने हाथ-मुंह धोया। वो घर के चारों ओर का मुआयना करने लगी। तभी उसकी मां चाय बना कर ले आयी। अब बाहर घुप्प अंधेरा पसर चुका था। दोनों भीतर वाले कमरे में चले गए। राखी ने कमरे को गौर से देखना चाहा। वो जताना नहीं चाहती थी कि उसे कमरे की एक-एक चीज की टोह लेनी है। एक कोने पर टी.वी. रखा था। जो कभी पहले नहीं था। मां ने कभी फोन पर बताया भी नहीं। एक पुराना रेडियो ही रहता था मां के पास। अब तो टी.वी. के पास ही दूसरा एफ.एम.वाला नया रेडियो भी रखा हुआ था। पुरानी लालटेन एक तार में बंधी थी। मेज पर बैटरी वाली लालटेन रखी थी। बैटरी वाली टार्च भी मौजूद थी।
    मां जैसे सब जान रही थी। बोली-‘‘अब अकेले मन नहीं लगता तो ममता रख गई इस टी.वी.को। अरे। ममता राजू की बहू। वही राजू ....जो तेरी चोटी खींचा करता था। वो तो दिल्ली है। वहीं से ममता के लिए रंगीन टी.वी. ले आया, बस वो इस टी.वी.को यहां रख-छोड़ गई। कहने लगी, घर में पड़ा था, यहां काम आएगा। मैंने पैसों की बात की तो नाराज हो गई। आए दिन आ जाती है। यहीं सो जाती है। मेरा खूब ख्याल रखती है। बड़ी होशियार है।’’
चाय का गिलास हाथ में लिए राखी अब रसोई में चली गई। स्टोव की जगह अब गैस रखी थी। सोलर लालटेन, दो प्रेशर कुकर, तांबे की गागर नई थी। मां भी पीछे-पीछे चली आयी। कहने लगी-‘‘अरे कुछ खास नहीं है तेरी मां के पास। अब रहना है, तो जीना है। जीना है तो खाना है। खाना है तो सामान तो चाहिए न। अब नहीं होता मुझसे। बुढ़ापा भारी है। तीन महीने पहले तक तो गाय थी। कुछ बकरियां भी थीं। सब बेच दिया मैंने।’’ राखी कुछ न बोली। अदरक, काली मिर्च और तुलसी के पत्तों में बनी चाय से उसकी सारी थकान दूर हो गई थी। मां के दोनों कंधों पर हाथ रखते हुए राखी ने धीरे से कहा-‘‘चल मेरे साथ। कब तक अकेली रहेगी यहां।’’
मां ने राखी के सिर पर हाथ रखते हुए कहा-‘‘जब जाना था, तब नहीं गयी। अब नहीं। इस घर में तेरे पिताजी की, तेरी और तेरे भाईयों की ढेर सारी यादें जुड़ी हैं। जब तक चलूंगी..... तब तक चलूंगी। वहां शहरों में शरीर से कौन चलता है। मेरा चलना बंद हुआ तो मेरी सांस भी बंद हो जाएगी। चल.... मैं खाना बनाती हूं। तू थकी होगी। तू टी.वी. देख। यहां सारे चैनल आते हैं। तेरे शहर वाले सारे। मर्जी का देख ले।’’
‘‘नहीं मां। दोनों बनाते हैं न कुछ मिलकर। बातों ही बातों में खाना बन जाएगा।’’ राखी ने कहा। दोनों वहीं रसोई में पटरियों में बैठ गए। राखी ने मां को गौर से देखा-‘‘सत्तर से अधिक वसंत देख चुकी थी उसकी मां। चेहरे और माथे पर झुरिर्यों की कई लाईने एक-दूसरे पर चढ़ गयी थीं। मगर आवाज में झोल नहीं था। कमर झुकी नहीं थी। देह का रंग काला नहीं पड़ा था। चलते-फिरते और उठते-बैठते हड्डियां चरमरा नहीं रही थीं। राखी को लगा कि वो जो सामान शहर से लायी है, मां के लिए अब बेकार है। मां की जरूरतें अब वो नहीं, जो वो सोचती रही है। वो तो जमाने के साथ चल रही है। वो ही अपनी मां से कोसों दूर पीछे रह गई है।
दोनों ने मिलकर खाना बनाया और खाया। बरतन मांजे। दूध पिया। दीवान पर एक साथ लेटे और बातें करते रहें। बातें थीं कि खत्म ही नहीं हो रही थीं। कभी मां शुरू करती तो कभी राखी। देर रात राखी की आंख लग गई। तब जाकर बातों का सिलसिला टूटा। सुबह राखी उठी तो मां चाय बना कर ले आयी थी। घर-आंगन की सफाई कर चुकी थी। खलिहान के पास ही नल लग चुका था। दो गागर ताजा पानी ला चुकी थी। बाहर चूल्हे पर रखे कंटर से भाप निकलने लगी थी। रसोई में सब्जी के पकने की खुशबू बता रही थी कि मां को कहीं जाने की जल्दी है।  राखी ने चाय पी और बिस्तर छोड़ा। गरम किये गए पानी से नहा-धोकर वह तरोताज़ा हो गई। रसोई में गई तो मां रोटियां बना चुकी थी। राखी ने कहा-‘‘ये क्या मां। इतनी सुबह? मैं बना लेती न। अभी तो मैं यही हूं।’’
‘‘मुझे काम पर जाना है। दिन में आऊंगी एक घंटे के लिए। तू भात बना कर रखना। फिर पांच बजे के बाद ही लौटूंगी न।’’ मां ने नजरे बचाते हुए कहा। ‘‘मतलब? इतनी सुबह कहां जा रही है?’’ राखी चैंकी।
‘‘अरे। घर में खाली कब तक बैठना है। गांव में सौ दिन का रोजगार लगा है। सौ रुपये एक दिन के मिलते हैं। दस हजार कम नहीं होते। मेरे लिए काफी हैं। मैं शाम को जल्दी आने की कोशिश करूंगी।’’ मां ने हंसते हुए कहा। राखी को गुस्सा-सा आ गया-‘‘मां कितना पैसा चाहिए तूझे हां? मैं भी कुछ न कुछ तेरे एकाउंट में डालती हूं। तीनों भाई भी हर महीना हजार-हजार रुपया तूझे भेजते हैं। क्या वो सब काफी नहीं है तेरे लिए? हैं?’’
मां पहले तो मुस्कराई फिर उदास हो गयी। धीरे से बोली-‘‘कल तुम लोग पैसा भेजना बंद कर दो तो? तब क्या करूंगी मैं! और फिर मैं यहां किसी से भीख नहीं मांग रही हूं। कमर तोड़ मेहनत करती हूं। सारा गांव जानता है कि मैं किसी से एक पाई भी नहीं लेती। कोई मुझ पर चार पैसे खर्च करता है तो मैं उस पर आठ खरच देती हूं।’’ मां फिर सामान्य हुई। प्यार से बोली-‘‘तू चिंता मत कर। अभी सब ठीक है। जिस दिन शरीर साथ नहीं देगा तो फिर मेरे आठ-आठ हाथ हैं तो। हैं कि नहीं?’’
राखी के पास मां की बातों का अब कोई जवाब नहीं था। राखी सोचने लगी कि मां को औसतन चार हजार रुपये महीना हम लोग भेजते हैं। उन रुपयों का मां करती क्या है। मां की पासबुक देखनी पड़ेगी। मां काम पर जाने लगी। जाते-जाते कह गयी-‘‘दिन में हो सके तो बैंक चली जाना। जहां तुम्हारी बस रूकी थी न, वहीं पास में ही बैंक है। संदूक में पास बुक रखी है। बैंक न जाने कब से नहीं गई हूं। संदूक में दस-एक हजार रुपए हैं। वो जमा कर देना। घर में पैसे रखना ठीक नहीं है।’’
राखी मां के बारे में सोचने लगी। मां शरीर से बुढ़ा गई है लेकिन दिल और दिमाग से चुस्त है। हम लोग मन ही मन में जो कुछ भी सोचते हैं,उसे भांप लेती है। झट से वही बात कह देती है या उसके आगे की बात कह देती है। राखी ने संदूक से पासबुक निकाली। पास बुक में कई महीनों से लेन-देन ही नहीं हुआ था। राखी को विश्वास नहीं हुआ। जमा धनराशि के काॅलम में भाईयों के भेजे गए एक-एक हजार रुपये का विवरण था। राखी दंग रह गई कि मां ने अपने इस खाते से कोई भी निकासी नहीं की है। उसने हिसाब लगाया कि आखिरी एन्ट्री की अंकना तीस माह पहले की है। आखिरी एन्ट्री में दस हजार जमा किये गए थे। कुल जमा धनराशि पैसंठ हजार रुपये थे। राखी खुद हर महीने हजार-दो हजार रुपए भेजती ही है। कम से कम एक लाख बीस हजार रुपए की एन्ट्री अभी दर्ज होनी बाकी है। इस हिसाब से मां के एकाउंट में कम से कम एक लाख पिचासी हजार रुपए तो जमा हैं ही। राखी बड़बड़ाई-‘‘ये मां भी न। मरने के बाद और उलझनें पैदा करेगी। ’’
राखी धम्म से फर्श पर बैठ गई, जैसे पका हुआ आम धरती पर टपक पड़ा हो।000
-मनोहर चमोली ‘मनु’

11 फ़र॰ 2013

नष्ट हो जाएगा सूरज
-मनोहर चमोली ‘मनु’
‘‘अरे! चूंचूं इतनी सुबह? क्या बात है? सब ठीक तो है न?’’मीकू खरगोश ने चूंचूं चूहे से पूछा। चूंचूं चूहा सुबह-सवेरे मीकू के घर जो आ पंहुचा था।
चूंचूं ने जवाब दिया-‘‘बस ऐसे ही आ गया। सुबह-सवेरे हर कोई अपने घर पर मिल जाता है न। सो मिलने चला आया।’’
मीकू हंसते हुए बोला-‘‘अच्छा किया। लेकिन ये तो बताओ कि बात क्या है।’’
चूंचूं सिर खुजलाते हुए बोला-‘‘कई दिनों से एक ही चिंता सता रही है। सूरज अपनी एक तिहाई उम्र काट चुका है। कल क्या होगा, जब सूरज ही न होगा। सोचो। सारी दुनिया में अंधेरा छा जायेगा।’’
यह सुनकर मीकू जोर से हंस पड़ा। बहुत देर तक हंसता रहा। फिर चूंचूं से बोला-‘‘यार चूंचूं। तुमने तो सुबह-सुबह ही हंसा दिया। बहुत समय बाद इतना हंस रहा हूं।’’
चूंचूं ने झेंपते हुए कहा-‘‘मीकू भाई। इसमें हंसने वाली क्या बात है। मैंने क्या गलत कहा। मैं सही कह रहा हूं। सूरज एक दिन वाकई नष्ट हो जाएगा। कसम से।’’
मीकू खरगोश ने सिर हिलाते हुए कहा-‘‘तुम सही कह रहे हो। मानता हूं कि सूरज एक दिन नष्ट हो जाएगा। यह भी सही है कि सूरज अपनी एक तिहाई उम्र काट चुका है। एक दिन वह अपनी दो तिहाई उम्र भी काट चुका होगा। फिर एक दिन ऐसा आएगा कि वह वाकई अपनी सारी उम्र काट चुका होगा और फिर उसका अंत हो जाएगा।’’
‘‘तो फिर। मेरी बात पर तुम्हें इतनी हंसी क्यों आई?’’ चूंचूं ने नाराज होते हुए पूछा।
मीकू ने अपनी हंसी रोकते हुए कहा-‘‘बताता हूं। चूंचूं मेरे भाई। सूरज पांच अरब साल से इस धरती को रोशनी दे रहा है। लेकिन अभी वह दस अरब साल और चमकेगा। अब तुम्हें ये पता होना चाहिए कि एक साल में तीन सौ पैंसठ दिन होते हैं। सौ साल की एक सदी होती है।’’
चूंचूं ने टोकते हुए कहा-‘‘हां-हां। इकाई,दहाई,सैकड़ा,हजार,दस हजार, लाख,दस लाख।’’ यह कह कर चूंचूं चुप हो गया।
मीकू फिर से हंस पड़ा-‘‘चुप क्यों हो गए? आगे बोलो। भूल गए न? दस लाख के बाद एक करोड़, दस करोड़ फिर एक अरब और फिर दस अरब। समझे कुछ।’’
चूंचूं सिर पकड़ कर बैठ गया। सोचते हुए बोला-‘‘ये तो बहुत ज्यादा है। मैं बेकार ही परेशान हो रहा हूं।’’
मीकू ने समझाया-‘‘बिल्कुल अब तुम ठीक समझे। लेकिन तुम क्या जानते हो कि सूरज हमारी पृथ्वी का सबसे निकटतम तारा है। पूरी पृथ्वी में जितनी भी ऊर्जा का उपयोग होता है उसमें अधिकतर ऊर्जा सूरज से ही प्राप्त होती है। मजेदार बात यह है कि सूरज आग का गोला है। लेकिन यह एक गैसीय पिंड है। यानि यह न तो ठोस है न तरल।’’
चूंचूं सिर खुजलाते हुए बोला-‘‘अरे! ये तो मुझे पता ही नहीं था। रोटी के बराबर का सूरज इतना दिलचस्प है! वाकई!’’
मीकू खरगोश ने बताया-‘‘चूंचूं, जिसे तुम रोटी के बराबर समझ रहे हो न। वह बहुत विशालकाया है। सूरज के गोले का व्यास 14,00,000 किलो मीटर है। चैदह लाख किलोमीटर की दूरी की कल्पना करना मेरे वश की बात नहीं है। इसकी विशालता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सूरज को अपनी धूरी पर एक चक्कर लगाने में 25 दिन लग जाते हैं।’’
‘‘अरे बाप रे! वाकई ये तो बहुत ही दिलचस्प जानकारी है मीकू भाई।’’ चूंचूं चूहे ने खुश होते हुए कहा।
मीकू ने कुछ याद करते हुए कहा-‘‘वैसे यह बात सही है कि सूरज एक दिन समाप्त हो ही जाएगा। सूर्य में मौजूद हाइड्रोजन का भंडार हर पल नष्ट होता रहता है और हीलियम बनता रहता है। हाइड्रोजन का यह भंडार एक दिन नष्ट हो ही जाएगा।’’
चूंचूं बोला-‘‘तो इसका मतलब हुआ कि धरती में अंधेरा छा जाएगा?’’
मीकू ने कहा-‘‘बताता हूं कि क्या होगा। हाइड्रोजन खत्म हो जाने पर सूरज फूलने लगेगा। यह ठंडा होकर एक विशालकाय लाल तारा बन जाएगा। सूर्य अपने आकार से ढाई सौ गुना बढ़ जाएगा। बुध, शुक्र और हमारी धरती को वह निगल लेगा। फिर वह सिकुड़ने लगेगा। सूरज में उपस्थित हीलियम  के परमाणु भारी परमाणुओं में बदल जाएंगे। इसके बाद सूरज सिकुड़ने लगेगा। फिर सूरज सफेद तारा बन जाएगा। समय के साथ-साथ इसकी सफेद चमक भी बंद हो जाएगी और यह एक काला पिंड बन जाएगा।’’
चूंचूं की आंखें फैल गई। वह बोला-‘‘अरे बाप रे बाप! फिर क्या होगा? हम कैसे जिएंगे?’’
मीकू हंसने लगा-‘‘अभी से चिंता मत करो। उससे पहले जीने के लिए दूसरी धरती खोज ली जाएगी। ऐसा मेरा विश्वास है।’’
चूंचूं ताली बजाते हुए कहने लगा-‘‘हां। विश्वास पर तो दुनिया कायम है।’’
दोनों हंसने लगे।
000

-मनोहर चमोली ‘मनु’,

30 नव॰ 2012

___________ फुलबगिया, पहला अंक, अक्टूबर 2012...'प्यार की बातें' -मनोहर चमोली ‘मनु’

प्यार की बातें
-मनोहर चमोली ‘मनु’
‘‘मैडम जी, ये अमन बार-बार प्यार-प्यार की बातें सुना रहा है।‘‘ अमन की बगल में बैठी हुई तूलिका ने शिकायत करते हुए कहा। अध्यापिका बच्चों की हाजिरी ले रही थी। चैंक पड़ीं। गुस्से से बोली-‘‘अमन। क्या हो रहा है? खड़े हो जाओ। क्या प्यार-व्यार लगा रखा है। मैं भी तो सुनूं।’’
अमन ने अंगुलियां गिनते हुए बताया-‘‘ मैं तीन से प्यार करता हूं।।’’
‘‘तीन से! कौन तीन?’’ अध्यापिका ने सख्ती से पूछा।
अमन सहम गया। हिचकते हुए कहने लगा-‘‘एक तो गौरेया से। जिसका घोंसला बाहर आंगन में है। मैं उसके बच्चों को दाना देता हूं न। अब वो मुझे देखकर चीं-चीं करते हैं। उसके बच्चे भी मेरा आना सुन लेते हैं।’’
अध्यापिका को हंसी आ गई। वह अपनी हंसी छिपाते हुए मन ही मन मुस्कराने लगी। फिर कड़क आवाज में पूछने लगी-‘‘दूसरे के बारे में भी तो बताओ।’’
अमन ने बताया-‘‘दूसरी गिलहरी है। मैं हर रोज उसे रोटी के छोटे-छोटे टूकड़े देता हूं। मैंने उसका नाम पुच्ची रखा है। पुच्ची कभी-कभी मेरे बैग में आकर छिप जाती है। और न वो अपना खाना जगह-जगह पर छिपाती है।’’
अध्यापिका के अलावा कक्षा के सभी सहपाठी अमन की बात गौर से सुन रहे थे। अध्यापिका ने पूछा-‘‘अब जल्दी से तीसरे के बारे में भी बता दो।’’
‘‘तीसरी तितली रानी है। पहले वो मुझे देखकर उड़ जाती थी। अब नहीं उड़ती। मैं तो बस उसके रंग-बिरंगे पंखों को देखता रहता हूं। उसे छूता भी नहीं हूं। अब तो तितली रानी मुझे देखकर उड़ती भी नहीं। मैं उससे खूब बातें करता हूं।’’ यह कहकर अमन चुप हो गया।
अध्यापिका ने हाजिरी का रजिस्टर बंद कर दिया। सभी बच्चों से कहा-‘‘प्यारे बच्चों अमन का प्यार सच्चा है। सही बात तो यही है कि हम जिसे प्यार करेंगे वो भी हमें प्यार करेगा। ये पेड़-पौधे और पशु-पक्षी भी हमसे प्यार चाहते हैं। अमन के लिए हम सभी ताली बजाएंगे।’’
कक्षा नन्हें हाथों से बज रही तालियों से गूंज उठी। अमन तूलिका को देख रहा था। तूलिका भी जोर-जोर से ताली बजा रही थी। 000

-मनोहर चमोली ‘मनु’

23 नव॰ 2012

बाल भारती, नवम्बर, 2012. बाल कहानी : 'दाना दो गौरेया को.' -मनोहर चमोली ‘मनु’

दाना दो गौरेया को  

-मनोहर चमोली ‘मनु’

    ‘‘दादाजी। आप आंगन में क्यों चावल के दानें बिखेर रहे हो? आंगन गंदा हो जाएगा। इन चावल के दानों को खाने के लिए  चिड़िया आएंगी और जगह-जगह बीट कर दंेगी। जरा सोचिए।  अगर आप रोज दस दाने ही आंगन में बिखेरोगे, तो एक महीने में तीन सौ दाने। इस तरह एक साल में तीन हजार छह सौ दाने बरबाद कर दोगे।’’ अखिल ने कहा। यह सुनकर दादा जी चैंक पड़े। फिर उन्हें हंसी भी आ गई। उन्होंने अखिल का कान प्यार से उमेठते हुए कहा-‘‘वाह! मेरे गुदड़ी के लाल। तुम्हारा दिमाग तो वाकई किसी वित्तमंत्राी की तरह चल़ रहा है। पर मेरे प्यारे बच्चे। जरा आप भी तो सोचिए। इस धरती पर सिर्फ इंसान ही इंसान रह जाएं और पशु-पक्षी समाप्त हो जाएं तो ?’’

    अखिल समझ नहीं पाया। दादाजी की ओर देखकर बोला-‘‘मैं समझा नहीं। चावल के दानों से पशु-पक्षी के समाप्त होने का क्या मतलब है?’’

    दादाजी ने हंसते हुए कहा-‘‘खा गए न गच्चा। मैं बताता हूं। अखिल। समूची प्रकृति में एक खाद्य श्रंखला है। एक जीव दूसरे जीव का भोजन है। यहां तक की घास-पात भी कई जीवों का भोजन है। जो जीव घास-पात खाते हैं। उन्हंे दूसरे जीव खाते हैं। उन दूसरे जीवों को तीसरे जीव खाते हैं।’’

    ‘‘ये तो मैंने भी पढ़ा है। मगर दादाजी। पक्षी नहीं भी रहे तो हमें क्या फर्क पड़ता है?’’ अखिल ने पूछा।

    दादाजी ने जवाब दिया-‘‘ये तुमने अच्छा सवाल पूछा। देखो। मैं आंगन में चावल के जो दाने डालता हूं। वो गौरेया पक्षी के लिए हैं। जब वे चावल के दाने खाती है, तो चहचहाती है। पक्षियों का चहचहाना किसे अच्छा नहीं लगता। अब तुम कहोगे, कि अगर हम चावल न भी दें तो भी पक्षी अपना दाना-पानी कहीं न कहीं से चुग ही लेंगी। फिर हम ऐसा क्यों करें? सुनो। गौरेया पक्षी हमारे  आस-पास रहने वाली चिड़िया है। हमारे घर-आंगन की चिड़िया है। लेकिन हम मनुष्य उसे खत्म करने पर तुले हुए हैं। बेटा। इसे बचाना जरूरी है। नहीं तो आने वाले समय में तुम गौरेया के बारे में सिर्फ किताबों में ही पढ़ पाओगे।’’

    ‘‘गौरेया को बचाना है! गौरेया को क्या होने जा रहा है?’’ अखिल झुंझला गया।

    ‘‘बेटा। अब हम बेहद आधुनिक हो गए हैं न। हमने अपने घरों के आस-पास के पेड़ ही काट दिये हैं। अब चिड़िया अपना घोंसला कहां बनाएंगी?  पहले घरों में छप्पर हुआ करते थे। छज्जे और रोशनदान हुआ करते थे। गौरेया  उनमें अपना घर बना लेती थी। उनका घोंसला हमारे आस-पास ही हुआ करता था। अब हमारे घरों में रोशनदान ही नहीं हैं। अब तो दो-तीन मंजिल वाले मकान बन रहे हैं। अब तुम ही बताओ। बेचारी गौरेया अपना नीड़ कहां बनाए?’’ दादाजी ने पूछा।

    अखिल ने बिना विचार किए जवाब दिया-‘‘ जंगल में बनाए और कहां।’’

    दादाजी झट से बोल पड़े-‘‘बेटा। अब जंगल ही कहां बचे हैं।  सुदूर के जंगल भी सिमटते जा रहे हैं। वैसे भी गौरया बेहद संवेदनशील होती है। उसे हम मनुष्यों के आस-पास रहना अच्छा लगता है।’’

    अखिल ने सोचते हुए पूछा-‘‘पर दादाजी अब तो मुझे गौरेया कभी-कभी ही दिखाई देती है। वे कहां चली गईं हैं?’’

    दादाजी ने गहरी सांस लेते हुए बताया-‘‘बेटा गौरेया ही नहीं, कई पक्षी धीरे-धीरे गायब हो रहे हैं। हमारे देश में पक्षियों की लगभग बारह सौ प्रजातियां हैं। लेकिन कई प्रजातियों के पक्षी सालों से नहीं दिखाई दिए। गौरेया को शोरगुल और कोलाहल पसंद नहीं। दिन-प्रतिदिन ध्वनि प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। हमने कीटनाशकों का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। उससे भी गौरेया का जीवन खतरे में पड़ गया है।’’

    ‘‘कीटनाशक तो कीटों को मारने वाली दवाएं हैं न?’’ अखिल ने पूछा।

    ‘‘हां। तुम ठीक समझे। इन कीटनाशकों का जरूरत से ज्यादा उपयोग हो रहा है। यह कीटनाशक दवाएं कई  जीव-जंतुओं के जीवन को नष्ट कर देती हैं। गौरेया जब अंडे देती है, तब उसे प्रोटीन की आवश्यकता होती है। गौरेया के बच्चों को जिंदा रहने के लिए भी  प्रोटीन चाहिए। पक्षियों को प्रोटीन कीटों को खाने से मिलता है। मगर अब वे कीट तो हमने दवा छिड़क कर पहले ही समाप्त कर दिए हैं। जो कीट बचे भी हैं, उन पर कीटनाशक दवाओं का इतना असर होता है कि गौरेया उन्हें खाकर अपनी औसत आयु से बेहद कम जी पा रही है। पर्यावरण संतुलन में पक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मगर तुम तो मुझे उनके लिए चावल के कुछ दानें डालने से भी मना कर रहे हो। तो बताओ फिर ये चिड़िया कहां जाएगी? कैसे जिंदा रहंेगी। क्या खाएंगी?’’ दादा जी अखिल से पूछा।

    दादाजी को उदास देखकर अखिल ने  एक पल की देरी नहीं की। वह मायूसी से बोला-‘‘साॅरी दादाजी। मुझे नहीं पता था कि हमारे दो-चार चावल के दानों से  गौरेया का जीवन बच सकता है।  अब ये काम आप मुझ पर छोड़ दो। आज से ही नहीं, अभी से मैं गौरेया को दाना दूंगा। ’’

    ‘‘लेकिन अखिल आंगन गंदा भी तो हो जाता है न। तब।’’ दादाजी ने अखिल को घूरते हुए पूछा।

    ‘‘ओह दादाजी। इसके लिए हम आंगन का एक कोना तय कर लेते हैं। सुबह का समय पक्षियों को दाना देने का सबसे अच्छा समय होगा। फिर मम्मी बाद में आंगन तो साफ करती ही है।’’ अखिल ने उपाय भी सुझा दिया।

    ‘‘यह ठीक रहेगा।’’ यह कहकर दादाजी ने अखिल का हाथ पकड़ लिया। अखिल दादाजी से लिपट गया।


- मनोहर चमोली ‘मनु’., भितांईं, पो0बाॅ0-23.जिला-पौड़ी गढ़वाल.पिन-246001. मोबा0-9412158688.

18 नव॰ 2012

बाल कहानी-'सब हैं अव्वल'. साहित्य अमृत- नवंबर 2012


सब हैं अव्वल

...................

-मनोहर चमोली ‘मनु’
.............................................
काननवन में हँसी-खुशी और धमा-चैकड़ी का माहौल देखकर आस-पास के वनवासी हैरान हो जाते। सुबह से रात होने तक उल्लास और आनन्द की गूँज चारों और सुनाई देती। काननवन में खुशियों का स्कूल जो खुल गया था। स्कूल जाने वालों के व्यवहार में तेजी से बदलाव दिखाई देने लगे। हर माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल भेजने लगे थे। यही कारण था कि भालू के स्कूल में पढ़ने वालों का तांता लगा रहता।
क्या छोटा और क्या बड़ा। क्या पशु और क्या पक्षी। क्या मांसाहारी और क्या शाकाहारी। मेढ़क, साँप, चूहा, बिल्ली, शेर, बकरी, हाथी, बंदर, तितली, लोमड़ी, सियार, खरगोश, कुत्ता, गिलहरी और हिरन भी एक ही मैदान में सुबह-सवेरे प्रातःकालीन सभा में हाथ जोड़े खड़े दिखाई देते।
भालू खूब मन लगाकर पढ़ाता। पढ़ने वाले भी मन लगाकर पढ़ाई कर रहे थे। एक-दूसरे की मदद करते। समूह में सीखते। अपनी बातें साझा करते। स्कूल की गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते। सुनने की ललक बढ़ने लगी थी। बोलने की क्षमता में लगातार सुधार हो रहा था। अक्षरों को पढ़ने की गति बढ़ रही थी। हर कोई लिखना सीख रहा था।
सभी के दिन आनंद, मस्ती, उछल-कूद और भाग-दौड़ में गुजर रहे थे। फिर एक दिन अचानक भालू ने कहा-‘‘साल भर हो गया है। अब तुम्हारी परीक्षा होगी। तैयार रहिए।’’
कक्षा में सन्नाटा छा गया।
‘‘परीक्षा ! ये क्या है?’’ मेढक ने सिर खुजलाते हुए पूछा।
भालू को हँसी आ गई। चेहरे पर घबराहट लाते हुए बोला-‘‘परीक्षा ही तुम्हें पास-फेल करेगी। मतलब ये कि तुमने साल भर क्या सीखा। कितना सीखा।’’
अब खरगोश बोला-‘‘लेकिन हम सब तो समझ ही रहे हैं कि हम रोज कुछ न कुछ यहाँ नया सीख रहे हैं। तब भला ये परीक्षा की क्या जरूरत?’’
भालू ने डाँटते हुए कहा-‘‘चुप रहो। मैं पढ़ाता हूं और तुम पढ़ते हो। मैं सीखाता हूं और तुम सीखते हो। अब समय आ गया है कि सब जान लें कि तुम में से अव्वल कौन है?’’
‘‘अव्वल ! ये अव्वल कौन है?’’ छिपकली ने पूछा।
भालू ने बताया-‘‘परीक्षा ही तय करेगी कि तुम सभी में कौन सबसे अधिक होशियार है। साल भर स्कूल में पढ़ाया गया है। सिखाया गया है। समझाया गया है। परीक्षा से तय होगा कि तुम कितने बुद्धिमान बन सके हो। अब घर जाओ और परीक्षा की तैयारी करो। कल तुम्हारी परीक्षा होगी।’’
स्कूल से लौटते हुए सब सोच में पड़ गए। उनके चेहरे चिंता से भर गए। तनाव और भय के कारण वे हँसना-गाना भूल गए। वे एक-दूसरे से बेवजह तुलना करने लगे। निराशा और हताशा से भरा हर कोई एक-दूसरे से दूर-दूर चलने लगा। आज सुबह तक जो नाचते-कूदते स्कूल जा रहे थे, वे स्कूल से लौटते हुए एक-दूसरे को देखकर घबरा रहे थे। परीक्षा ने जैसे उनकी आजादी छीन ली हो। खुशियों की पाठशाला एक झटके में डर की पाठशाला बन गई। हर कोई रात भर सो नहीं सका।
सुबह हुई। सब बुझे मन से स्कूल पहुँच गए।
भालू ने मुस्कराते हुए कहा-‘‘परीक्षा यहीं मैदान में होगी। सब तैयार रहें।’’ हर कोई सिर झुकाए बैठा हुआ था।
भालू ने स्कूल की ऊँची दीवार की ओर देखते हुए कहा-‘‘इस दीवार पर जो चढ़ेगा। वही अव्वल माना जाएगा। सब दीवार की ओर दौड़े। बंदर, गधा और सियार उछलते ही रह गए। छिपकली झट से दीवार पर चढ़ गई।’’
चूहा उदास हो गया। धीरे से बोला-‘‘मेरे जैसे इतनी ऊँची दीवार पर कभी नहीं चढ़ पाएंगे।़’’
भालू ने पीपल के पेड़ की ओर देखते हुए कहा-‘‘इस पेड़ पर चढ़ो।’’ उड़ने वाले पक्षी पलक झपकते ही पेड़ की शाखाओं पर पँख पसारकर बैठ गए। हिरन, मेढक जैसे जीव-जन्तु अपना सा मुंह लेकर खड़े रह गए।
भालू ने फिर कहा-‘‘मैदान के चार चक्कर लगाओ। मैं सौ तक गिनती बोलूंगा। गिनती पूरी होने से पहले चार चक्कर जो लगाएगा वही अव्वल माना जाएगा। दौड़ो।’’
सब दौड़ने लगे। खरगोश, कुत्ता सबसे आगे थे। बेचारा कछुआ सबसे पीछे रह गया।
भालू ने एक नई घोषणा करते हुए कहा-‘‘मैदान के किनारे बड़ा सा पत्थर पड़ा है। हटाओ उसे।’’
हर किसी ने कोशिश की। पत्थर टस से मस न हुआ। हाथी झूमता हुआ आया और उसने पत्थर को सूण्ड से धकेल दिया। एक के बाद एक नई परीक्षा से सब तंग आ गए। हर परीक्षा में एक अव्वल रहता और बाकी मायूस हो जाते।
मधुमक्खी के सब्र का बांध टूट गया। वह बोली-‘‘मैं इस परीक्षा का बहिष्कार करती हूँ। ऐसी पढ़ाई से तो अनपढ़ रह जाना ही अच्छा है। ऐसी पढ़ाई, ऐसा स्कूल और ऐसा शिक्षक मुझे स्वीकार नहीं, जो कक्षा में सहभागिता के बदले गैर बराबरी की भावना विकसित करे। इस पढ़ाई को धिक्कारना ही अच्छा है।’’
मधुमक्खी की बात सबने सुनी। मैदान में सन्नाटा छा गया।
तितली ने मधुमक्खी की बात का समर्थन करते हुए कहा-‘‘मैं भी इस परीक्षा का विरोध करती हूँ।’’
फिर किसी ओर ने भी कहा-‘‘मैं भी।’’
दूर से कोई चिल्लाया-‘‘मैं भी।’’
अब कुछ एक साथ बोले-‘‘हम भी।’’
     फिर क्या था। सब एक साथ चिल्लाए-‘‘हम सब भी।’’
सब भालू की ओर दौड़े। भालू घबरा गया। वह भागकर जंगल में जा छिपा। काननवन का स्कूल बंद हो गया। अब सब प्रकृति से सीखने लगे। अपने अनुभवों से सीखने लगे। तभी से आज तक किसी भी जंगल में कोई स्कूल नहीं लगता। 000
Manohar Chamoli 'manu'





3 अक्टू॰ 2012

बालहंस, अक्तूबर- प्रथम, 2012. : 'देनहार कोई ओर है.'


देनहार कोई ओर है

-कथा: मनोहर चमोली ‘मनु’

....................
     बहुत पुरानी बात है। एक राजा था। विजय प्रताप सिंह। विजय प्रताप सिंह दानवीर था। उसके दरबार में कोई याचक आता तो खाली हाथ न लौटता। धीरे-धीरे याचकों की संख्या बढ़ती गई।
एक दिन की बात है। राजा ने अपने विश्वासपात्र सेवक बनवीर को बुलाया। राजा ने कहा-‘‘बनवीर। राजमहल में कोई भी आए। वह खाली हाथ न लौटे। रोटी,वस्त्र और कुछ मुद्राएं तुम स्वयं अपने हाथ से प्रत्येक याचक के हाथ में सौंपोगे। ध्यान रहे कोई मायूस होकर न दरबार से न लौटे।’’
बनवीर आज्ञाकारी और अपने काम के प्रति निष्ठावान था। उसने राजा के कहे अनुसार दान देने का कार्य संभाल लिया।
अब तो हर रोज याचकों की भीड़ सुबह-सवेरे ही राजमहल के द्वार पर लग जाती। बनवीर एक-एक याचक को तय दान सामग्री देता। याचक हाथ जोड़कर बनवीर को ढेर सारा आशीर्वाद देते। राज कर्मचारी जहां भी जाते, प्रजा के मध्य बनवीर की ख्याति सुनते। यह बात सेनापति और मंत्री को अच्छी नहीं लगी। दोनों ने मिलकर राजा से बनवीर की शिकायत कर दी। राजा ने बनवीर को बुलाते हुए पूछा-‘‘बनवीर। यह मैं क्या सुन रहा हूं। सुना है तुम याचकों के चेहरा तक नहीं देखते। तुम्हें दान सामग्री निपटाने की जल्दी रहती है। क्या यह सच है?’’
बनवीर ने हाथ जोड़ते हुए जवाब दिया-‘‘महाराज। यह सच है कि मैं दान करते समय किसी याचक का चेहरा तक नहीं देखता।’’
‘‘सुना महाराज। बनवीर ने स्वयं स्वीकार कर लिया है। इसका अर्थ यह हुआ कि कई याचक कई बार राजमहल से दान सामग्री ले जाते होंगे।’’ मंत्री ने जोर देकर कहा।
‘‘हो सकता है महाराज। कुछ याचक दोबारा दान सामग्री ले जाते होंगे। लेकिन मैं याचकों से नज़रें नहीं मिला सकता।’’ बनवीर ने सिर झुकाते हुए कहा।
राजा ने पूछा-‘‘क्यों? तुम याचकों के चेहरे पर नजर क्यों नहीं डालना चाहते?’’
बनवीर का सिर झुका ही रहा। उसने धीरे से कहा-‘‘महाराज। देनहार कोई और है देत रहत दिन रैन। लोग भरम हम पर धरैं याते नीचे नैन।’’
    सेनापति बीच में ही बोल पड़ा-‘‘बनवीर इस समय विद्वता मत बघारो। सीधे जवाब दो।’’
    बनवीर ने मुस्कराते हुए जवाब दिया-‘‘राजन्। यह सही है कि दान मेरे हाथों से होता है। जिस कारण याचक मुझे ही दाता समझते हैं। वे दान लेते समय मुझे हाथ जोड़ते हैं। मगर मैं तो मात्र आपकी आज्ञा का ही पालन कर रहा हूं। वास्तव में दान तो आप कर रहे होते हैं। सच तो यह है कि दान देने वाले तो आप हैं। यही कारण है कि मेरा सिर नीचा रहता है। मैं शर्म के मारे याचकों से आंखें नहीं मिला पाता।’’
    राजा सारा माजरा समझ गए। वे मुस्कराते हुए बोले-‘‘हमारा आदेश है कि बनवीर की सहायता के लिए आज से ही मंत्री और सेनापति स्वयं याचकों पर कड़ी नज़र रखेंगे। मंत्री और सेनापति की ही ये जिम्मेदारी होगी कि कोई जरूरतमंद दान से वंचित न हो और कोई अपात्र अनावश्यक दान प्राप्त न कर ले। हम बनवीर की निष्ठा से प्रसन्न हैं। आज से ही बनवीर का वेतन बीस फीसदी बढ़ाया जाता है।’’
    राजा का आदेश सुनकर मंत्री और सेनापति बुरी तरह झेंप गए। 0000000
------------------------------------------

-मनोहर चमोली ‘मनु’. पो0बाॅ0-23. भितांई,पौड़ी.जिला-पौड़ी गढ़वाल. उत्तराखंड.पिन-246001. सम्पर्कः09412158688.


29 सित॰ 2012

नंदन, अक्तूबर 2012. बाल कहानी : 'बीस रुपए के लिए'

बीस रुपए के लिए

-मनोहर चमोली ‘मनु’

 

बस कंडक्टर चिल्लाया-‘‘टिकट ले लो भई। और कोई बगैर टिकट?’’
‘‘हां इधर पीछे। दो टिकट।’’ रोहित के पापा ने कहा।
कंडक्टर ने पीछे घूमकर देखा। बुरा-सा मुंह बनाते हुए वह अपनी सीट से उठा और धक्का-मुक्की करता हुआ बस के पीछे की सीटों तक जा पहुंचा। चिढ़ते हुए बोला-‘‘टिकट नहीं लिया? मैं कब से चिल्ला रहा हूं।’’
रोहित के पिताजी ने कहा-‘‘ढाई टिकट दे दो। एक तो बस में सवारी ठूंस कर भरी हैं। बीच में सवारियों का सामान भी है। कैसे लेता। वैसे भी सवारियों तक आपको आना चाहिए। सवारियां अपनी सीट छोड़कर आपकी सीट पर कैसे आए।’’
कंडक्टर भन्ना गया। घूरते हुए बोला-‘‘ढाई टिकट क्यों। इस बच्चे का पूरा टिकट नहीं लोगे? अरे बच्चे! तेरी उम्र क्या है?’’
रोहित के पिता ने झट से जवाब दिया-‘‘इसका नाम रोहित है। इसकी उम्र सात साल है।’’
कंडक्टर ने रोहित को गौर से देखा। फिर बोला-‘‘इस बच्चे के मुंह में जबान नहीं है क्या? कम से कम बच्चे के लिए झूठ तो मत बोलो। इस बच्चे की उम्र तो ग्यारह साल के आस-पास लग रही है। क्यों बच्चे। कितने साल का है तू?’’
अब रोहित की मम्मी बोल पड़ी-‘‘भाई साहब। कहा न आपसे। हमारे रोहित की उम्र सात साल है। हम भला क्यों झूठ बोलेंगे। हमारे ढाई टिकट ही बनते हैं। ये लो । ढाई टिकट के सौ रुपये।’’
कंडक्टर ने गरदन झटकते हुए कहा-‘‘क्या जमाना आ गया है। आधे टिकट का किराया बचाने के लिए झूठ पर झूठ बोला जा रहा है। चाहो तो ये सौ रुपये भी रहने दो।’’
रोहित के पिताजी को गुस्सा आ गया। बोले-‘‘क्यों रहने दो। बच्चे का आधा टिकट लगता है। फिर हम क्यों पूरा टिकट लें?’’
कंडक्टर तो जैसे बहस ही करना चाहता था-‘‘कोई बात नहीं भाई साहब। तीन टिकट नहीं आप ढाई ही लीजिए। लेकिन बीस रुपए के लिए कम से कम इस बच्चे को इतना छोटा तो न बनाइए। किसी से भी पूछ लीजिए। ये दस साल से अधिक का बच्चा है। आप भी क्या। उसे घर से सिखा कर ले आये कि चुप ही रहना। जबान न खोलना। देखो तो कैसा चुप्पी साधे बैठा है। इसे बताना चाहिए कि इसकी उम्र क्या है।’’
रोहित ने अपनी जेब से स्कूल का पहचान पत्र निकालते हुए अपनी मम्मी को दे दिया। रोहित की मम्मी ने कहा-‘‘एक मिनट भाई साहब। ये लो। हमारे रोहित का पहचान पत्र। इसमें इसकी क्लास भी लिखी है और इसकी जन्म तिथि भी है।’’
कंडक्टर ने रोहित का पहचान पत्र देखा और उस पर रोहित की चस्पा फोटो को भी गौर से देखा। फिर हिचकते हुए बोला-‘‘इस कार्ड के हिसाब से तो रोहित सात साल का ही है। लेकिन कद-काठी से ये काफी बड़ा दिखाई दे रहा है।’’
तभी रोहित दोनों हाथों के इशारे से और अपने चेहरे के हाव-भाव से अपनी मम्मी को कुछ जताने की कोशिश करने लगा। रोहित की मम्मी ने कंडक्टर से कहा-‘‘भाई साहब। रोहित आप से पूछ रहा कि आपके कितने बच्चे हैं।’’
रोहित ने हाथों के इशारे से फिर कुछ कहने की कोशिश की। अब रोहित के पापा ने कंडक्टर से कहा-‘‘ रोहित पूछ रहा है कि यदि कंडक्टर अंकल के बच्चों के सामने कंडक्टर अंकल को कोई झूठा कहे तो आपको कैसा लगेगा।’’
कंडक्टर बुरी तरह झेंप गया। रोहित के पापा बोले-‘‘भाई साहब। रोहित हमारा इकलौता बच्चा है। ये मूक-बधिर है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि ये बोल नहीं सकता तो कुछ समझता भी नहीं होगा। और हां। हम दोनों अच्छा कमा लेते हैं। कम से कम बीस रुपये के लिए हम अपने बच्चे के सामने झूठ नहीं बोलना चाहेंगे।’’
पास की सीट पर बैठी एक नन्ही बच्ची बोल पड़ी-‘‘कंडक्टर अंकल। आपने गलत बात की है। हम सब सुन रहे थे। आपको रोहित से भी और रोहित के मम्मी-पापा से भी माफी मांगनी चाहिए।‘’
कंडक्टर बगले झांकने लगा। उसने एक पल की देरी भी नहीं की और माफी मांगकर अपनी सीट पर जाकर बैठ गया।

14 सित॰ 2012

‘आधा अधनंगा देश शर्मिन्दा है’ ...कविता


‘आधा अधनंगा देश शर्मिन्दा है’

.......................
अहा! मेरा देश!
कबीर के करघे का देश
गांधी के चरखे का देश
ये अगुवा थे मेरे देश के तब
हाय ! मेरा देश
तीन-चैथाई अधनंगा था जब!
कबीर-गांधी शर्मिन्दा थे

यकीनन तभी वे भी अंधनंगे थे
ओह ! आज मेरा देश !
नेताओं का देश
ठेकदारों का देश
कमीशन का देश
रिश्वत का देश
बन्दरबाँटों का देश
छि ! देश अब भी आधा अधनंगा है
और अन्य आधों के अगुवा
बेशकीमती कपड़े ऐसे उतारते हैं
जैसे भूखा बार-बार थूक घूँटता है
इन अगड़ों की आँखों में
बँधी है पट्टी बेशर्मी की
लेकिन आधा अधनंगा देश
इन्हें देख कर शर्मिन्दा है।
मैं भी।
...........
-मनोहर चमोली ‘मनु’

13 सित॰ 2012

'एक खेत सास बहू का' -मनोहर चमोली ‘मनु’. बालहंस, अगस्त, पार्ट- 2. 2012

एक खेत सास बहू का
-मनोहर चमोली ‘मनु’

बहुत पुरानी बात है। किसी गांव के एक परिवार में दो ही प्राणी थे। सास और बहू। अधिकतर परिवार खेती-किसानी पर ही निर्भर थे। सास-बहू के पास खेती करने के लिए एक ही खेत था। दोनों ने मिलकर किसी तरह धान तो बो दिये थे। अब खेतों में खरपतवार हटाने का समय आ गया था। गांव में सपरिवार सभी गुड़ाई में जुटे हुए थे। सास खेत का मुआयना कर आई थी। उसने बहू से कहा-‘‘बहू। शाम ढलने को है। जल्दी से खाना बना ले। खा-पीकर दो घड़ी नींद ले लेते हैं। हम दोनों भोर होने से पहले ही उठ जायेंगे और अंधेरे में ही खेत की गुड़ाई शुरू कर देंगे।’’
बहू ने कहा-‘‘ठीक है। कलेवा लेकर ही खेत में जायेंगे। कलेवा तभी करेंगे, जब खेत की गुड़ाई पूरी कर लेंगे।’’ सास मुस्कराई-‘‘मैं भी यही सोच रही थी। ऐसा करेंगे, सुबह का कलेवा खेत के बीचांे-बीच रख देंगे। तू खेत के एक छोर से और मैं दूसरे छोर से गुड़ाई शुरू कर दूंगी। गुड़ाई करते-करते ही हम कलेवे की टोकरी तक आ ही जायेंगे। एक तो काम भी निपट जायेगा और भूख लगने के बाद कलेवा भी अच्छा लगेगा।’’
बहू खुश होते हुए बोली-‘‘ठीक है। कलेवे की पोटली देख-देख कर गुड़ाई में भी मन लगा रहेगा।’’ दोनों ने झट-पट खाना बनाया। आधा पेट खाया। काम निपटाया और सो गये। थकी-मांदी बहू की तो आंख लग गई। लेकिन सास ने कुछ पल आंखों ही आंखों में काट दिये। उसे खेत की गुड़ाई की चिंता लगी हुई थी। गुड़ाई में बेहद समय लगता है। सास यही सोच रही थी। वह रात के अंधेरे में ही उठी। सुबह के लिए नाश्ता बनाया। उसे कपड़े की एक पोटली में बांधा और बहू को भी जगा दिया। दोनों रात के अंधेरे में ही छोटी-छोटी कुदाल लेकर खेत पर जा पहुंचे।
चांदनी रात ने उनका काम सरल कर दिया। नाश्ते की पोटली खेत के बीचों-बीच रख दी गई। खेत के एक छोर से सास और दूसरे छोर से बहू ने गुड़ाई शुरू कर दी। दोनों का मुंह आमने-सामने था। बिना रुके-थके और भूखे-प्यासे वे कभी एक-दूसरे को देखते तो कभी नाश्ते की पोटली को देखते। पोटली अभी उन दोनों से काफी दूर थी।
बहू ने गुड़ाई करते-करते ही जोर से आवाज लगाते हुए पूछा-‘‘पता नहीं भोर कब होगी। क्या बजा होगा?’’ सास ने प्यार से डपटते हुए जवाब दिया-‘‘भोर तो अपने समय में ही होगी। बातें करेंगे तो काम न होगा। चुपचाप गुड़ाई करते हैं।’’ दोनों के हाथ तेजी से चलने लगे। कभी बांये हाथ से तो कभी दांये हाथ से वे कुदाल बदलते और गुड़ाई करते जाते। कई घंटों बाद भोर होने का आभास हुआ। पक्षियों की चहचहाट सुनाई देने लगी। क्षितिज की लालिमा से खेत सुनहरा-सा दिखाई दे रहा था। लेकिन दोनों थीं कि दम साधे गुड़ाई में व्यस्त थीं।
कभी सास तो कभी बहू खेत के बीचों-बीच रखे नाश्ते की पोटली को एक नजर देख लेती और फिर फुर्ती से हाथ चलाने लगती। धान की नन्हीं फसल के साथ उग आये खरपतवार को हटाते-हटाते उनकी अंगुलियों के जोड़ों में अजीब सा दर्द होने लगा था।
सुबह के सूर्य की पहली किरण सुनहरी थी। नन्हें पौधों में ठहरी हुई ओस अब सोने के मोती की तरह उन्हें दिखाई दे रही थी। लेकिन यह समय तो खेत की गुड़ाई पूरी करने का था। भूख को शांत करने के लिए रखी गई पोटली तक पहुंचना भी एक लक्ष्य था। दोनों एक-दूसरे को देखती और मन ही मन अपने पीछे की गई गुड़ाई की तुलना भी करती। फिर तेजी से गुड़ाई में तल्लीन हो जाती।
रात बहुत पहले ढल चुकी थी। भोर हुए काफी समय बीत चुका था। बहू ने हिचकते हुए पूछा-‘‘कलेवा कब करेंगे?’’ सास ने लंबी सांस लेते हुए जवाब दिया-‘‘भूख मुझे भी लग रही है। लेकिन कलेवा करेंगे तो फिर काम न होगा।’’ बहू ने माथे का पसीना पोछा और काम पर जुट गई।
दोपहर होने को थी। सास-बहू थक कर चूर हो गई। भूख के मारे उनकी आंतें घूमने लगी थीं। होंठ सूख चुके थे। बहू का धैर्य जवाब दे गया। उसकी अंगुलियां सूज गईं। उसने एक बार सास की ओर देखा। सास ने ढाढस बंधाया-‘‘मेरी बच्ची। मैं भी थक गई हूं। बस थोड़ा ओर सब्र कर। देख। कलेवा सामने ही तो रखा है। हम कलेवे की पोटली के काफी नजदीक हैं।’’
बहू के साथ-साथ सास का गला सूख गया था। वहीं माथे का पसीना लगातार टपक रहा था। सूरज सिर पर चढ़ा जा रहा था। तेज धूप से दोनों की पीठ जल रही थी। हाथों से कुदाल बार-बार छूट रही थी। खेत की गुड़ाई पूरी करनी है। नाश्ता गुड़ाई के बाद ही होगा। दोनों इसी संकल्प को बार-बार याद कर रहे थे। गुड़ाई के लिए उनके हाथ बार-बार मंद पड़ने लगे थे।
दोपहर बीत गई। लेकिन खेत की गुड़ाई का काम था कि खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था। अब सास थकान के मारे निढाल हुई जा रही थी। बहू ने देखा तो हौसला दिया। वह बड़ी मुश्किल से इतना ही कह पाई-‘‘बस थोड़ी सी कसर ओर बाकी है। हम कलेवे की पोटली छूने ही वाले हैं।’’
सास-बहू फिर से गुड़ाई में जुट गये। सांझ ढलने को थी। दोनों कलेवे की पोटली के बेहद नजदीक आ पहुंची। उन्होंने पोटली को छू ही लिया। पोटली को हाथ लगाते ही सास-बहू अपने स्थान पर ही लुढक गई। बेहद भूख-प्यास और थकान के चलते दोनों की सांस उखड़ गई।
सास-बहू का खेत आज भी उसी गांव में मौजूद है। 000 ..........................................................................
कुमाऊं की लोक कथा.............................................उत्तराखण्ड के कुमाऊं मंडल में जनपद बागेश्वर के गांव बिनौलासेरा में एक खेत ‘सास-बहू का खेत‘ के नाम से प्रसिद्ध है। खेत के बीच में एक छोटा सा टीला है। कहते हैं कि उसी जगह पर सास-बहू ने कलेवा (नाश्ता) रख कर गुड़ाई शुरू की थी और गुड़ाई खत्म करते-करते वह चल बसी थीं।
-मनोहर चमोली ‘मनु’, भितांई, पोस्ट बाॅक्स-23, पौड़ी, पौड़ी गढ़वाल.246001. उत्तराखण्ड. मोबाइल-09412158688.

बाल कहानी-'इन्द्रधनुष'. चंपक, सितंबर- प्रथम अंक, 2012.



 बाल कहानी----
'इन्द्रधनुष'-मनोहर चमोली ‘मनु’
जंबो हाथी ने आवाज लगाई-‘‘अरे चूंचूं बाहर तो निकल। देख इंद्रधनुष निकल आया है ! कितना सुंदर कितना प्यारा!’’
चूंचूं चूहा पलक झपकते ही बाहर निकल आया। आसमान में सतरंगी इन्द्रधनुष को देखकर चूंचूं खुशी से चिल्ला उठा-‘‘वाह ! हाथी दादा। क्या बात है ! काश! मैं भी तुम्हारी तरह लंबी-चैड़ी काठी वाला होता तो एकझटके में तुम्हारे गाल चूम लेता।’’

जंबो हाथी ने हवा में सूंड हिलाते हुए कहा-‘‘इसमें कौन सी मुश्किल है। ये लो। अपनी इच्छा पूरी करो। मेरी ये बीस फुट की सूंड कब काम आएगी।’’ जंबो हाथी ने दूसरे ही क्षण चूंचूं को सूंड से उठा कर अपने गाल पर रख दिया। दोनों हंसने लगे।
चूंचूं ने इंद्रधनुष की ओर देखते हुए पूछा-‘‘दादा। एक बात तो बताओ। ये इंद्रधनुष हर रोज क्यों नहीं निकलता?’’
जंबों ने सिर हिलाते हुए जवाब दिया-‘‘चूंचूं तुम्हारे सवाल में जान है। दरअसल इंद्रधनुष बारिश के बाद ही निकलता है। कारण साफ है। बारिश होने के बाद हवा में पानी के नन्हें कण रह जाते हैं। जैसे ही सूर्य की किरणें उनमें से होकर गुजरती है तो वे सार रंग के इंद्रधनुष का आकार ले लेती हैं।’’
‘‘ओह ! समझ गया। तो ये बात है। लेकिन इनमें सात रंग कौन-कौन से होते हैं? मुझे तो सात नहीं दिखाई दे रहे हैं।’’
‘‘तुम पिद्दी भर के तो हो। अरे! सात रंग तो मुझे भी अपनी आंख से नहीं दिखाई दे रहे हैं। इंद्रधनुष के सातों रंगों को देखने के लिए दूरबीन लानी पड़ती है। समझे। लेकिन मुझे इसके रंग पता हैं। पहला लाल फिर दूसरा नारंगी फिर पीला, हरा,नीला,आसमानी और बैंगनी रंग होता है। आया समझ में। इन्हें याद कर लेना।’’
चूंचूं सिर हिलाते हुए कहने लगा-‘‘समझ गया। लेकिन जंबों दादा। ये पश्चिम दिशा में ही क्यों निकला हुआ है?’’
जंबो हाथी ने हंसते हुए कहा-‘‘आज तो तेरा दिमाग खूब चल रहा है। सही बात तो ये है कि ये सूर्य के ठीक विपरीत दिशा में ही दिखाई देता है। सूरज की रोशनी बूंदों पर पड़ने से सूरज की ओर खड़े होने से ही हमकों ये इंद्रधनुष दिखाई देता है। सुबह पश्चिम में और शाम को पूरब में। समझे। ’’
‘‘समझ गया।’’
जंबो ने कहा-‘‘आसमान में दिखाई देने वाला इंद्रधनुष प्राकृतिक है। तुम चाहो तो कृत्रिम इंद्रधनुष भी देख सकते हो।’’
चूहा बोला-‘‘वो कैसे भला?’’
जंबो ने बताया-‘‘किसी फव्वारे के पास जाओ। सूरज की ओर पीठ करो। यदि फव्वारे के पानी में फैलाव होगा। तो तुम्हें सूरज की विपरीत दिशा की ओर यानि पश्चिम में छोटा सा इंद्रधनुष दिखाई देगा। बहुत ऊंचाई से गिरने वाले झरने के पास भी हम इंद्रधनुष को देख सकते हैं। लेकिन इसके लिए हमें सूरज और पानी की बूंदों के बीच खुद को सही जगह पर खड़ा करना होगा।’’
‘‘समझ गया। ये कृत्रिम इंद्रधनुष को देखने के लिए थोड़ा मेहनत करनी होगी न दादा।’’
तभी जंबो हाथी ने घात लगाती हुई पूसी बिल्ली को देख लिया। पूसी चंचंू पर झपटने ही वाली थी कि जंबो हाथी ने चूंचूं को इशारा कर दिया।
चूंचूं बोला-‘‘समझ गया। मैं चला बिल में।’’ यह कहकर चूंचूं बिल में जा घुस गया। बेचारी पूसी बिल्ली हाथ मलती रह गई।
---------
-मनोहर चमोली ‘मनु’. पोस्ट बाॅक्स-23, भितांईं, पौड़ी , पौड़ी गढ़वाल.246001 मोबाइल-09412158688. उत्तराखण्ड।





11 अग॰ 2012

चम्पक, अगस्त प्रथम 2012,कहानी 'फिर नहीं ललकारा'.


'फिर नहीं ललकारा'

-मनोहर चमोली ‘मनु’

.................
बैडी सियार को इन दिनों पहलवानी का शौक चढ़ा था। उसने अच्छी-खासी रकम देकर जंबों
हाथी से पहलवान के गुर भी सीख लिए थे। जंबों हाथी ने एक दिन बैडी सियार से कहा-‘‘अब
तुम अच्छे पहलवान बन गए हो। मैंने तुम्हें खास और बड़े सभी दांवपेंच सीखा दिए हैं। मुझे नहीं
लगता कि कोई तुम्हंे आसानी से पटकनी दे सकता है।’’
बैडी खुश होते हुए बोला-‘‘तो उस्ताद इसका मतलब ये हुआ कि मैं चंपकवन का नामी पहलवान
बन गया हूं न?’’
जंबों हाथी बोला-‘‘तुमने लगन से कुश्ती के सभी गुर सीख लिए हैं। हां अभ्यास करना और विपक्षी को खुद पर हावी मत होने देना। यदि तुम ऐसा कर सके तो तुम्हें कोई नहीं हरा सकता। मैं भी नहीं।’’ बैडी मारे खुशी के उछल पड़ा। बोला-‘‘वाह उस्ताद वाह ! बस उस्ताद एक बार मैं ज़रा चंपकवन
के सभी तीसमारखांओं को पटक दूं। फिर आपको आपकी गुरु दक्षिणा भी दूंगा।’’
जंबो हाथी ने मुस्कराते हुए कहा-‘‘अपने उस्ताद को भूलना नहीं। मिलते रहना।’’
बैडी चंपकवन की ओर चल पड़ा। बैडी को चंपकवन में कोई भी मिलता, वह उसे ललकारता। जो
भी उससे उलझता, वह उससे कुश्ती कर बैठता। पूरे जोश के साथ वह सामने वाले पर टूट पड़ता
और जंबो हाथी के सिखाए एक से बढ़कर एक दांवपेंच अमल में लाता। सामने वाला कुछ ही क्षण
में पस्त हो जाता और हार मान जाता। कुछ ही दिन में बैडी चंपकवन में पहलवानी के लिए
पहचाना जाने लगा। जंपी बंदर, ब्लैकी भालू, मटकू गधा, रीठू बैल तक को वह पहलवानी में पछाड़
चुका था। चंपकवन के वासी उसे पहलवानजी कहकर पुकारने लगे थे।
एक दिन की बात है। टाॅमी कुत्ता बोला-‘‘पहलवानजी। चंपकवन में कोई है जो आपको ललकार
सके। नहीं है कोई।’’
बैडी तैश में आते हुए बोला-‘‘किसी में इतनी हिम्मत कहां है, जो मुझे ललकार सके। अरे ! मेरे
उस्ताद तक ने कह दिया था कि अब मुझे वो यानि मेरा उस्ताद भी नहीं हरा सकता। समझे तुम।’’
आस-पास मौजूद कई जानवरों को बैडी सियार का ये बड़बोलापन अच्छा नहीं लगा। मगर सब
चुप रहे। पेड़ पर बैठी सैकी गिलहरी ने कह ही दिया-‘‘पहलवान जी। लगता है शेर को सवा शेर
नहीं मिला है अभी।’’ बैडी सियार की आंख पर तो पहलवानी की पट्टी बंधी थी। वह सैकी
गिलहरी का इशारा नहीं समझ पाया।
एक दिन की बात है। बैडी सियार सैकी गिलहरी को खोज रहा था। जंपी बंदर ने पूछ ही
लिया-‘‘पहलवान जी। क्या बात है बड़े गुस्से में हो? किसे खोज रहे हो?’’
बैडी सियार पैर पटकते हुए बोला-‘‘हां। मेरा पारा सातवें आसमान पर है। मैं सैकी को खोज रहा
हूं। कहां है वो। उसने मुझे ललकारा है। पिद्दी भर की है और उसने मुझे कुश्ती के लिए
ललकारा है। मैं उसका खून पी जाऊंगा।’’
देखते ही देखते चंपकवन के कई जानवर चैपाल पर इकट्ठा हो गए। तभी सैकी गिलहरी ने पेड़
से बैडी के शरीर पर छलांग लगाई। बैडी घबरा गया। इससे पहले वो कुछ समझ पाता। सैकी
गिलहरी ने बैडी के बदन पर कई जगह काट खाया। अपने नुकील पंजों से उसने बैड़ी की गरदन
पकड़ ली। बैडी जोर-जोर से खांसने लगा। दूसरे ही क्षण सैकी गिलहरी ने बैडी सियार की पूंछ
मरोड़ दी। बैडी सुबह से सैकी को खोजता हुआ यहां-वहां मारा-मारा घूम रहा था। वह
भूखा-प्यासा और थका हुआ था। अचानक सैकी को सामने देखकर उसे कुछ नहीं सूझा। जंबो
हाथी को सामने देखकर वह सारे दांव पेंच भूल गया।
कुछ ही देर में वह सैकी के दांव के सामने असहाय नजर आने लगा। जंबो हाथी ने ताली बजाते
हुए कहा-‘‘कुश्ती खत्म। सैकी ने बैडी को मात दे दी है। कुश्ती का नियम है कि जब विपक्षी
असहाय हो जाए तो कुश्ती रोक दी जाती है। सैकी छोड़ दो बैडी को, तुम जीत गई।’’
बैडी एक तरफ खड़ा हो गया। वहीं सैकी को दर्शकों ने कंधे पर बिठा लिया। वह सैकी का विजय
जुलूस चंपकवन की ओर चला गया। बैडी ने जंबो हाथी से कहा-‘‘उस्ताद जी। आपने तो कहा था
कि मैं सारे दांव-पेंच सीख गया हूं फिर सैकी ने कौन से दांव से मुझे हरा दिया?’’
जंबो हाथी ने बताया-‘‘बैडी। सैकी का दांव बड़ा ही साधारण था। तुम अपने घमण्ड के चलते हारे
हो। सैकी को तुमने हल्के ढंग से लिया था, और तुम उसे सुबह से खोज रहे थे। तुम अपना धैर्य
खो चुके थे। यही कारण था कि तुम कुश्ती शुरू होने से पहले ही हार गए। सामने वाले को तुमने
पहले ही बेहद कमजोर मान लिया। वह तुम पर हावी हो गई और तुम सैकी गिलहरी की एक ही
पटखनी में चित्त हो गए। याद रखो। सूरज के सामने दिये की रोशनी कुछ भी नहीं होती। लेकिन
रात के अंधेरे में वही रोशनी बेहद उपयोगी होती है।’’ बेचारा बैडी अपना सा मुंह लेकर रह गया।
फिर कभी उसने किसी को ललकारने की कोशिश नहीं की। 
 000
-मनोहर चमोली ‘मनु’
पोस्ट बाॅक्स-23, भितांईं, पौड़ी, पौड़ी गढ़वाल 246001, दूरवाणी-09412158688











5 अग॰ 2012

'मेरी बातें'........... -मनोहर चमोली ‘मनु’

'मेरी बातें'

................................

दिखाई देता होगा तुम्हें
नदियों में उफान
पेड़ों में पतझड़
बारिश में काँपते पहाड़
भीषण गर्मी में झुलसाती हवा
मुझे तो नदियाँ सुनाती हैं संगीत
याद आ जाती हैं माँजी की लोरियाँ
 
पेड़ में दिखती हैं हरी-हरी कोंपलें
जैसे नन्हें शिशुओं के अभी उगे हों दाँत
झूमते हुए लगते हैं पहाड़ मुझे
नहाते हुए बच्चों की तरह
हवा का स्पर्श देता है ताज़गी
सुला रही हो जैसे माँ
थपकी देकर।
............
-मनोहर चमोली ‘मनु’.पोस्ट बाॅक्स-23.भितांईं, पौड़ी गढ़वाल.246001

28 जुल॰ 2012

'आंसू बन गए मोती '

___________
'आंसू बन गए मोती '



ब्याही गई बेटी

पहाड़ की
सुदूर पहाड़ पर
विदाई पर वो खूब रोई
ससुराल पहुंचने तक
गालों पर लुढ़कते रहे आंसू
बन गए मोती तब
जब देखा उसने ससुराल के पहाड़ से
अपना पहाड़ी गांव।
---
-मनोहर चमोली ‘मनु’

[25-july 2008]

‘तुम्हारा आना और जाना’

__________

‘तुम्हारा आना और जाना’

...............

तुम्हारा आना

जैसे महकती हवा
चमकती सुबह
फूल का खिलना
चिड़िया का चहकना

तुम्हारा जाना
पत्तों का गिरना
शाम का ढलना
मन उदास होना
नदी का मौन बहना

अब जब भी आना
जाने के लिए मत आना।

.......
-मनोहर चमोली ‘मनु’

‘वो चूम ले मुझे बार बार’

__________
‘वो चूम ले मुझे बार बार’
............
इस बरस भी बारिश खूब हुई
मैं चाहती थी तर-बतर भीगना
चिड़िया की तरह फुदकना
आँ कर के बूंदों को पीना


और बारिश में जी भर लोटना
देह से सावन का परिचय कराना
आसमान को अपने ऊपर उड़ेलना

  टप-टप पानी की लय की तरह
मैं चाहती थी गुनगुनाना


पहली पहली बूंदों की तरह उछलना
झूमती फुहारों की तरह नाचना
मैं चाहती थी हवा से प्यार करना
कि वो चूम ले मुझे बार-बार
हाँ इस बरस भी रोक लिया खुद को मैंने
अनायास, यूँ ही या जानबूझ कर?


जानती हूं कि कोई नहीं रोकता मुझे
कोई मुझे टोकता भी नहीं
खिड़कियों से झांक लो
हथेलियों से छू भर लो बस बूंदों को
खोज रही हूं कई बरसों से मैं
कि ये किस किताब में लिखा है?
अब तो पेड़ हो गई हूँ


सावन आ और जा रहे हैं
चाहती हूं अब बस ठूंठ हो जाना...।।

_ _ _ _ _ _ _
-मनोहर चमोली ‘मनु’
03 जुलाई 2011

24 जुल॰ 2012

_________ 'पहाड़'...-मनोहर चमोली ‘मनु’

पहाड़
विराट है
उसमें नैतिकता है
वो मानवता का संबल है
वह दंभी नहीं
अंहकारी भी नहीं
सिर उठाकर जीने की
ताकत देता है पहाड़।

11 जुल॰ 2012

शैक्षिक पलाश दिसंबर-जनवरी 2012 के अंक में प्रकाशित आलेख-

 पाठ्य पुस्तक से इतर भी हो सकता है भाषा शिक्षण

 

भाषा शिक्षण पर आसानी से विमर्श हो सकेए सो नीचे एक छोटा सा अंश दिया गया है। यह अंश नंदन बाल पत्रिका के जून 2011 में प्रकाशित कहानी अंगूर खट्टे हैं से लिया गया। इस अंश को ही लेने में कोई विशेष कारण नहीं है। बस भारतीय परिवेश में रची.बसी शुरुआती कहानी की प्रारंभिक पंक्तियां हैं। लाली लोमड़ी जंगल में घूम रही थीए तभी उसे एक जिराफ अंगूर तोड़ता दिखाई दिया। लाली उसके पास गई। जिराफ ने लाली को देखा। ष्ष्अंगूर खट्टे हैं।ष्ष्.कहकर वह मुसकराकर चला गया। ष्ष्हुंहए मेरा मजाक उड़ा रहा था!ष्ष् .लाली गुस्से में बड़बड़ाई।ष् उपरोक्त मात्र बयालीस शब्दों से हम भाषा के विस्तार मंे जा सकते हैं। यही नहीं व्याकरण की दृष्टि से भी कक्षा.कक्ष में इसी अंश से कई वादन चल सकते हैं। साथ ही इसी अंश से गणितए विज्ञानए पर्यावरणए सामाजिक विज्ञानए कला के साथ.साथ गृह विज्ञान विषयक छोटी.बड़ी बातें.चर्चा.गृह कार्यए बातचीत और लेखन भी किया जा सकता है।


इसी अंश से क्योघ् हम किसी भी किताब से.किसी भी अखबार से कोई अंश यूं ही चुन लेंए तो हम पाते हैं कि छोटे से अंश में.पांच.सात पंक्तियों में भाषा शिक्षण के कई रहस्य छिपे हुए हैं। यह कोई नया विमर्श भी नहीं है। बस इसे व्यावहारिकता में लाने की आवश्यकता है। उपरोक्त अंश को हम किसी कक्षा विशेष से बांधकर भी नहीं देखना चाहते। कक्षावार बातचीत.चर्चा और शिक्षण को व्यापक या सूक्ष्म किया जा सकता है। बहरहाल हम बुनियादी और उच्च प्राथमिक कक्षाओं के भाषा शिक्षण को केन्द्र में रखकर चर्चा को विस्तार देने की कोशिश करेंगे। 
हम सभी जानते हैं कि अध्यापक कक्षा.कक्ष की और शिक्षण व्यवस्था की धूरी है। वह चाहे तो सभी विषयों का शिक्षण भाषा की कक्षा में कर सकता है। दूसरे शब्दों में यहां हम भाषा ;हिन्दीए अंग्रेजी और संस्कृतद्ध को केन्द्र में रखते हुए अन्य विषयों के साथ भाषा का संबंध को जोड़ते हुए विस्तार में जाने का प्रयास करेंगे।
हम जानते ही हैं कि जब कोई भी औसत बच्चा पहले दिन स्कूल में आता है तो वह कोरा नहीं होता। उसके पास लगभग पांच हजार शब्दों की स्मृति अपने नजरिए से उनके अर्थों के साथ होती है। वह मोटे तौर पर उनके रूपएगुण स्वभाव से भी परिचित होता है। मसलन वो गरम तवे को जानता है। एक बार छूने से मिले उसके स्वभाव से परिचित है। वह चायए दूध और दवाई की गंध को स्वादानुसार पहचानता है। भले ही आप उसका रंग एक कर दें या एक जैसे पात्र में दे दें। वह कटोरीए गिलासए चम्मच और थाली को उनके आकार के हिसाब से पहचानता भी है और जानता भी है कि किस पात्र को किस काम में लाया जाता है। मसलन अगर आप चाय के लिए बरतन मांगेगे तो वह गिलास या कप ही लाएगाए थाली नहीं। कुल मिलाकर हम यह कह सकते हैं कि बच्चे के लिए भाषा शिक्षण कक्षा का हिस्सा बाद में बनता हैए पहले वह घर में ही दुधबोलीे से अपनी भाषा का नजरिया बनाने लगता है।
अब शिक्षक पर है कि वो कोर्स की किताबी दुनिया से बाहर हट कर भी भाषा शिक्षण के तकनीकी पक्ष को छोड़ते हुए बच्चे की भाषाई योग्यता में विकास कैसे करे। मसलन हम कहानी के उसी छोटे से अंश के पहले वाक्य से शुरू करते हैं। ष्लाली लोमड़ी जंगल में घूम रही थीए तभी उसे एक जिराफ अंगूर तोड़ता दिखाई दिया।ष् हम चर्चा कर सकते हैं। विस्तार के लिए सवाल बना सकते हैं। मसलनए जानवरों के क्या.क्या नाम रखे जा सकते हैं। बच्चे जो भी नाम बताएंगेएसबको सही माना जाना चाहिए। वे संज्ञा भी बता रहे हैं। लोमड़ी मांसाहारी जीव है। मांसाहारी जीव और कौन.कौन से हो सकते हैं। यह चर्चा थोड़ी सी जटिल हो सकती है। सभी बच्चे मांसाहारी.शाकाहारी जंतुओं की पहचान नहीं कर पाते। इसे विस्तार में ले जाया सकता है। बच्चे जीव विज्ञान के साथ.साथ यहां पर्यावरण पर भी अपनी समझ बढ़ाते हैं। इसी वाक्य में नामएवस्तुएस्थान आदि से संज्ञा के दर्जनों उदाहरण देकर विस्तार किया जा सकता है। जंगल शब्द पर तो असीमित चर्चा और गतिविधियां कराई जा सकती है। जंगल पर चर्चा करते हुए हम बच्चों में संज्ञाए सर्वनामए विशेषण की समझ को पुख्ता बना सकते हैं। जिराफ की चर्चा कर बच्चों को कल्पना की दुनिया की सैर कराई जा सकती है। विज्ञान और पर्यावरण से जोड़ते हुए हम जीवों की शारीरिक बनावट पर भी असीमित चर्चा करा सकते हैं। इसी एक वाक्य के इर्द.गिर्द हम बच्चो को लोमड़ीए लाली से लाल और अन्य रंगों की पहचान के चित्रों का संकलनएजंगलएजिराफएअंगूर के साथ.साथ अन्य फलों के चित्रों का संकलन और उन्हें बनाने की दिशा में बच्चों को ले जा कसते हैं। सिर्फ एक ही वाक्य के शब्दों से कई वादनों तक भाषा शिक्षण कराया जा सकता है।
मेरा मानना है कि भाषा शिक्षण को व्याकरण ग्रहण.प्रयोग और उसकी परिभाषा के बंधन से तोड़ने की जरूरत है। उच्च प्राथमिक कक्षाओं तक तो उसे व्याकरण के तकनीकी पक्ष से मुक्त ही रखना चाहिए। उच्च कक्षाओं में वो भाषा के बंधनों को आसानी से खोल लेगा। पहले बच्चों को उसके प्रयोग की खुल कर आजादी देने की जरूरत है। वह बाद में जान ही लंेगे कि वे बहुधा बातचीत में.लेखन में व्याकरण का प्रयोग ही करते आए हैं। इसी पहले वाक्य से हम बच्चों को नए वाक्य लिखने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। जैसे जंगलए अंगूरए दिखाई के सहारे बच्चों को कहा जा सकता है कि वे दो.दो वाक्य बनाएं। सामूहिक रूप से भी श्यामपट्ट पर इसे विस्तार दिया जा सकता है। यही नहीं अर्थों वाले शब्द भी छांटकर लिखवाएं जा सकते हैं। जैसेए मुसकराकरए मजाक। भाषाई विस्तार के लिए बच्चों को प्रेरित किया जा सकता है कि वे जंगलए जिराफए अंगूर पर चार.छह पंक्तियां लिखिए। ;ष्ष्ष्ष्द्ध अंश में विराम चिह्न भी आएं हैंए इसकी सहायता से विराम चिह्नों की जानकारी और अभ्यास कराया जा सकता है। स्वाद और भाव पर भी व्यापक चर्चा कराई जा सकती है।
इस छोटे से अंश में रचनात्मकता के भी खूब अवसर हैं। अंगूर को फलों के साथ जोड़ते हुए अन्य बच्चों के आस.पास पाये जाने वाले फलों की सूची बनवाई जा सकती है। उन्होंने जिन वृक्षों को देखा हैए वे उनके नाम लिख सकते हैं। वे जिन जानवरों को रोजमर्रा के जीवन में देखते हैं। उनके बारे में भी लिखवाया जा सकता है। रचनात्मकता की तो कोई सीमा ही नहीं है। लाली लोमड़ी और जिराफ को आधार बनाकर संवाद शैली में बच्चों से बहुत कुछ लिखवाया जा सकता है। अभिनय करवाया जा सकता है। कक्षा को कुछ समूह में बांटकर इसी अंश को आधार मानकर नई कहानी लिखवाई जा सकती है। समूह कक्षा के स्तर से छोटे.बड़े हो सकते हैं।
हमने यहां बातचीत को जो विस्तार दिया हैए वह सिर्फ साभार लिए गए कुल बयालीस शब्द के अंश भर से हो पाया है। संभावनाएं असीमित होती हैंए बस जरा सी रचनात्मकता भर से हम कुछ भी बेहतर करने की दिशा में पहला कदम तो बढ़ा ही सकते हैं।
भाषा शिक्षण के लिए केवल व्याकरण की पुस्तक ही हो हमारे पास या पाठ्य पुस्तक के प्रश्न.अभ्यास के सहारे ही भाषा शिक्षण होए यह जरूरी नहीं। कक्षा.कक्ष में टंगे पोस्टरए चित्रादिए सूक्तियों के सहारे ही नहींए मेजएकुर्सीए श्यामपट्टए चाॅकए बस्ताए काॅपीए किताबेंए छात्र.छात्राएं ;जो कुछ भी कक्षा.कक्ष के भीतर हैद्ध आदि से हम भाषा की समझ बना सकते हैं। मैं तो यहां तक समझता हूं कि यदि कक्षा में चालीस छात्र.छात्राएं हैंए तो संभवतः उनके नाम भिन्न होंगे। माता.पिता के नाम। उनके घर.गांव.मुहल्ले आदि। इन सभी का संकलन.लेखन कराते हुए हम भाषायी दक्षताएं भी हासिल कर सकते हैं। यही नहीं बच्चे समूह में प्रोजेक्ट कार्य भी कर सकेंगे। एक कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे एक.दूसरे के परिवार के बारे में भी जान सकेंगे। यह संभावना असीमित है कि शिक्षक क्या.क्या करा सकता है।
.मनोहर चमोली मनु